Page 242

डीएम के खिलाफ मुकदमा, धारा 144 पर न्यायालय की रोक

0

हरिद्वार, मातृ सदन में धारा 144 पर जिला न्यायालय ने रोक लगा दी है, मातृ सदन की ओर से डीएम व उनके गनर के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया। जिसमें मातृ सदन के ब्रह्मचारी दयानंद के 27 जनवरी को सीजेएम कोर्ट में बयान दर्ज होंगे।

एडीएम प्रशासन की ओर से बीते 29 दिसम्बर को मातृसदन के आसपास धारा 144 लागू की गई थी। मातृसदन के अधिवक्ता अरुण भदौरिया ने जिला जज की अदालत में एडीएम के नोटिस को चुनौती दी थी।  इस पर सुनवाई करते हुए जिला जज राजेंद्र सिंह ने एडीएम के धारा 144 के नोटिस पर स्टे दिया है, साथ ही एडीएम से तीन दिन में जवाब मांगा है। मातृ सदन के ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद की ओर से उनके अधिवक्ता अरुण भदोरिया ने सीजेएम कोर्ट में डीएम दीपक रावत व उनके गनर के खिलाफ वाद दायर किया है।

विदित हो कि 25 दिसम्बर को महामना मदन मोहन मालवीय की जयंती पर आयोजित समारोह में ऋषिकुल सभागार में कार्यक्रम के दौरान आत्मबोधानंद ने डीएम दीपक रावत को सम्मान देने का विरोध किया था। तथा विरोध में पर्चें उछाले थे। इसके बाद आत्मबोधानंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

मातृसदन ने जिलाधिकारी पर आत्मबोधानंद को कमरे में बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया था। मामले में अब सीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया गया है। मातृ सदन के अधिवक्ता अरुण भदौरिया ने बताया कि सीजेएम कोर्ट में दायर वाद में 27 जनवरी को अगली सुनवाई होगी। गंगा में खनन के खिलाफ मातृ सदन पिछले कई सालों से आंदोलन करता आ रहा है। 

सायरा बानों को है उम्मीद, जीतूंगी जंग

0

काशीपुर, ट्रीपल तलाक की जंग लडने वाली सायरा बानो को उम्मीद है कि राज्य सभा में भी ट्रीपल तलाक को लेकर बनने वाले नये कानून पर मुहर लगेगी और देश में ट्रीपल तलाक को लेकर नई क्रांति आयेगी। सायरा बानों से खास बातचीत करते हुए कहा कि लोक सभा में जिस तरह से पूर्ण बहुमत मिला है उम्मीद है कि राज्य सभा मे भी मुस्लिम महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ जरुर सभी साथ देंगे।

वहीं सायरा का परिवार पुरी बेसब्री से राज्य सभा के फैसले के इन्तजार में है। ट्रीपल तलाक का दर्द झेलने वाली सायरा ने अपने दर्द को अपनी कमजोरी नहीं बल्कि अपनी ताकत बनाया और ट्रीपल तलाक के खिलाफ अपनी जंग शुरु की, शुरुवाती दौर में भले ही सायरा को दिक्कतों का सामना करना पडा मगर जब निचली अदालतों से सायरा को कोी मदद नहीं मिली तो आखिर सुप्रीम कोर्ट ने सायरा बानों की याचिका पर सुनवायी की और एक एतिहासिक निर्णय लिया, जिसके बाद केन्द्र सरकार ने भी सायरा बानो का साथ दिया और पुरजोर तरीके से मुस्लिम महिलाओं के दर्द मं सरीख होकर उनको धार्मिक कुरीतियों से उभारने का काम किया, वहीं ट्रीपल तलाक पर बनने जा रहे नये कानून पर जहां लोक सभा में मुहर लग गयी उसके बात राज्य सभा की परीक्षा अभी बाकि है जहां से पुरे परिवार को उम्मीद है कि सकारात्मक निर्णय सामने आयेगा, वहीं सायरा बानों का कहना है कि, “ट्रीपल तलाक से साथ ही उनकी जंग अभी जारी रहेगी और बहु विवाह के साथ ही हलाला जैसी कुप्रथा के खिलाफ भी वो अपनी लडाई जारी रखेंगी।”

