Page 214

31 जनवरी तक 30 मामलों की एफआईआर दर्ज करे सीबीआई : सुप्रीम कोर्ट

0

नई दिल्ली,  सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर में सेना द्वारा मारे गए 42 मामलों में एफआईआर दर्ज करने में देर करने पर सीबीआई को फटकार लगाई है। आज इस मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस मदन बी लोकुर की अध्यक्षता वाली बेंच ने सीबीआई की एसआईटी को निर्देश दिया कि बाकी 30 मामलों की एफआईआर 31 जनवरी तक करें। इस मामले में एसआईटी ने अब तक मात्र 12 एफआईआर ही दर्ज किया है।

पिछले 8 जनवरी को एफआईआर दर्ज करने में धीमी रफ्तार अपनाते जाने पर सीबीआई और एसआईटी की आलोचना की थी। जस्टिस मदन बी लोकुर की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि अब तक मात्र 12 एफआईआर ही दर्ज हुए हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल 14 जुलाई को सेना को एक बड़ा झटका देते हुए मणिपुर में सेना द्वारा मारे गए 62 मामलों की सीबीआई जांच का आदेश दिया था। जस्टिस मदन बी लोकुर और जस्टिस दीपक गुप्ता की बेंच ने सीबीआई को निर्देश दिया था कि वो जनवरी 2018 तक जांच की प्रगति रिपोर्ट कोर्ट को सौंपे। कोर्ट ने सीबीआई को जांच के लिए टीम का गठन करने का आदेश दिया था।

केंद्र सरकार ने पिछले साल 12 अप्रैल को मणिपुर में सेना द्वारा मारे गए लोगों के मसले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले में संशोधन करने के लिए क्युरेटिव पिटीशन दायर किया था। केंद्र का कहना था कि ये राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ मसला है और इस फैसले से जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के हिस्सों में सेना का रोज ब रोज का काम प्रभावित हो रहा है।

8 जुलाई 2016 को मणिपुर में 2010 से 2012 के बीच सेना के जवानों द्वारा मारे गए लोगों के मामले पर फैसला सुनाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि सेना किसी के साथ बदले की भावना के तहत कार्रवाई नहीं कर सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने इस दौरान मारे गए करीब डेढ़ हजार लोगों की मौत की सीबीआई जांच का आदेश दिया था। आर्म्ड फोर्सेस स्पेशल पावर एक्ट के तहत सेना ने वर्ष 2010 से वर्ष 2012 के बीच करीब डेढ़ हजार से ज्यादा एनकाउंटर किए। इसी की जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी।

45 बीघा सरकारी जमीन कब्जाने की तैयारी

0

देहरादून। ईस्ट होप टाउन के झाझरा क्षेत्र में करीब 45 बीघा सरकारी जमीन को कब्जाने की तैयारी की जा रही है। मंडलायुक्त दिलीप जावलकर को इस बात की भनक लगी तो वह खुद मौके पर जा पहुंचे और राजस्व टीम से जमीन की पैमाइश कराई। करीब सात घंटे चली पैमाइश में पता चला कि जिस जमीन को अन्य लोग अपना बता रहे हैं, वह सरकारी है। इसे गंभीर मानते हुए मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन को जांच के आदेश दिए हैं।

