चकराता। आर्यसमाज मंदिर में भाजपा मंडल कार्यसमिति बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आजीवन सहयोग निधि के रूप में चकराता मंडल को 20 लाख रुपये का देने लक्ष्य दिया गया। बैठक से पूर्व प्रथम बार चकराता आए नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर का कार्यकर्ताओ ने ढोल व फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
रविवार के बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर ने कहा कि आजीवन सहयोग निधि कार्यक्रम 3 वर्ष में एक बार होता है व पार्टी से जुड़े हर कार्यकर्ता को इसमें अपना सहयोग अवश्य देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकरीयों को हर स्थिति में 26 तारीख तक यह लक्ष्य पूरा करना है। इसके बाद सभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा नेत्री मधु चौहान ने कहा कि प्रदेश की सरकार अभूतपूर्व कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जौनसार बावर की समस्याओं के हल के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार आने के बाद शिक्षा व परिवहन व्यवस्था में सुधार हुआ है साथ ही उनका अगला लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को ठीक करना है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह पर कटाक्ष करते कहा कि वह अपने हर भाषण में डबल इंजन की बात करते है। उनके पास तो पिछले कई वर्षों से जौनसार बावर में ट्रिपल इंजन है। ब्लॉक से लेकर विधानसभा में इनका प्रतिनिधित्व रहा है लेकिन वह फिर भी यहां के विकास में विफल रहे है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने 60 साल में कुछ नही किया वह लोग भाजपा सरकार से 9 महीने का हिसाब मांग रहे है। उन्होंने कहा कि विधायक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क की योजना को अपनी उपलब्धि गिनाते है यह जनता को जितना मूर्ख बना सकते थे बना लिया अब यहां के लोग इनकी चालो को समझ चुके है। आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता इन्हें वोट की चोट से खुद जवाब देगी। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष चन्दन चौहान प्रताप रावत यशपाल नेगी मूरतराम शर्मा सभासद छावनी परिषद आंनद राणा मोनिका अग्रवाल अनिल चांदना विवेक अग्रवाल तीर्थ कुकरेजा कविता जैन विद्यादत जोशी मौजुद रहे।
सहयोग निधि से चकराता मंडल को 20 लाख का देने लक्ष्य
कुरीतियों को समाप्त करने के लिए मिलजुल कर करना होगा कार्य: न्यायमूर्ति राजीव शर्मा
खटीमा। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिविर में लोगों को कानून के बारे में जानकारियां दी गई। इस दौरान शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गई।
रविवार को ऊधम सिंह नगर द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय मौहम्मदपुर भुड़िया में वरिष्ठ न्यायाधीश/अध्यक्ष उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायमूर्ति राजीव शर्मा की अध्यक्षता में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर न्यायमूर्ति राजीव शर्मा ने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज के लिए अभिशाप छुआ-छूत, भेदभाव, मादक पदार्थों का सेवन, घरेलू हिंसा, एसिड अटैक जैसी कुरीतियों एवं परम्पराओं को समाप्त करने के लिए समाज के सभी लोगों को मिल जुलकर कार्य करना होगा। हमें अपने आसपास के वातारण के साथ ही अपने विचारों को भी स्वच्छ रखना होगा ताकि हम अपना व अन्य किसी का शोषण न होने दें। उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति को कानून की जानकारी होना आवश्यक है ताकि वे अपने अधिकार पा सके। हम अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें जिससे सभी प्रकार के अपराध रुक सकें।