 सायरा बानों फिलहाल निचली अदालत में अपने बच्चों को पाने के लिए भी लडाई लड रही है, जहां अभी तक सायरा को सफलता नहीं मिली है, सायरा ढाई साल से अपने बच्चों से दूर है और उनसे दूरी का गम भी उनके दिल में रोज चुभता है। लेकिन उन्हे देश की न्यापालिका और सरकार से पुरी उम्मीद है कि उनको न्याय मिलेगा और उनके जैसी और भी कई महिलाओं को न्याय मिलेगा जो इस दर्द से जूझ रही हैं।

तीन गिरफ्तार, अवैध शराब बरामद

0

गोपेश्वर, चमोली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से अवैध शराब बरामद की गई है। अभियुक्तों के पास कुल 216 बोतल और 96 पव्वे शराब के बरामद हुए है। जिनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली कर्णप्रयाग ने बद्रीनाथ हाईवे पर डाट पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान हरियाणा निवासी धर्मपाल की कार से 180 बोलत अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। थराली थाना पुलिस ने थराली के तलवाडी में धर्माराम के पास से 24 बोतल तथा कुराड गांव के पास से दिग्पालराम से 96 पव्वे तथा 12 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पकड़े गये सभी अभियुक्तों पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। 

उत्तराखंड में वनों के जीर्णोंधार के जनक हैं ग्रीन अम्बेसडर “जंगली जी”

0

उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग जिले के कोट मल्ला गांव में रहते हैं।जगत सिंह सीमा सुरक्षा बल के पूर्व सैनिक रह चुके हैं जो अब जंगली के नाम से मशहूर है। जगत सिंह हिमालय की गोद में पले-बढ़े और सन् 1968 में सीमा सुरक्षा बल में शामिल होने का फैसला किया। एक गढ़वाली किसान के परिवार में पैदा होने की वजह से बचपन से ही उनका जुड़ाव प्रकृति से तो था ही पहाड़ो के लिए भी उनका प्रेम अतुल्यनीय था।1973 में जब वह अपने परिवार से मिलने के लिए पहाड़ों पर लगभग छः किलोमीटर की चढ़ाई कर रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि एक महिला बुरी तरह से जख्मी हालत में थी जिसका पैर घास काटते हुए फिसल गया था और वह गिर गई थी। इस एक घटना ने उन्हें अंदर से झकझोर दिया। उन्होंने उस महिला की मदद तो कि ही लेकिन इस समस्या का स्थायी सामाधान ढूढने के लिए वो बेचैन हो उठे। उस महिला की परेशानी देखकर उन्होंने अंदाजा लगा लिया कि उनके गांव के अन्य लोगों को पहाड़ की खतरनाक चढ़ाई चढ़कर खाने के लिए लकड़ी लानी पड़ती है।

jagat singh pic 2

1974 से वह जब भी सर्दियों की छुट्टी में घर आते अपने पिता जी के दिए हुए उस बंजर जमीन के टुकड़े पर पेड़ पौधे और घास उगाने के लिए बेस तैयार करते। 1980 में उन्होंने अपनी वर्दी त्याग दी और पूरी तरह से उस बंजर जमीन को उपजाऊ बनाने में लग गए जिससे वो गांव वाली की मदद कर सके। उन्होंने उस बंजर जमीन के किनारों में तरह तरह के पौधे लगाए जैसे कि रामबन्स, सिवाली और नागफली (कैक्टस) जो उस जमीन में बाड़ की तरह काम कर सके।

जंगली जी द्वारा उपयोग किए जाने वाले अलग-अलग तरकीबों से पानी के स्त्रोत के साथ ही जैविक खाद भी बनाया जाता हैः

गढ़ढा यन्त्र तकनीक एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके कारण जल संरंक्षण एवे वनस्पति खाद आसानी से तैयार की जा सकती है। इस प्रक्रिया में मिश्रित वन के अन्दर 5 फीट लम्बा एवं 3 फीट चौड़े गढ़ढे खोद लिया जाते है और इनमें मिश्रित वन में जमा सड़ी पत्तियों को डाल दिया जाता है, और इसे मिट्टी से ढक दिया जाता हैै। वर्षा होने पर जल गढ़ढे के जरिये जमीन की निचली सतह तक चला जाता है और मिट्टी कटाव भी नही होता है। गढढे की उपरी सतह पर बीजों का अकुरण किया जाता है। कुछ समय बाद गढढे में डाली गयी पत्यिों को निकालकर जैविक खाद के रूप में प्रयोग किया जाता है। काफी मात्रां में ऐसा करने से पानी के स्रोत भी उत्पन्न हो जाते है।