पिछले दिनों कुछ लोग मंडलायुक्त दिलीप जावलकर से यह कहते हुए मिले कि ईस्ट होप टाउन में खसरा नंबर 1171 में उनकी जमीनें हैं, जबकि विकासनगर के उप जिलाधिकारी उन्हें कब्जा नहीं लेने दे रहे हैं। उन्होंने संबंधित खसरा नंबर पर अपनी जमीन होने के कागज भी दिखाए। वहीं, मंडलायुक्त को अन्य माध्यम से यह भी पता चला कि जमीन सरकारी है और ये लोग जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। साथ ही पता चला कि वर्ष 2006 में इस खसरा नंबर की भूमि एसडीआरएफ/आपदा प्रबंधन विभाग को यूनिट स्थापित करने के लिए आवंटित की गई थी। प्रकरण को गंभीर मानते हुए मंडलायुक्त दिलीप जावलकर ने स्वयं मौके पर जाकर जमीन की हकीकत पता करने का निर्णय लिया। उन्होंने एसडीएम विकास नगर व राजस्व टीम की उपस्थिति में जमीन की पैमाइश कराई तो पता चला कि आपदा प्रबंधन ने खसरा नंबर 1176 पर कब्जा प्राप्त किया है और यह भूमि अभी भी सरकार के नाम पर है। जबकि मौके पर जमीन के कुछ हिस्से पर प्लॉटिंग भी पाई गई। इसे गंभीर मानते हुए मंडलायुक्त ने तत्काल जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन को जांच सौंपी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जो जमीन सरकार की है, उस पर लोगों ने किसकी मिलीभगत से अपने नाम के दस्तावेज तैयार कर लिए।
साडा को मिलेगा कब्जा, बनेगा पार्क
जमीन पर कब्जा होने से बचाने और उसके सदुपयोग के लिए मंडलायुक्त दिलीप जावलकर ने निर्देश दिए कि दून घाटी विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) इस पर कब्जा प्राप्त करे और भूमि पर पार्क विकसित किया जाए। इस कार्रवाई के पूरे होने तक उपजिलाधिकारी विकासनगर को निर्देश दिए गए हैं कि वह किसी भी व्यक्ति को जमीन पर कब्जा न करने दें।

आपदा प्रबंधन की चूक का उठाया लाभ
प्रशासन ने भी यह मान लिया था कि एसडीआरएफ ने खसरा नंबर 1171 पर ही कब्जा लिया है। यहीं से इस जमीन को खुर्दबुर्द करने की पटकथा तैयार की गई। ऐसे में यह दिखाने की कोशिश की गई कि यह जमीन खसरा नंबर 1171 के तहत नहीं है और राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से इस जमीन पर विभिन्न लोगों के नाम के दस्तावेज तैयार करा लिए गए।

ऑस्ट्रेलियन ओपन : शारापोवा ने जीत के साथ की शुरूआत

0

मेलबर्न, पांच बार की ग्रैंड स्लैम चैम्पियन रूस की दिग्गज महिला टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में जीत के साथ अपने अभियान की शुरूआत की है।

शारापोवा ने पहले दौर में मंगलवार को जर्मनी की टटजाना मारिया को 1 घंटे 18 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे सेटों में 6-1, 6-4 से शिकस्त दी। दूसरे दौर में शारापोवा का सामना लातविया की अनास्‍टासिजा सेवास्‍टोवा और उज़्बेकिस्तान की वरवरा लेपचेंको के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा।

इसके साथ ही शारापोवा ने ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले दौर में 48वीं जीत दर्ज की। इस प्रतियोगिता में वह केवल तीन बार ही पहले दौर में हारीं हैं। डोपिंग के कारण 15 महीने के प्रतिबंध के बाद पेशेवर टेनिस में वापस लौंटी शारापोवा ने आखिरी बार वर्ष 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन में हिस्सा लिया था।

भाजपा की नाकामियों को बताने के लिए कांग्रेस चलाएगी जनजागरण अभियान

0

देहरादून, भाजपा की डबल इंजन की सरकार की नोटबंदी व जीएसटी समेत चार मुद्दों पर सरकार की नाकामियों को बताने के लिए प्रदेश भर में उत्तराखण्ड कांग्रेस जन जागरण अभियान चलाएगी। पार्टी ने भाजपा पर हमला बोलने के लिए खाका तैयार कर लिया है जो जनवरी के अंतिम सप्ताह से मध्य फरवरी तक चलेगा।

बतादें कि हाल ही में गुजरात में कांग्रेस की बढ़त से प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह बना हुआ है। इसलिए कांग्रेस इसका सियासी फायदा उठाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी, क्योंकि प्रदेश में नगर निकाय का चुनाव होना है। इस चुनाव को अपने पक्ष में करने के ल्ए पार्टी नोटबंदी व जीएसटी और महंगाई के साथ किसानों की दुर्दशा को लेकर साइकिल रैली, पदयात्रा के माध्यम से सरकार के खिलाफ जनजागरण करेगी।

कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश के किसान कर्ज में डूबने रहने से आये दिन आत्महत्या कर रहे हैं, जबकि भाजपा सत्ता में आने से पहले यह वायदा किया था कि सत्ता में आने पर किसानों का ऋण माफ करेंगे, लेकिन नौ माह बीतने के बाद भी सरकार जनहित के निर्णय लेने में विफल साबित हुई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार जनता से किए वायदों को पूरा करने में असमर्थ दिख रही है। सरकार लोकायुक्त गठन करने की बात कही थी, लेकिन नौ माह बीत गए अभी तक गठन नहीं हो पाया। प्रदेश में किसानों का हाल बूरा है। जगह-जगह जीएसटी व नोटबंदी से लोग परेशान होकर आत्महत्या करने पर विवश हो रहे हैं। हाल ही में फरियादी ट्रांसपोर्टर प्रकश पाण्डेय की मौत से सरकार को सबक लेना चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार चेतने के मूड में नहीं है। सरकार के जनविरोधी रवैये के खिलाफ पार्टी 29 जनवरी से प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

कांग्रेस 29 जनवरी से साइकिल विशाल रैली का आयोजन राजधानी देहरादून में कांग्रेस मुख्यालय से शुरुआत करेगी जो मोहब्बावाला में समाप्त होगी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह व विपक्ष की नेता इंदरा हृदृयेश मौजूद रहेंगे। इसके बाद हरिद्वार, उधमसिंह नगर, काशीपुर सहित मैदानी इलाकों में इस प्रकार का रैली अलग-अलग समय में आयोजन किया जाएगा। साथ ही 70 विधानसभा में पदयात्रा और जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन मध्य फरवरी तक किया जाएगा। इसके बाद देहरादून में एक विशाल कार्यक्रम किया जाएगा। 

विराट कोहली पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना

0
Nagpur: India's Virat Kohli speaks at a press conference after a practise session at VCA stadium in Nagpur on Monday. PTI Photo (PTI3_14_2016_000204B)

नई दिल्ली, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन के खेल के दौरान भारतीय कप्तान विराट कोहली पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। उन्हें लेवल-1 का दोषी पाया गया है और इसके लिए उन्हें 1 डिमेरिट अंक भी मिलेगा।

कोहली को आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.1.1 के (खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टॉफ) उल्लंघन का दोषी पाया गया है जो ‘खेल भावना’ से जुड़ा है।

उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका के दूसरी पारी के 25वें ओवर के दौरान फील्ड अंपायरों ने खेल खराब रोशनी के चलते रोका। इससे विराट गुस्से में गेंद को मैदान पर पटकते हुए बाहर निकले और सीधे मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड के कमरे में जा पहुंचे। विराट ने मैच रेफरी के सामने खेल रोके जाने पर अपनी नाराजगी जताई। दिन का खेल समाप्त होने के बाद, कोहली ने अपनी गलती स्वीकार कर ली जिसके बाद अब मामले की औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

विद्यार्थी परिषद का 18 वां प्रांतीय अधिवेशन 28 से हल्द्वानी में

0

ऋषिकेश, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का तीन दिवसीय 18 वां प्रदेश अधिवेशन हल्द्वानी में 28 जनवरी से आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस शुभैया मुख्य रूप में मौजूद रहेंगे।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला प्रमुख अमित गांधी ने मंगलवार को ऋषिकेश प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में अधिवेशन का पोस्टर जारी किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि, “विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित 18वें प्रदेश अधिवेशन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभिन्न सत्रों में उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति, प्राइमरी व उच्च शिक्षा में सुधार किए जाने, उत्तराखंड से लगातार हो रहे युवाओं के पलायन पर रोक लगाने जैसे विषयों पर समानांतर सत्र आयोजित किए जाएंगे।”