न्यायमूर्ति ने कहा कि बेटे तथा बेटियों में किसी भी प्रकार का भेदभाव न रखें तथा बेटियों की चिकित्सा व शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाये तथा बालिकाओं को आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त किया जाये। उन्होंने कहा कि जागरूक रहकर ही नागरिक विधि द्वारा दिये गये अधिकारों का भरपूर उपयोग बिना किसी बाधा के कर सकते है।
इस अवसर पर जिला जज प्राधिकरण भूपेन्द्र सिंह दुग्ताल ने कहा कि विधिक सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य जनता से संवाद स्थापित करते हुए जनता को दिये गये अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
प्रभारी जिलाधिकारी आलोेक कुमार पाण्डेय ने बताया कि भारत सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। बताया कि इस वर्ष जिला योजना की धनराशि से एलईडी बल्बों पर 20 रुपये का अनुदान देकर 60 हजार एलईडी बल्ब 50 रुपये प्रति बल्ब की दर से लोगों को उपलब्ध कराये जायेंगे।
कार्यक्रम में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रशांत जोशी, जिला राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अरुण वोहरा, एसएसपी सदानन्द दाते, जिला बार एसोसिएशन के खड़क सिंह आदि द्वारा भी सम्बोधित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर योजनाओ की जानकारी दी गई। वहीं सूचना विभाग के पंजीकृत दलो द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्चच्छता आदि पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किये गये।
इस मौके पर चिकित्सा विभाग द्वारा 170 मरीजों का परीक्षण व दवा वितरण किया गया। आयुष विभाग द्वारा 83 मरीजों का परीक्षण एवं सीतापुर नेत्र चिकित्सालय पीलीभीत द्वारा 306 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया। वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था के 70 फार्म भरे गये, जिसमें से 44 फार्म मौके पर ही स्वीकृत किये गये।
शिविर में 06 विधवा पेंशन, 15 विकलांग पेशन, 04 लोगों का ट्राई साइकिल वितरण, 01 को व्हीलचेयर, 05 लोगों को अटल आवास योजना की प्रथम किश्त एवं 11 विकलांग के बस पास बनाये गये। विद्युत विभाग द्वारा 12 लोगों के विद्युत कनेक्शन स्वीकृत किये गये एवं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 52 परिवार रजिस्टर की नकल व 67 बीपीएल प्रमाण पत्र जारी किये गये। कार्यक्रम का संचालन एडीजे भारतभूषण पाण्डेय द्वारा किया गया।
बेंगलुरु पहुंचे योगी ने कांग्रेस को देश के लिए बोझ बताया
लखनऊ/बेंगलुरु, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेंगलुरु में कहा कि कांग्रेस देश के लिए बोझ है, उन्होंने कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार पर भी कानून व्यवस्था को लेकर जमकर प्रहार किया।
योगी आदित्यनाथ कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु पहुंचे और भाजपा की परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान योगी ने कहा कि, “कर्नाटक की कानून व्यवस्था एकदम चरमरा गयी है, अकेले भाजपा के 22 कार्यकर्ताओं की निर्मम हत्या होना इस बात का संकेत है कि कर्नाटक की कानून व्यवस्था पटरी पर बिल्कुल नहीं है।” अपने संबोधन के दौरान योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में जबसे उनकी सरकार आयी है एक भी दंगे नहीं हुए।
उप्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र के अलावा भाजपा शासित राज्य सरकारें भी अच्छा कार्य कर रही हैं। पूरी दुनिया में भारत का नाम बढ़ा है। मोदी सरकार रोज नई-नई योजनाओं के साथ आगे बढ़ रही है।”
