Page 247

लापता बालक-बालिका बरामद

0

गोपेश्वर, चमोली जिले के एक गांव के भागे नाबालिक बालक व बालिका को पुलिस ने 15 घंटों के अंदर खोज निकाला है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार चमोली जिले के एक गांव से एक बालिका जो पेपर देने के लिए घर से निकली थी लेकिन देर सांय तक जब घर नहीं लौटी तो काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

वहीं इसी क्षेत्र से एक नाबालिक बालक भी घर से लापता होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने दोनों को खोजने के लिए सर्च आपरेशन चलाया। काफी खोजबीन के बाद दोनों को रविवार को क्षेत्र के पास के ही एक कस्बे से बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों के ही परिजनों को उनके बच्चों के मिलने की सूचना दे गई है। 

रेप के बाद हत्या के मामले में नया खुलासा, नहीं हुआ गैंग रेप

0

गदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुरी में सहपाठी की हत्या के आरोपी ने भी हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस अब इस मामले में एक अन्य युवक व एक किशोरी की भूमिका की जांच कर रही है। घटना की रिपोर्ट बलात्कार एवं हत्या की धाराओं में दर्ज की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र ने थाने में डेरा जमा रखा है। उन्होंने मृतका के परिजनों से बात करके उन्हें समझाया। एसएसपी डा. सदानंद दाते ने आरोपी की मौत होने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस की जांच में गैंगरेप होना नहीं पाया गया है।

गौरतलब है कि गत दिवस अमरपुरी गांव में 12वीं की छात्रा की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। हत्या करने वाले युवक कमलजीत के घर से छात्रा का शव बरामद हुआ था। कमलजीत ने भी सल्फास खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, उसे पहले गदरपुर अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। सूत्र बताते हैं कि कमलजीत ने अपने बयानों में हत्या व शारीरिक संबंध बनाने की बात भी स्वीकारी। यह भी कहा कि शादी से इंकार करने पर उसने हत्या की, कमलजीत ने उपचार के दौरान रविवार की सुबह आठ बजे दम तोड़ दिया। उसका शव हल्द्वानी मोरचरी में रखवाया गया है।

उधर, मृतका के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी नाबालिग पुत्री घर से चौहान कालोनी में ट्यूशन पढऩे गई थी, उसी के साथ गांव का कमलजीत सिंह भी पढ़ता था। कमलजीत की दोस्ती विशाल ठाकुर निवासी गदरपुर से है, उसकी पुत्री जब घर नहीं लौटी तो वह तलाश करने निकला तो करीब दो बजे सुनील व राजेंद्र ने उन्हें उनकी बेटी को कमलजीत व विशाल ठाकुर के साथ बाइक पर जाते देखा था। वह बेटी को तलाश करते हुए कमलजीत के घर पहुंचा तो उसकी लाश वहां नग्नावस्था में मिली, कहा कि बेटी के साथ बलात्कार किया गया। उसके सिर व गले पर चोट के निशान थे। कहा कि एक अन्य लड़की भी मौके पर मिली, जिसके पास से बेटी का मोबाइल मिला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, रविवार को मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना से गांव में अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। रविवार की सुबह मृतका के परिजनों ने मीडिया के लोगों से भी नाराजगी जताते हुए कहा कि यह प्रेम प्रसंग का मामला नहीं है।

दून की छवि खराब कर रहे नशा तस्कर

0

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून शिक्षा का हब माना जाता है लेकिन अब यहां नशा और विभिन्न आपराधिक तत्वों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। यह हम नहीं कह रहे, बल्कि पुलिस के आंकड़े इसकी गवाही कर रहे हैं। जिले में नशा तस्करी व अन्य आपराधिक गतिविधियां पुलिस के लिए आज भी चुनौती बनी हुई है। हालांकि देहरादून पुलिस ने वर्ष 2017 में नशा तस्करी से संबंधित विभिन्न कार्रवाई के तहत 539 व्यक्तियों को गिफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

नशा तस्करों का टरगेट युवा
जिले में सक्रिय नशा तस्कर यहां शिक्षा ग्रहण करने आ रहे युवाओं को अपना निशान बनाते हैं। दूसरे राज्यों, जिलों से स्मैक, चरस, गांजा आदि लाकर यहां के शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे युवाओं को सप्लाई करते हैं। पुलिस के मुताबिक ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें यहां पढ़ाई कर रहे छात्र ही नशा सप्लाई के कारोबार संलिप्त पाये गए हैं।