 सम्मेलन में 18 वर्ष से कम उम्र के छात्र-छात्राओं द्वारा अपने विद्यालयों में उच्च अंक प्राप्त करने वाले तथा प्रतिभाशाली बच्चों को’ स्वर्गीय प्रदीप द्विवेदी पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। अमित गांधी ने यह भी बताया कि, “विद्यार्थी परिषद 26 जनवरी को ऋषिकेश में युवा मैराथन दौड़ का आयोजन भी करेगा तथा 19 से तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग भी लगाया जाएगा। छात्राओं द्वारा मेहंदी प्रतियोगिता तथा 21 जनवरी को महिला अभ्यास वर्ग अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में ऋषिकेश से सैकड़ों की संख्या में छात्र छात्राएं प्रतिभाग करेंगे।” 

अमित गांधी ने यह भी बताया कि विद्यार्थी परिषद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पिछले दिनों एक 23 सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा था जिसमें ऋषिकेश में अतिरिक्त महाविद्यालय खोले जाने की मांग की गई थी। शासन स्तर पर इसे स्वीकृति मिल गयी है। पत्रकार वार्ता के दौरान अतुल उनियाल, विनोद चौहान राजेंद्र सिंह बिष्ट,अंजली शर्मा,सोनिया शर्मा शुभम शर्मा आदि भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

रामदेव ने लॉन्च किया ई-कॉमर्स प्लेटफार्म, पतंजलि के उत्पाद अब ऑनलाइन भी मिलेंगे

0

नई दिल्ली, पतंजलि के उत्पाद अब पारंपरिक रिटेल स्टोरों के अलावा ऑनलाइन शॉपिंग की विभिन्न साइटों के माध्यम से भी खरीदे जा सकेंगे। योग गुरु बाबा रामदेव ने ऑनलाइन शॉपिंग के प्रति देश में बढ़ रहे आकर्षण के मद्देनजर “हरिद्वार से हर द्वार तक” अपने उत्पादों को पहुंचाने के लिए मंगलवार को यहां पतंजलि का ई-कॉमर्स प्लेटफार्म लॉन्च किया। इसके लिए पतंजलि ने पेटीएम, फिल्पकार्ड, अमेजन और बिग बास्केट सहित कई अग्रणी ई-रिटेलर और एग्रीगेटर पार्टनर के साथ समझौता किया है।

रामदेव ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि, “ऑनलाइन सहयोगी के साथ समझौते और व्यवस्थाओं को मूल उद्देश्य आम ग्राहकों को पारंपरिक रिटेल व्यवस्था का विकल्प व विस्तार तथा सुविधा व कुशलता प्रदान कराना है। यहां इस बात का ध्यान रखा गया है कि नीतियों, मर्यादाओं एवं व्यवस्थाओं का पालन करते हुए स्वदेशी का घर-घर तक विस्तार हो सके और पतंजलि के स्वदेशी उत्पाद समाज के अंतिम व्यक्ति तक आसानी से पहुंच सके।

अमेजन को देशी-विदेशी का संगम करार देते हुए कहा कि अमेजन भले ही विदेशी हो लेकिन वह अब स्वदेशी उत्पादों को भी बेचेगा। हालांकि उन्होंने पतंजलि में किसी भी विदेशी कंपनी की हिस्सेदारी से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विदेशी तकनीक के इस्तेमाल में कोई बुराई नहीं है। ऑनलाइन शॉपिंग पर रिटेल दुकानों की तुलना में सामान सस्ता मिलने के सवाल पर रामदेव ने कहा कि अमेजन सहित अन्य सभी कंपनियां हमारे किसी भी उत्पाद को डिस्कांउट के साथ नहीं बेच सकेंगे। इसके लिए पतंजलि ने इन कंपनियों के साथ एक करार किया है। उन्होंने कहा कि हमारी ये ऑनलाइन व्यवस्था वर्तमान में प्रतिदिन 10 लाख से अधिक ऑर्डर निबटाने में सक्षम हैं। इसे भविष्य में एक से दो हजार करोड़ सालाना करने का लक्ष्य है।