जलवायु निर्माण (स्टोन टेक्नोलाॅजी) किसी भी स्थान की जलवायु को संतुलित रखने के लिए सुक्ष्म जलवायु का निर्माण किया जा सकता है। जिस प्रकार से ग्लोबल वार्मिग की दर बढ़ रही वही इस संतुलित करने के लिए सूक्ष्म जलवायु तैयार करना आवश्यक है। सूक्ष्म जलवायु निर्माण की (स्टोन टेक्नोलाॅजी) वह प्रक्रिया है, जिसे मिश्रित विन में तैयार किया गया है इस प्रक्रिया में पत्थरों में ब्रायोफाइट वंश के सूक्ष्म पौधे माॅस को जमा देते है, बारीक होने के कारण  इनमें पानी काफी समय तक जमा रह सकता है, इसका फायदा यह है, इन पौधों को पत्थरों में जमाकर पेड़ पौधों से लटका देते है जिससे समय पर जब हवा इनको होकर गुजरेगी तो वह ठण्डी हो जायेगी और वातावरण में नमी आ जायेगी, ऐसा करने से वातावरण ठण्डा हो जाता है, जिसकों सूक्ष्म जलवायु भी कहते है। जहाॅ कें बड़े मैदान होतें है। जिनकें कारण वहांहा तापमान ठण्डा रहता है, और हिमालयी ग्लेशियर भी संरंक्षित रहते है। स्टोन टेक्नोलाॅजी विधि सो उच्च हिमालयी पादपोंका संरंक्षण निमन्न भू- भाग में भी किया जा सकता है। सूक्ष्म जलवायु निर्माण से ही ग्लोबल वार्मिग को कम कर सकते है, ये तकनीकी किसी भी स्थान पर पत्थरों की दीवार बनाकर उनपर जमाकर लागू की जा सकती है।

jagat singh image 3

ऐसे बहुत से पर्यावरण संरक्षण के काम जगत सिंह चौधरी अपने स्तर पर कर रहे हैं लेकिन विकास के लिए उत्तराखंड में कांटे जा रहे हजारों पेड़े से जंगली जी भी आहत हैं।हिमालयी क्षेत्रों में पेड़ काटने को लेकर टीम न्यूजपोस्ट से बातचीत में पर्यावरणविद और उत्तराखंड के ग्रीन अम्बेसडर जगत सिंह चौधरी यानि जंगली जी ने कहा कि, “उत्तराखंड को पर्यावरण और विकास को साथ लेकर चलना होगा।विकास कौन नहीं चाहता,अच्छी सड़के कौन नहीं चाहता लेकिन उसके लिए जंगलों को निर्ममता से काटना कोइ विकल्प नहीं।हिमलाय पहले से ही संवेदनशील है।भूकंप जोन में पांचवे स्थान पर आने वाला प्रदेश है,ब्लासटिंग और लैंडस्लाइडिंग में भी उत्तराखंड का नाम काफी ऊपर है।इसके साथ ही उत्तराखंड की नदियां सूख रहीं,जल स्तर गिर रहा और अब यह योजनाओं के लिए जंगलों का काटना पर्यावरण के लिए नुकसानदेह है।जंगली जी ने कहा कि सरकार को अगर सच में विकास करना ही है तो इसके लिए नए सिरे से सोचना होगा और नई तकनीक विकासित करनी होगी जिसपर किसी का ध्यान नहीं जा रहा।” जंगली जी ने कहा कि, “अगर सच में उत्तराखंड को विकासित करना है तो आने वाली पीढ़ी के लिए पेड़ों को काटने से बेहतर विकल्प है पेड़ों को रिप्लानट करना यानि की एक जगह से पेड़ उठाकर दूसरी जगह लगाना।ऑल वेदर रोड में करोडो़ं का बजट खर्च होगा अगर थोड़ा सा बजट पेड़ों को रिप्लांट करने में किया जाएगा तो ऑल वेदर रोड के साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा भी कि जाएगी। जंगली जी ने कहा कि राज्य में पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की जरुरत है।विकास के नाम पर हम हिमालय को नुकसान नहीं पहुंचा सकते और एनजीटी भी इस मुद्दे पर कोइ ठोस कदम नहीं उठा रहा।”