सोशल मीडिया संपर्क का मध्यम
पिछले दिनों कोबरा गैंग के गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के मुताबिक नशा तस्कर युवाओं से वाट्सअप, फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से अपने ग्राहकों से स्मैक की बुकिंग करते हैं। इसके बाद माल को बुकिंग के अनुसार पर्चियां/पैकेट बनाकर अलग-अलग टीमें तैयार कर ग्राहकों को सप्लाई करते हैं। पुलिस से बचने के लिए पहले स्कूटी से पूरे रोड की रैकी करते है और रूट क्लीयर करने के पश्चात् दूसरा व्यक्ति माल की डिलीवरी करते हैं। इस दौरान कोई भी किसी से मोबाइल पर वार्तालाप नहीं करता है।

नशा के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और आंकड़े
एसएसपी ऑफिस से प्राप्त आंकड़े बताते हैं कि राजधानी में इस वर्ष अब तक कुल 86 किलो 971 ग्राम चरस, 04 किलो 532 ग्राम स्मैक, 11 किलो 283 ग्राम अफीम, 100 ग्राम हेरोइन, 70 किलो गांजा, 73 किलो 200 ग्राम भांग पत्ती, 128 किलो डोडा पोस्त, 16855 नशीली गोलियां, 6647 नशीले इंजेक्शन, 20867 नशीले कैप्सूल, 08 एलएसडी बरामद हुई है। जिसमें कुल 391 अभियोग पंजीकृत किये गये, जबकि 539 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

सहकारिता के क्षेत्र में प्रदेश होगा अग्रणीः सीएम

0

हल्द्वानी, प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में उत्तराखंड को देश में अग्रणीय बनाया जाएगा। इसके लिए किसानों के आर्थिक विकास की दिशा में कई स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की आय दुगनी होगी तो समूचा सूबा विकास की नई बुलंदियों को छूएगा।

सीएम श्री रावत एमबी इंटर कालेज परिसर में बतौर मुख्य अतिथि किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी सूबे की रीढ़ होते हैं और इसके लिए सरकार सदैव उनके आर्थिक स्तर को बेहतर बनाने के प्रति संजीदा रहेगी। इस दौरान पूर्व सीएम ने सर्वप्रथम पंडित दीन दयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजनान्तर्गत आयोजित कार्यक्रम का दीप  प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। तत्पश्चात सभी विधायकों और पार्टी नेताओं ने मुख्य अतिथि श्री रावत का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस दौरान

सीएम श्री रावत ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत कई किसानों को चेक वितरित किए। इस योजना में करीब नैनीताल जिले के आठ ब्लाकों के 32 किसानों को एक एक लाख के चेक दिए गए। कार्यक्रम में जिले के आठ हजार काश्तकारों को सरकार का ऋण देने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सूबे में 27 लाख परिवारों को स्वास्थ्य बीमा योजना से जोड़ा जाएगा। सूबे में 173 नए चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके अलावा 700 नई नर्सों की तैनाती की तैयारी की जा रही है। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए सूबे को 65 नई एंबुलेंस दी जा रही है। जिसके चलते आगामी तीन माह के भतीर सूबे के अधिकांश अस्पताल सुविधा संपन्न हो जाएंगे।। उन्होंने कहा कि पांच साल के भीतर सूबे में भ्रष्टाचार का खात्मा कर दिया जाएगा। कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद दलालों, खनन माफियाओं, भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसी गई है।

खत्म हुआ ग्रिटिंग्स कार्ड का संसार

0

काशीपुर, महंगे एंड्रॉइड मोबाइल के चलन ने नव वर्ष पर गुलजार होने वाले ग्रिटिंग्स कार्ड के बाजार को ध्वस्त कर दिया है। नव वर्ष के कुछ दिन पूर्व बाजार में ग्रिटिंग्स की अलग से दर्जनों दुकानें सजी दिख जाती थी। बच्चों के साथ युवाओं में भी अपने दोस्त रिश्तदारों को कार्ड भेजने के चलन ने अभी गति ही पकड़ी थी, कि मोबाईल ने गिटिंग के चलन को ही बंद होने पर मजबूर कर दिया।

डेढ़ से दो दशक पूर्व तक नव वर्ष पर ग्रिटिंग्स कार्ड की ही सबसे अधिक पूछ होती थी। किस दोस्त ने कार्ड भेजा, किसका कार्ड कितना महंगा और कितना आकर्षक था। लेकिन, कुछ साल के राज के बाद ही बाजार में एंड्रॉइड फोन का चलन तेज हुआ। पिछले तीन-चार साल में यह सेट सामान्य लोगों तक गांव-गांव पहुंच गया। नतीजा, लोग नव वर्ष की शुभकामना के लिए ग्रिटिंग्स कार्ड को भूल गए, बाजार में इसकी दुकानें भी कम हो गई।