उन्होंने पतंजलि के उत्पादों की गुणवत्ता पर कहा कि हमारे यहां तीन सौ से पांच सौ वैज्ञानिक सभी उत्पादों की गहन जांच करते हैं। इसके बावजूद भी यदि भविष्य में किसी उत्पाद में खराबी सामने आएगी तो उसे बाजार से वापस ले लिया जाएगा। रामदेव ने भविष्य की योजना के विषय में बताया कि वह इसी माह अपने रिटेल विक्रेताओं के लिए स्वदेशी लोयल्टी कार्ड लेकर आएंगे। इसमें पांच करोड़ लोगों को 5 लाख का दुर्घटना बीमा और दिव्यांगता पर 2:30 लाख का बीमा का प्रावधान होगा। इसके अलावा जनवरी-फरवरी में 20 हजार लोगों को पंतजलि सेल्समैन सहित अन्य बड़े पदों पर अच्छे पैकेज पर नौकरी भी देगा। इसके अलावा दिव्य जल भी लाया जा रहा है। उन्होंने इस दौरान पतंजलि की डिस्ट्रीब्यूटरशिप को लेकर होने वाली ठगी पर कहा कि पतंजलि के नाम पर विज्ञापन से करोड़ों रुपए ऐंठे जाते हैं| इससे सावधान रहने की जरूरत है।

पतंजलि परिधान के सवाल पर उन्होंने बताया कि अगले वर्ष जनवरी तक बाजार में जींस, बच्चों के कपड़े, खड़ाऊं सहित तीन हजार उत्पाद बाजार में होंगे। उन्होंने बताया कि स्वदेशी उत्पादों के अलावा पतंजलि एक हजार शहीद सैनिकों को मुफ्त शिक्षा के लिए छात्रावास सहित एक स्कूल का भी निर्माण कर रहा है। 

महिला तस्कर गिरफ्तार, चरस बरामद

0

विकासनगर, नशे के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के अन्तर्गत पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है, उसके पास से एक किलो 600 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने मंगलवार सुबह संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों आदि का चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें एक महिला पर शक होने पर उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से पुलिस को एक किलो 600 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई है। पुछताछ में उसने अपना नाम महराज पत्नी मुस्तकीम ग्राम खुशहालपुर बताया।

उसने बताया कि उसका पति वाहन चालक है और वह भी उसके साथ जाती है। दोनों सहारनपुर, उत्तरकाशी आदि जगह समान छोड़ने जाते है। वहीं से सस्ते दाम पर चरस लाकर देहरादून में पढ़ने वाले स्टूडेंट व कम्पनी में काम करने वाले लोगों को मोटे दाम में बेचकर अपना खर्चा चलाते हैं। उपनिरीक्षक लक्ष्मी जोशी ने बताया कि महिला ने अन्य नशा तस्करों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। जिस पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। 

राजभवन में दो दिवसीय ‘बसंतोत्सव’ का आयोजन 24 से

0

देहरादून। हर साल की तरह इस बार भी राजभवन में बसंतोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो 24 व 25 फरवरी को होगा। खास बात यह कि इस बार उत्तराखंड के उच्च स्थानों पर पाये जाने वाले ‘जम्बू’ पुष्प पर स्पेशल पोस्टल कवर, डाक विभाग के सौजन्य से जारी किया जाएंगे।