आपको बतादें कि पर्यावरण मंत्रालय ने उनके मिक्सड एग्रो वन के महत्व को और उनके विकास कार्य़ को भी समझा। उनके इस योगदान को 1998 में भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने उन्हें राष्ट्रीय इंदिरा गांधी वृक्षमित्र पुरस्कार से नवाजा। सन् 2012 में उत्तराखण्ड के राज्यपाल अजीज कुरैशी ने उन्हें उत्तराखण्ड के ग्रीन अम्बेसडर की उपाधि दी। अपने कामों के लिये जगत सिंह को उत्तराखण्ड गौरव अवार्ड, गौरा देवी अवार्ड, पर्यावरण प्रहरी अवार्ड के साथ साथ कई सरकारी संगठनों, डिपार्टमेंट, और इंस्टीट्यूटों ने उन्हें 30 से भी ज्यादा पुरस्कारों से नवाज़ा है।

आज जगत सिंह जी की कड़ी मेहनत और लगन से उत्तराखंड में एक लाख से ज्यादा पेड़,और 60 से भी ज्यादा प्रजाति के जड़ी बूटी वाले पौधे हमारे बीच हैं।जगत सिंह के पास पर्इ्न्होयावरण को लेकर कोई डिग्री नही है लेकिन इतने सालों से वो भारत के उच्च विश्वविधालयों जैसे की दिल्ली युनिर्वसिटी, जेएनयू, जी.बी पंत इंस्टीट्यूट आफ हिमालयन इन्वारमेंट एंज डेवलेपमेंट, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविधालय,आदि में लेक्चर देते रहे हैं।

जगत सिंह का जीवन आज की पीड़ी के लिये मिसाल है इस बात की अगर मन में अपने समाज के लिये कुछ करने का जज्बा़ हो ते रास्ते अपने आप निकलते जाते हैं।

रिपोर्ट नहीं देने के मामले में ऊर्जा निगम को लगाई फटकार

0

देहरादून। लंबित बिजली कनेक्शन की रिपोर्ट नहीं देने के मामले में उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (यूईआरसी) ने सुनवाई की और ऊर्जा निगम के ‘बहानों’ पर तल्ख टिप्पणी करते हुए जमकर फटकार लगाई। साथ ही फैसला सुरक्षित रख लिया। इस मामले में आयोग की ओर से कड़ा आदेश आने की संभावना है।

आयोग के अध्यक्ष सुभाष कुमार ने कहा कि रेगलूेशन बने एक दशक हो चुका है, पर निगम इनका अभी तक पालन नहीं कर पा रहा है। यह गंभीर स्थिति है। पहले कम से कम तीन-चार महीने में लंबित कनेक्शनों की रिपोर्ट आ जाती थी, लेकिन हद है कि पिछले नौ महीने में एक बार भी रिपोर्ट नहीं दी गई। जबकि, हर महीने रिपोर्ट प्रस्तुत करने का प्रावधान है। इसी अंदाजा लग सकता है कि व्यवस्थाएं सुधर रही हैं, या बिगड़ रही हैं। आयोग ने सुनवाई में ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा और निदेशक परिचालन अतुल अग्रवाल से कनेक्शन समय पर जारी नहीं होने का कारण पूछा तो कहा गया कि फील्ड स्टाफ की भारी कमी है। आयोग ने कहा कि ये कोई तर्क नहीं हुआ, रेगूलेशन का पालन करते हुए उपभोक्ता को कनेक्शन समय पर देना निगम की जिम्मेदारी है। कई रिपोर्ट में कनेक्शन जारी करने में हुई देरी का कारण मीटर उपलब्ध नहीं होना अंकित किया है। क्या निगम मीटर का इंतजाम भी नहीं कर पा रहा। फिर, निगम के अधिकारियों ने कहा कि अगर जुर्माना माफ कर दिया जाए तो सुधार हो जाएगा। आयोग ने कहा कि ये तो अजीब बात हुई। जब जुर्माना लगने के बावजूद स्थिति और सुधरने के बजाय बिगड़ रही है, अगर माफ कर दिया तो फिर तो निगम बेलगाम हो जाएगा। कहा कि निगम प्रबंधन ने आजतक कोई ऐसी योजना नहीं बनाई, जिससे सुधार हो। बहाने बनाने के बजाय सिस्टम में सुधार की जरूरत है। इस दौरान यूईआरसी सचिव नीरज सती, निदेशक तकनीकी प्रभात डिमरी, निदेशक वित्त दीपक पांडे आदि मौजूद रहे। 