योगी ने देश के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार की वकालत की और कर्नाटक के लोगों से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में वहां भी भाजपा की बहुमत से सरकार बनायें। गौरतलब है कि गुजरात और हिमाचल जीतने के बाद भाजपा ने मिशन कर्नाटक शुरू कर दिया है। पार्टी ने इस मिशन में उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी लगाया है। योगी 22 दिसंबर को भी कर्नाटक गये थे। योगी कर्नाटक में भाजपा की परिवर्तन यात्रा में भी भाग लिए। कर्नाटक में उनका बार-बार का दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दिल्ली में 6 दिनों में 44 लोगों की ठंड से मौत
नई दिल्ली, एक ओर जहां नए साल से शुरू हुई ठिठुराने वाली ठंड प्रतिदिन नए रिकॉर्ड दर्ज कर रही है। वहीं दूसरी ओऱ राजधानी दिल्ली में पिछले 6 दिनों में 44 लोगों की मौत ठंड के कारण हुई है।

सेंटर फॉर होलिस्टिक डेवलपमेंट (सीएचडी) के अनुसार, अकेले जनवरी महीने में यानी इसी वर्ष 6 दिनों में 44 मौत और पिछले साल दिसम्बर तक 250 लोगों की मौत ठंड के कारण हुई है। नवंबर में मौत का ये आंकड़ा 264 रहा था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश की राजधानी दिल्ली में बेघरों की इस तरह हो रही मौत पर कई सवाल खड़े कर चुकी है। वहीं एक संस्था के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में ठंड से करीब 80 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में ठंड से हुई मौतों पर राजनीति भी शुरू हो गई है। रैन बसेरों की संख्या बढ़ाए जाने के बावजूद अब भी कई लोग सड़क किनारे सोते हुए देखे जा सकते हैं।
हरिद्वार में बढ़ी भिखारियों की तादाद, प्रशासन ने गिरफ्तार कर भेजा भिक्षुक गृह
हरिद्वार। हाड़-कंपाती इस सर्दी के मौसम में भी धर्मनगरी में सैकड़ों भिक्षुकों ने डेरा जमा रखा है। भिखारियों की बढ़ती इस तादाद को देखते पुलिस ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में अभियान चलाकर सभी महिला और पुरुष भिखारियों को भिक्षुक-गृह भेजा।
पुलिस ने इस अभियान को शुरू कर भारी मात्रा में भिखारियों को भिक्षुक गृह पहुंचाया। बतादें कि डीएम हरिद्वार दीपक रावत ने शुक्रवार को सभी भिखारियों को जेल भेजने के आदेश जारी किए थे। इस आदेश पर अमल करते हुए आज भिखारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एसडीएम हरिद्वार मनीष कुमार ने बताया कि प्रशासन लगातार इस तरह के अभियान चलाकर भिखारियों को भिक्षुक गृह भिजवाता है। हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए भिखारियों को गिरफ्तार कर भिक्षुक गृह में भेजा जाता है। हरिद्वार में दूसरे राज्यों से भी भिखारी आते हैं इसलिए यहां भिखारियों की संख्या बहुत ज्यादा है और इसी वजह से भिक्षुक गृह भी काफी छोटा पड़ जाता है। गौरतलब है कि हरिद्वार में सबसे अधिक भिक्षावृत्ति होती है जबकि यहां 2016 से ही भिक्षावृत्ति पर रोक है लेकिन अब तक इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिस वजह से यहां दिनों-दिन भिक्षावृत्ति और भिखारियों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।
अप्रैल 2017 में शासन ने पूरे प्रदेश में छोटे बच्चों को भीख देने पर रोक लगा दी थी। इसके तहत इन्हें भीख देने वालों को भी दंड देने का प्रावधान किया गया था। इसके अलावा धार्मिक स्थलों के आसपास भिक्षावृत्ति पूरी तरह से प्रतिबंधित करते हुए भिक्षा को अपराध की श्रेणी में रखा गया था। इसका उल्लंघन करने वालों को आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान भी किया था। उत्तराखंड हाईकोर्ट की ओर से भी दिसंबर 2016 में सभी पूजा स्थलों में भिक्षावृत्ति पर रोक लगाई गई थी।