नया साल आने पर महंगे मोबाइल सेट के मैसेंजर, व्हाट्सअप, मैसेज, वीडियो कॉल आदि के माध्यम से अपने लोगों को शुभकामना दे रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि वह पिछले कई साल से इसकी दुकान चला रहा है। अब से दस साल पूर्व तक महीने भर पहले से इसकी मांग तेज हो जाती थी। खरीदारी में भी सभी वर्ग शामिल था। लेकिन, अब स्थिति पूरी तरह बदल गई है। ग्रिटिंग्स का सर्वाधिक प्रयोग करने वाले हर मध्यमवर्गीय परिवार में स्मार्ट फोन पहुंच गया है। अब उन्हें कार्ड की जरूरत नहीं है। बस कुछ बच्चे, जिनके पास मोबाइल नहीं है वही कार्ड खरीदने पहुंच रहे हैं।

नव वर्ष पर सीएम ने दी बधाई, सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईंं

0

देहरादून, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश की जनता को नव वर्ष की बधाई दी है। साथ ही उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शुमार हो इसके लिए राज्यहित में अनेक निर्णय लिये गए हैं।

मुख्यमंत्री रावत ने रविवार को प्रदेशवासियों को नववर्ष 2018 की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गैरसैंण हमारे लिए राज्य की अस्मिता से जुड़ा प्रश्न है। गैरसैंण में सरकार ने पहली बार विधानसभा का शीतकालीन सत्र आयोजित कर राज्य के समग्र विकास की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए हैं। केदारनाथ के पुननिर्माण के लिए केदारनाथ उत्थान चैरिटेबल ट्रस्ट का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकसेवकों के स्थानांतरण में पारदर्शिता लाने और सरकारी मशीनरी को सुदृढ़ करने के लिए ट्रान्सफर एक्ट बनाया गया है। पारदर्शी, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की दिशा में कदम बढ़ाते हुए सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई। मानचित्र स्वीकृत कराने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने में एमडीडीए देहरादून में अॉनलाइन भवन मानचित्र स्वीकृत प्रणाली आरम्भ की गई है। सरकारी कार्यों में गतिशीलता व पारदर्शिता लाने तथा जनता को सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सीएम डैशबोर्ड तैयार किया गया है। इसमें जनसेवाओं को पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कृषि एवं ग्राम्य विकास के लिए किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से कृषकों को दो प्रतिशत ब्याज पर एक लाख तक का ऋण उपलब्ध कराने हेतु पं. दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना शुरू की गई है। अब तक लगभग एक लाख किसानों को सस्ता ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे है। 13 जिलों में 13 नए पर्यटन गंतव्य बनाए जा रहे है। वर्ष 2017 में लगभग 22 लाख से अधिक पर्यटक चारधाम यात्रा में आए। प्रदेश में अधिक से अधिक पर्यटक आएं इसके लिए केदारनाथ-बद्रीनाथ के सौन्दर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क एवं रेल परिवहन की मजबूती के साथ ही गढ़वाल एवं कुमांऊ को जोड़ने वाला कंडी मार्ग का निर्माण सरकार की प्राथमिकता में है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल मार्ग, देवबन्द-रुड़की रेल मार्ग का निर्माण राज्य के विकास में और अधिक गति प्रदान करेगा। चारधाम आल वेदर रोड का कार्य प्रगति पर है। शहरी विकास के अन्तर्गत देहरादून को स्मार्ट सिटी एवं माॅडल सिटी बनाने की दिशा में कार्य आरम्भ किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में खुले में शौच मुक्त करने में उत्तराखंड देश का चौथा राज्य बन गया है। 2018 तक 92 शहरी निकायों को ओडीएफ बनाने का लक्ष्य है। 

नाम बदलकर रिलीज हो सकती है ‘पद्मावती’, मिल सकता है यू.ए प्रमाणन

0

नई दिल्ली, लंबे समय से विवादों में घिरी रही फिल्म पद्मावती को केन्द्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने कुछ बदलाव करने का सुझाव दिया है जिसमें फिल्म का शीर्षक ‘पद्मावती’ से बदलकर पद्मावत करना शामिल है। इन बदलावों के बाद फिल्म को यूए सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