घर से भागी तीन छात्राओं को रेलवे स्टेशन से लौटाया

0

देहरादून। मां को पत्र लिखा और अपने-अपने घर छोड़कर मंगलवार को तीन छात्राएं भाग निकलीं। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में बिना रिजर्वेशन चढ़ने पर पुलिस को शक हुआ तो उन्हें पकड़ लिया।

letterएसओ जीआरपी दिनेश कुमार ने बताया कि देहरादून प्लेटफार्म संख्या तीन पर दिल्ली जाने के लिए खड़ी शताब्दी एक्सप्रेस में तीन छात्राएं चढ़ीं। ट्रेन में बिना रिजर्वेशन चढ़ने का शक होने पर प्लेटफार्म ड्यूटी पर नियुक्त हेड कांस्टेबल ने महिला आरक्षी निर्मला और अनीता को साथ लेकर तीनों से पूछताछ की। तीनों छात्राएं घबरा गईं। ट्रेन में रिजर्वेशन नहीं होने पर पुलिस ने तीनों से जीआरपी थाने लाकर पूछताछ की। तीनों ने बताया कि वे अपने-अपने घर से स्कूल जाने के बहाने भागकर आई हैं।
तीनों छात्राओं ने बताया कि वे रोजगार की तलाश और अपने पैरों पर खड़े होने की उम्म्मीद से अपने-अपने घर एक-एक पत्र छोड़कर निकली थीं। पुलिस ने तीनों छात्राओं के परिजनों को थाना बुलाया और बच्चियों को उनके सुपुर्द कर दिया। इस दौरान छात्राओं के घर से उनका छोड़ा गया पत्र भी बरामद हो गया। रायपुर थाना क्षेत्र निवासी तीनों छात्राओं में एक की उम्र 16 वर्ष जबकि दो लड़कियां चौदह-14 वर्ष की हैं।

पतंजलि का तेल जांच में फेल, ढ़ाई लाख जुर्माना

0

हरिद्वार। अपर जिलाधिकारी वित्त ललित नारायण मिश्रा द्वारा पतंजलि के सरसों तेल के सैम्पलिंग में फेल हो जाने पर लगाए गए जुर्माने के निर्णय को यथावत रखते हुए अपीलीय ट्रीब्यूनल ने पतंजलि की अपील को खारिज कर दिया है। इस मामले में कुल ढ़ाई लाख रुपये का जुर्माना किया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम हरिद्वार योगेंद्र पांडे ने पतंजलि के खाद्य पदार्थों की सैम्पलिंग पतंजलि की पदार्था यूनिट में की गई थी। मामला एडीएम वित्त एवं राजस्व मिश्रा की कोर्ट में जाने पर उन्होंने पतंजलि द्वारा सरसों तेल की पैकजिंग पर मिसब्राडिंग किए जाने को लेकर ढ़ाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। अपीलीय ट्रीब्यूनल ने पतंजलि पर पचास हजार रुपये जुर्माना करते हुए दो लाख का जुर्माना यथावत रखा है। साथ ही आरोपों को सही माना है।

लंदन में बैठकर डॉक्टर की पत्नी से ठगे 36 लाख

0

ऋषिकेश। लंदन में बैठकर कुछ लोगों ने ऋषिकेश के एक डॉक्टर की पत्नी को नेटवर्किंग के माध्यम से पार्टनर बनाने का झांसा देकर 36 लाख रुपये ठग लिए। साथ ही एक दर्जन और लोग भी इस गिरोह का शिकार हुए हैं।