पहाड़ में बर्फ तो मैदानों में कोहरे से बढ़ी ठंड
देहरादून। राजधानी सहित प्रदेश भर में पिछले दो दिन से शीतलहर का कहर जारी है। तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। ठंड के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर समेत सभी मैदानी इलाकों में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और पाला पड़ रहा है। पहाड़ों में पड़ रही बर्फ और मैदान में कोहरे के चलते हरिद्वार, ऋषिकेश का पारा न्यूनतम स्तर तक जा पहुंचा है, जिसने सड़कों और रैन बसेरों में रात बिताने वालों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
रविवार सुबह देहरादून में गलन का असर लोगों पर देखने को मिला। हालांकिे सुबह धूप खिली, जिससे राहत महसूस की गई। दून में 6 से आठ डिग्री तक सेल्सियस तापमान तो नमी 42 प्रतिशत और हवा 11 किलोमीटर घंटे की रफ़्तार से चलेगी, जबकि वृष्टि शून्य रहने की संभावना है। वहीं आठ जनवरी से तामपन में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि 25 जनवरी तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम देखने को मिलेगा। राज्य में अगले 60 घंटे में पर्वतीय क्षेत्रों में और पाला की मार लोगों को झेलना पड़ेगा। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक रहने की सम्भावना है। इसके अलावा 14 तारीख से ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। प्रशासन की ओर से राज्य भर में ठंड से बचाव के लिए शहर और अन्य चौक-चौराहों पर अलाव जलाने के निर्देश दिये गये हैं।
हरिद्वार में गंगा किनारे स्थित रैन बसेरे में लोगों के लिए छत तो थी, लेकिन हाड़ कंपा देने वाली सर्द हवाओं से बचने की कोई खास व्यवस्था नहीं दिखी। एसडीएम ने यहां ठहरे लोगों के लिए खास प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार जिले के अन्य यात्री स्थानों पर ठंड से बचने के लिए व्यवस्था की जा रही है। आगामी 14 जनवरी से औली में विंटर गेम्स के समय ज्यादा बर्फबारी होने के मद्देनजर टीम को औली के लिए रवाना किया जाएगा।
चोरी किये गये मोबाईल फोन के साथ तीन चोर लोग गिरफ्तार
देहरादून, 5 जनवरी को शुभम कश्यप, थाना पटेलनगर,में लिखित सूचना दी कि, “मेरी दुकान ब्राह्मणवाला में अज्ञात चोरों ने ताला तोडकर मोबाईल फोन एवं नगदी चोरी कर ली। जिसके संबंध में थाना हाजा पर मु.अ.स 06/18 धारा 457/380 भादवि पंजीकृत किया गया।” घटना के अनावरण हके लिये सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी पटेलनगर महोदय के निर्देशन प्रभारी निरीक्षक के दिशा निर्देश में अलग-अलग चार टीमें गठित की गयी।
उपरोक्त अभियोग के अनावरण के लिये चौकी प्रभारी बाजार के नेतृत्व में गठित की गयी टीम ने चैकिंग के दौरान ब्रहमपुरी टयूबवैल पर संदिग्ध घूम रहे व्यक्तियों की चैकिंग करी व 3 संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनसे पूछताछ की, जिनके पास कुछ मोबाईल फोन पाये गये।
पूछताछ करने पर मोबाईल फोन आदि का बिल नही दिखा पाने पर व मोबाईलों के सम्बन्ध में कोई सन्तोषजनक जवाब नहीं दे पाने पर संदिग्ध व्यक्तियों से सख्ती से पूछताछ की गयी तो उनके द्वारा बताया गया कि, “कुछ दिन पूर्व हमारे द्वारा ब्राहमणवाला में एक मोबाईल की दुकान से मोबाईल व नगदी चोरी किये गये थे।”
बरामद मोबाईलो का मिलान से संबंधित मोबाइल के ई.एम.आई नम्बरो से किया गया तो मोबाईल उपरोक्त अभियोग से चोरी होना पाये गये। जिसके आधार पर तीनो अभियुक्त शमशाद, फैजान एवं नौशाद को माल के साथ गिरफ्तार किया गया।