मंगलवार को राज्यपाल डाॅ कृष्णकांत पॉल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बसंतोत्सव के आयोजन के संबंध में अनेक निर्णय लिए गए। राज्यपाल ने कहा कि बसंतोत्सव के अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में अधिक से अधिक स्कूली बच्चों को प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जाए। पोस्टल कवर के लिए ऐसे पौधे को लिया जाए जो कि उत्तराखंड से जुड़े हों। इस पर व्यापक विचार-विमर्श के बाद स्पेशल पोस्टर के लिए ‘जम्बू’ पर सहमति व्यक्त की गई। ‘जम्बू’ हिमालय में पाया जाने वाला पौधा है जो कि औषधीय गुणों से भरपूर है। उत्तराखंड के उच्च पर्वतीय भागों में स्थानीय लोगों द्वारा इसका उपयोग औषधि के साथ सब्जी एवं मसालों के रूप में भी किया जाता है। उन्होंने प्रदर्शनी के प्रतिभागियों, आगन्तुकों व आयोजकों के लिए खानपान, पेयजल, अस्थाई शौचालय, प्राथमिक स्वास्थ्य चिकित्सा, जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं व अन्य सुविधाएं शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के साथ ही स्वच्छता, सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने कहा कि बसंतोत्सव के आयोजन का उद्देश्य है कि उत्तराखंड में फ्लोरीकल्चर व ऐरोमेटिक पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जाए। फूलों की खेती के माध्यम से किसानों की आय को दोगुनी करके पीएम नरेंद्र मोदी के लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है। उद्यान विभाग केवल बसंतोत्सव तक सीमित न रहे बल्कि इन प्रयासों को लेकर बागवानों, काश्तकारों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को ऐसा स्वरूप देना होगा कि दूरदराज के पुष्पोत्पादन, जड़ी-बूटी तथा अन्य जैविक उत्पादों की व्यावसायिक खेती से जुड़े काश्तकारों, उत्पादकों व ग्राहकों के लिए मंच के रूप में स्थापित हो सके। इन व्यवसायों से जुड़े काश्तकारों को मार्केट भी उपलब्ध करवाने के प्रयास करने होंगे।

आमजन के लिए खुला रहेगा राजभवन: राज्यपाल ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी आम जनता के लिए 24 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक व 25 फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक खुली रहेगी। इस वर्ष कुल नौ श्रेणियों में 147 पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। 24 फरवरी की शाम संस्कृति विभाग के सौजन्य से लोक-कलाकारों द्वारा राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की जाएगी। आईएचएम व जीएमवीएन के सौजन्य से फूड कोर्ट भी लगाए जाएंगे। आईटीबीपी, आईएमए अपने बैंड के साथ ही अन्य विशिष्ट प्रदर्शनों द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। उत्सव में 34 विभाग व संस्थाएं प्रतिभाग करेंगी। 25 फरवरी को ‘पुष्प प्रदर्शनी’ के अन्तर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को राज्यपाल द्वारा पुरस्कृत करने के साथ ही दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन होगा।

डाक-टिकटों की प्रदर्शनी: इस वर्ष भी व्यावसायिक, निजी पुष्प उत्पादकों सहित विभिन्न सरकारी उद्यानों की पुष्प प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता, पुष्प आधारित रंगोली, विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। फूलों व प्राकृतिक सौन्दर्य पर आधारित फोटो प्रदर्शनी, पेंटिंग और विशेष डाक-टिकटों की प्रदर्शनी भी लगायी जाएगी। इसके लिए विभिन्न श्रेणियों की कई प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं, जिनमें कट फ्लावर, पौटेड प्लांट अरेंजमैंट, लूज फ्लावर अरेंजमेंट, हैंगिंग पाॅट्स जैसी सभी प्रतियोगिताओं के साथ-साथ ‘आॅन द स्पाॅट फोटोग्राफी’ भी आयोजित होगी।

ठंड के चलते एक से पांच तक की कक्षाएं 20 तक स्थगित

0

रुद्रपुर। ठंड के चलते उधमसिंह नगर जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं सरकारी, अर्द्ध-सरकारी, प्राइवेट विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा एक से पांचवीं तक की कक्षाएं 20 जनवरी तक स्थगित कर दी गई हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी डाॅ नीरज खैरवाल ने इस अवधि के दौरान सरकारी विद्यालयों, संस्थाओं एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के समस्त स्टाॅफ को अपने-अपने कार्य स्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को उक्त आदेशों की अवहेलना करने वाले स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।