मंगलवार को थाना कोतवाली ऋषिकेश के प्रभारी प्रवीण सिंह कोशियारी ने बताया कि चिकित्सक रहे स्व. केपी सिंह की पत्नी सुधा सिंह निवासी देहरादून रोड को लंदन से नेटवर्किंग के माध्यम से एक व्यक्ति ने व्यापारिक पार्टनर बनाए जाने के लिए फ्रेंडशिप भेजी थी। बीज का व्यापार करने के लिए साझीदार बनाने की बात कही गई। तय हुआ कि 30 ग्राम के पैकेट की कीमत 30 हजार रुपये होगी और बाजार में यह काफी मुनाफे के साथ बेचा जाएगा। इसके लिए उन्होंने कुछ और लोगों को भी अपने साथ जोड़ा था। इसके बाद जून से अब तक करीब 36 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इस बीच उनके पास 20 पैकेट भेजे गए थे। व्यापार को अच्छा देखकर उन्होंने शहर के अन्य लोगों को भी इससे जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। बाद में पता चला कि यह पूरा मामला धोखाधड़ी का है। कुछ दिन बाद बीज आने बंद हो गए। इस मामले में एक महिला भी है और नाइजीरिया से जुड़े इस गैंग में फ्रंट हैंड ली, मार्क एंडरसन, अमृतवारी का नाम सामने आया है। पुलिस ने सुधा सिंह की तहरीर पर जांच प्रारंभ कर दी है।

रविंद्र ने जीता दोहरा ख़िताब, बने मिस्टर ऋषिकेश और मिस्टर उत्तराखण्ड

0

ऋषिकेश,  उत्तराखंड बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के तत्वावधान मे आयोजित शरीर शौष्ठव प्रतियोगिता मिस्टर ऋषिकेश और मिस्टर उत्तराखण्ड प्रतियोगिता में तीर्थनगरी के बॉडी बिल्डर रविंद्र कुमार ने दोनों ख़िताब जीतकर न केवल इतिहास रचा, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि छोटे से शहर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है बस जरूरत है उन्हें उभारने की।

शरीर सौष्ठव की इस प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्ग के अंतर्गत खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कुल छह श्रेणियां रखी गयी थी, इनमें 50 से 55 किलोग्राम भार वर्ग में शाह मिंया प्रथम, तुषार गुरुंग द्वितीय, नवीन बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे, जबकि 56 से 60 किलो ग्राम भार वर्ग में प्रवेश प्रथम, राजा द्वितीय, सारिक शाह ने तृतीय स्थान प्राप्त। तीसरे राउंड में 61 से 65 किलोग्राम भार वर्ग में रविंद्र कुमार प्रथम, प्रवेज़ द्वितीय, अभिषेक चौरसिया को तृतीय स्थान मिला। 66 से 70 किलोग्राम भार वर्ग में अतुल त्यागी प्रथम, नैन सैफी द्वितीय, अज़ीम अली तृतीय स्थान पर रहे। 71 से 75 किलोग्राम भार वर्ग में अवनीश कुमार प्रथम, अनूप वर्मा द्वितीय, अतुल तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, 76 से 80 किलोग्राम भार वर्ग में सनोज प्रसाद प्रथम अनूप कुमार द्वितीय रहे।

शरीर शौष्ठव की अन्तिम दौर की कड़ी और फ़ाइनल प्रतियोगिता में मिस्टर ऋषिकेश का ख़िताब अपने नाम कर चुके देवभूमि, ऋषिकेश के बॉडी बिल्डर रविन्द्र कुमार ने मिस्टर उत्तराखण्ड का ख़िताब जीतकर तीर्थनगरी का नाम रोशन किया।निर्णायक मंडल के सदस्य विनोद जुगलान एवं ज्यूरी मिस्टर इंडिया रहे संजीव कुमार ने विजेता को प्रमाण पत्र जारीकर सम्मानित किया, जबकि आयोजक मंडल के अध्यक्ष राजीव थपलियाल ने ट्रॉफी प्रदान की। साथ ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी दीपक तिवारी ने ‘मिस्टर उत्तराखण्ड’ सोल्डर स्ट्रैप पहनाकर सम्मानित किया।