बरामद माल का कुल मूल्य – 85000 / रूपये लगभग
बरामद माल का विवरणः – कुल 8 मोबाईल , 2 स्पीकर , हैड फोन , चार्जर
योग विद्या स्कूल की स्वच्छता की मुहिम से जुड़े विदेशी
ऋषिकेश। योग विद्या स्कूल के तत्वावधान में साप्ताहिक स्वच्छता अभियान अर्न्तगत सात समुन्दर पार से आये विदेशियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर गंदगी करने वाले लोगों को आईना दिखाया है। लक्ष्मण झूला से लेकर रामझूला सहित रमणीक क्षेत्रों की गंदगी से अटे पड़े नालों की भी सफाई की गई।
रविवार की सुबह हाथों मे झाडू एवं सफाई के लिए हाथों कई अन्य तरह के उपकरण थामें योग विद्या पीठ के विद्धार्थी एवं विदेशी सड़कों पर स्वच्छता अभियान चलाते नजर आए। क्षेत्र में जगह-जगह बिखरी पन्नियों और गंदगी के ढेर को एकत्र करने के साथ टीम से जुड़े तमाम सदस्यों ने क्षेत्र के नालों की ओर रुख किया और कई घंटे तक कूड़ा एकत्र करने में लगे रहे। योगाचार्य प्रशांत व विनोद नागर के नेतृत्व में चले स्वच्छता अभियान के दौरान राहुल, भारत प्रताप, कुलदीप, आशीष, रेशमा अनिल, सौरभ भूदेव, रवि नागर, अवनीश, करमीन पावला, लूसी, मेघा, रेखा, वसुंधरा, सोनाली सहित बड़ी संख्या में विदेशी शामिल रहे।
स्मृति की लघु फिल्म, राष्ट्रीय विज्ञान फिल्म महोत्सव में मचायेगी धूम
नैनीताल , हूनर की कोई उम्र नहीं और कुछ करने का जूनून जहां होता है वहां कोई भी काम नामुमकिन नहीं होता, कुछ एसे ही हूनर की धनी और कुछ करने का जज्बा रखने वाली स्मृति ने भी कम उम्र मे ऐसे कारनामें कर दिखाये है जिसे देखकर और सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे, स्मृति महज आठवीं कक्षा की छात्रा है जिसने लघु फिल्म बनाकर सभी को चकित कर दिया है, हैरानी की बात तो ये है स्मृति की ये लघु फिल्म राष्ट्रीय विज्ञान फिल्म महोत्सव के लिये चयनित की गयी है।
विधायक प्रेम चंद अग्रवाल ने ऋषिकेश कोतवाली को टॉप 10 में आने पर दी शुभकामनाएं
क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा देशभर के 15 हजार थानों के निरीक्षण में चयनित 10 थानों में उत्तराखंड के ऋषिकेश कोतवली का चयन होने पर आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक प्रेम चंद अग्रवाल ने ऋषिकेश कोतवाली में जाकर थाना प्रभारी प्रवीण कोश्यारी को शुभकामनाएं दी । साथ ही विधायक निधि से कोतवाली ऋषिकेश के लिए तीन कंप्यूटर एवं एक लाख रू0 फर्नीचर के लिए देने की घोषणा की।

अग्रवाल ने कहा है उत्तराखंड के लिए यह गर्व का विषय है कि ऋषिकेश थाने को वरीयता सूची में स्थान प्राप्त हुआ है। अग्रवाल ने कहा है कि उत्तराखंड पुलिस ने लोगों के मन में विश्वास को स्थापित करने का कार्य किया है। देशभर के 15 हजार थानों में हुए सर्वेक्षण के आधार पर ऋषिकेश थाने को आठवां स्थान प्राप्त हुआ है। इस सर्वेक्षण में 80 मानकों के तहत थानो को वरीयता सूची में रखा गया है। सर्वेक्षण में अपराध, अनुशासन, प्रशासनिक दक्षता, भवन , ऑपरेशन, संसाधन, स्टॉप , आदि बिंदुओं को ध्यान में रखकर यह सर्वेक्षण किया है जिसमें ऋषिकेश कोतवाली को आठवां स्थान प्राप्त हुआ है ।
अपनी शुभकामनाएं देते हुए अग्रवाल ने कहा कि इसी इमानदारी, कर्मठता एवं सूझबूझ से कार्य करने की उत्तराखंड में आवश्यकता है। इस अवसर पर श्यामपुर पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप कुमार, एसआई विजय भारती, एसआई कुलदीप सिंह, अन्य अधिकारी/ कर्मचारिगण व सम्मानित अथितिगण उपस्थित रहे।





























