पद्मावती को प्रमाणन देने के लिए सेंसर बोर्ड ने 28 दिसंबर को अपनी जांच समिति की बैठक की। बैठक में सीबीएफसी अधिकारियों के साथ नियमित जांच समिति के सदस्यों और अध्यक्ष प्रसून जोशी की उपस्थिति में एक विशेष सलाहकार पैनल भी शामिल था। बैठक में फिल्म के निर्माता और सोसाइटी को ध्यान में रखते हुए फिल्म को एक संतुलित दृष्टिकोण की तरह पेश किए जाने पर सहमति बन गई। बैठक में सीबीएफसी द्वारा गठि‍त पैनल में उदयपुर पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़, जयपुर यूनि‍वर्सिटी के डॉ चंद्रमणी सिंह और प्रोफेसर के.के. सिंह शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि फिल्म पद्मावती को कुछ राजपूत घराने और करणी सेना ने आरोप लगाया था कि फिल्म में रानी पद्मावती और अलाउद्दीन खिलजी के बीच ड्रीम सीक्वेंस दर्शाए गए हैं। साथ ही फिल्म का एक गाना घूमर को लेकर भी विवाद था कि पहले की रानियां पुरुषों के सामने नाच गाना नहीं किया करती थीं। हालांकि फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली ने एक वीडियो जारी कर इन सभी आरोपों को खारिज किया था।s

नहीं थम रहा रायवाला क्षेत्र में गुलदार के हमलों का दौर

0

ऋषिकेश, अभी 3 दिन पहले मोतीचूर में दो गुलदार पकड़कर वन विभाग अपनी पीठ थपथपा ही रहा था कि रायवाला क्षेत्र में गुलदार ने एक और युवक को अपना निवाला बना दिया। आपको बता दें कि यह बीते 3 साल में रायवाला क्षेत्र में सक्रिय गुलदार के हमले की सोलवीं घटना है जिस क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है पुलिस और वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है और नरभक्षी गुलदार को चिन्हित करने के प्रयास कर रही है।

गुलदार के हमले में मारे गए युवक का नाम सुनील पुत्र खेम सिंह है जो कि रायवाला गांव का ही निवासी है जो आज सुबह 6:00 बजे करीब जंगल में शौच के लिए गया था बीते 1 महीने में गुलदार के हमले की है तीसरी घटना है जिसमें वन विभाग जिसमें वन विभाग कुछ भी करने में नाकाम रहा है

नए साल के इंतजार में जश्न को बेसब्र दूनवासी

0

देहरादून। खट्टी मीठी यादों के साथ यह साल विदा होने वाला है। बस रविवार का दिन बचा है। नए साल के इंतजार में पलक-पांवड़े बिछाए दूनवासी इस आशा के साथ बेसब्र हुए जा रहे हैं कि यह वर्ष जीवन में ढेरों खुशियां लेकर आएगा। वर्ष 2018 के लिए इस्तकबाल और वर्ष 2017 के विदाई की बेला पर दून में जमकर धमाल होगा और हर ओर उल्लास ही उल्लास दिखेगा।

हर कोई अपने-अपने अंदाज में जश्न की तैयारियों में जुटा है। शहर में एक दर्जन से ज्यादा होटल, लांज, रेस्तरां आदि में पार्टी आयोजित की गई गईं हैं। कहीं लिमिटेड तो कहीं अनिलिमिटेड खाना और जाम होंगे। बच्चों, महिलाओं की प्रतियोगिता होंगी तो कहीं डीजे की धुन पर सब जश्न में चूर होंगे। इसके अलावा भी काफी कुछ ऐसा होगा, जिससे यह रात यादगार बन जाएगी।
गुदगुदाएंगे कॉमेडियन वीआईपी
हरिद्वार बाईपास स्थित सॉलिटियर होटल के प्रबंधक दीपक रौतेला ने बताया कि थर्टी फर्स्ट की पार्टी में जाने-पहचाने कॉमेडियन वीआईपी की प्रस्तुति होगी और तनुरा डांस भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

लाइव सिंगिंग और ढोल
चकराता रोड स्थित डगआउट लांज के संचालक सचिन कर्णवाल ने बताया कि डीजे विनायक अपनी बीट पर लोगों को झुमाएंगे। शिवांग और प्रिंस लाइव सिंगिंग करेंगे। उल्लास को और बढ़ाने के लिए ढोल भी रहेगा। लोग ऐसी पार्टियों में जाने को ही वरियता दे रहे हैं। लगातार लोग रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।