मुख्य निर्णायक प्रदीप ‘गुरु जी’ सहित बॉडी बिल्डिंग के प्रदेश महासचिव केके पालीवाल ने माल्यार्पण कर विजेता को शुभकामनाएं दी। मिस्टर उत्तराखण्ड की स्पर्धा में द्वितीय स्थान पर रहे रुड़की के मोहित सिंह को मोस्ट मस्कुलर मैन और तीसरे स्थान पर रहे अतुल त्यागी को चैम्पियन ऑफ़ चैम्पियन्स के ख़िताब से नवाजा गया। इससे पूर्व मुख्यातिथि के रूप में पधारे श्री कृष्णायन गौ रक्षाशाला हरिद्वार के महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वर दास जी ने बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव थपलियाल महासचिव के के पालीवाल और गढ़वाल मण्डल प्रभारी पर्यावरण विद विनोद जुगलान को युवाओं के मार्ग दर्शन करने के लिए सम्मानित किया।

पौड़ी डीएम ने लगाया सतपुली में जनता दरबार

0

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में जिला प्रशासन की पहल पर सतपुली तहसील में आयोजित जनता दरबार में लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष 20 दिनों से ठप पड़ी पेयजल आपूर्ति को लेकर असंतोष जताया। लोगों ने पानी की नियमित आपूर्ति को लेकर जल संस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर डीएम ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर पेयजलापूर्ति को बहाल करने के निर्देश दिए।
माह के प्रथम मंलगवार को सतपुली तहसील में जिलाधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष 15 शिकायतें दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। तहसील दिवस पर लोगों ने पेयजल मामलों से जुड़ी कई शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की पीएमजीएसवाई के अन्तर्गत निर्माणाधीन सड़क से ल्वार-खरकोटी पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जिससे लोगों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। डीएम ने लोनिवि को शीघ्र ही लाइन दुरुस्त कर पेयजल को सुचारु करने के निर्देश दिए। विकलांग कल्याण समिति के मनीष ने संयुक्त चिकित्सालय सतपुली में एक्स-रे तथा पैथोलॉजी समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। डीएम ने सीएमओ को अस्पताल में शीघ्र ही व्यवस्थाएं सुचारु करने के निर्देश दिए।
नयार घाटी विकास संगठन के जयदीप नेगी ने उप डाकघर सतपुली कार्मिकों की कमी से दैनिक कामों में आ रही परेशानियां जिलाधिकारी को बताई। उन्होंने डाकघर में तैनात एकमात्र कार्मिक के अलावा एक अन्य कार्मिक को तैनात करने की मांग उठाई। इस मौके पर विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने सतपुली मंदिर के समीप मांस की दुकान को हटाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मंदिर के समीप मांस की दुकान से गंदगी व प्रदूषण हो रहा है। जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष सतपुली तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी को तत्काल दुकान हटाने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम ने पुलिस प्रशासन को सतपुली क्षेत्रांतर्गत हो रहे अवैद्य खननों पर नकेल कसने के भी निर्देश दिए। सेवानिवृत्त तहसील कार्मिक भगवान सिंह तथा राजस्व निरीक्षक गिरीश चंद्र गौड़ ने लंबित देयकों का शीघ्र निस्तारण करने की गुहार जिलाधिकारी से लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने उप कोषाधिकारी व पटल सहायक को लंबित देयकों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर कमला देवी ने विद्युत कनैक्शन देने, कन्हैया लाल ने विपढ़न केंद्र में स्थान दिलाने, अनिल पंवार ने वर्ग 4 की मालगुजारी भूमि का मालिकाना हक देने की मांग उठाई।
कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी सुशील कुमार ने नगर पंचायत सतपुली के कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी विमल शाह को जैविक व अजैविक कूड़ेदान लगाने को कहा। कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, आजीविका मिशन व राजस्व विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारियां दी गई। इस मौके पर एसडीएम सतपुली सोहन सिंह सैनी, डीएफओ गढ़वाल लक्ष्मण सिंह रावत, डीसीएमओ एचसीएस मर्तोलिया, पीडी एसएस शर्मा, डीडीओ वेद प्रकाश, एपीडी सुनील कुमार, डीपीआरओ एमएम खान समेत विभिन्न विभागों को अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।