डीजे खुशी झुमाएंगी
जीएमएस रोड स्थित होटल सैफरॉन लीफ में डीजे खुशी और दक्ष बैंड पार्टी में चार चांद लगाएंगे। यहां पार्टी कसीनो स्टाइल में होगी। ब्लैक एंड रेड ड्रेस कोड भी रखा गया है। प्रबंधक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि करीब 150 तरीके फूड आइटम होंगे और पार्टी रात आठ बजे शुरू हो जाएगी।

खास डिश और सप्राइज गिफ्ट
राजपुर रोड स्थित मधुबन होटल में कपल डांस समेत कई प्रतियोगिता होंगी और सप्राइज गिफ्ट भी दिए जाएंगे। साथ ही अफ्रीका के शेफ कई ऐसी डिश बनाएंगे, जिसका स्वाद शायद ही किसी ने पहले चखा हो और डीजे तो रहेगा ही।
यहां भी मनेगा जश्न
शहर के हरिद्वार रोड स्थित जेएसआर कांटीनेंटल, क्यूबी लांज, जीआईपी राजपुर रोड, वसंत विहार स्थित हॉट स्पॉट रेस्तरां, आईएसबीटी के समीप ब्ल्यू व्हेल रेस्तरां, जीएमएस रोड स्थित औरा किचन एंड स्पिरिट्स में भी पार्टी होगी।
प्रतियोगिताएं भी होंगी
कॉलोनियों में रेजीडेंस वेलफेयर सोसाइटी ने भी 31 दिसंबर की रात को यादगार बनाने की पूरी तैयारी हैं। बच्चों, महिलाओं की प्रतियोगिता होंगी तो ढोल की थाप पर भांगड़ा और डीजे की बीट पर डांस भी खूब होगा।
सोशल मीडिया पर एडवांस बधाइयां
फेसबुक, वाट्स एप पर नववर्ष की एडवांस शुभकामनाएं देने का सिलसिला कई दिनों से चल रहा है। साथ ही विभिन्न वेबसाइट पर नववर्ष के आकर्षक डिजिटल ग्रिटिंग कार्ड्स के साथ संदेश भी उपलब्ध हैं। बस कार्ड डाउनलोड और संदेश कॉपी कर पेस्ट करें और अपनों को शुभकामनाएं भेज दें।
घरों में भी होगी पार्टी
जो किन्हीं कारणों से बाहर जाकर पार्टी नहीं कर सकते, वो घर ही इस रात को यादगार बनाएंगे। तरह-तरह के पकवान तो बनेंगे ही काडर््स यानी ताश, कैरम आदि खेलकर एंजॉय करेंगे। इंदिरा नगर निवासी सीमा छाबड़ा ने बताया कि वह हर साल 31 दिसंबर को नई-नई डिश बनाती हैं। इस बार भी प्लानिंग की है और आयोजन को नाम दिया है हाउस पार्टी। सिर्फ इतना ही नहीं, डांस के लिए म्यूजिक सिस्टम भी तैयार है।
…और रंगीन हो जाएगा आसमां
जैसे ही रविवार रात 12 बजेंगे, समूचा आसमां आतिशबाजी से रंगीन हो जाएगा। लोगों ने विशेष रूप से इस दिन के लिए आतिशबाजी की खरीददारी की है।

भौतिक व आर्थिक प्रगति को जानने के लिए एमडीडीए लगाएगा साफ्टवेयर

0

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिरकण में परियोजनाओं की भौतिक व आर्थिक प्रगति को तत्काल जानने के लिए प्रोजेक्ट फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम साफ्टवेयर लगाया जाएगा। इस बाबत एमडीडीए उपाध्यक्ष डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने साफ्टवेयर लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

शनिवार को एमडीडीए में हुई बैठक में उपाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परियोजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति के बारे में समय पर नहीं पाता चल पाने के कारण काम प्रभावित होता है। इसलिए ऐसा सिस्टम बनाया जाना जरूरी है, जिससे परियोजनाओं का भौतिक व वित्तीय प्रगति की जानकारी तत्काल मिल सके। इसके लिए प्रोजेक्ट फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम साफ्टवेयर लगाया जाएगा। इस साफ्टवेयर से नेट बैंकिग भी की जा सकेगी। जिसकी सूचना संबंधित अधिकारी व संस्था को ई-मेल व एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। एमडीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि योजना प्रगति को संरक्षित करने के लिए मोबाइल एप भी विकसित किया जाएगा।