Page 178

इंसानियत: बेज़ुबान जानवरों को दिल के करीब रखती हैं सुषमा जखमोला

0

“पशु कोई चीज़ नहीं हैं बल्कि जीव हैं, जो हमारी करुणा, सम्मान, दोस्ती और समर्थन के हकदार हैं” इसी कहावत को सच करती हैं कोटद्वार की सुषमा जखमोला। पौड़ी जिले के कोटद्वार शहर की सुषमा जानवरों के लिए उतना ही मोह रखती है जितना एक मां अपने बच्चे के लिए।

aakriti seva samiti

कोटद्वार में चलने वाला आकृति सेवा समिति इस समय अपनी छाया में बहुत से बेज़ुबान पशु पक्षियों को आसरा दिये हुए है।आकृति सेवा समिति दुर्घटना में घायल हुए जानवरों वह चाहे कोई भी हो गाय, भैंस, कुत्ता, बिल्ली या कोई पक्षी सबकी देखरेख और उनकी बेहतरी का बेड़ा उठाता है। आज जब लोग अपने घरो में महंगे कुत्ते और दूसरे जानवर पालते हैं ऐसे में सड़क के किनारे ठोकर खाने वाले कुत्तों के लिए एक वरदान है सुषमा जखमोला जो आकृति सेवा समिति को चला रही हैं। इस काम में उनका साथ देने के लिए और लोग भी उनके संगठन से जुड़े हुए हैं।

aakriti seva samiti

न्यूजपोस्ट से बातचीत में सुषमा जखमोला ने बताया कि साल 2002 से उनका संगठन रजिर्स्टड हैं और वह बेजुबान जानवरों की सेवा कर रहा है। उन्होंने बताया कि हमारे लिए कोई भी जानवर गैर नही है और हम किसी भी दुर्घटनाग्रस्त जानवर को बचाते हैं और उनकी सेवा करते हैं। सुषमा ने बताया कि इस वक्त हमारे पास 46 स्ट्रीट डॉग और 56 गाय हैं और इसमें से ज्यादातर जानवर रेस्क्यू किए हुए हैं। यह सारे कुत्ते मेरे घर में मेरे साथ रहते हैं ।साथ ही कुछ गायें भी घर में रहती हैं लेकिन इनकी संख्या ज्यादा होने की वजह से इनके लिए आकृति सेवा समिति के कैंपस में रहने का इंतजाम किया गया है। उन्होंने बताया कि कोटद्वार में हमारी गौशाल है जिसमा सारी गायें एक साथ रहती है।

अब तक अपने निस्वार्थ सेवा के लिए सुषमा को तीलू रौतेली, उत्तराखंड दून श्री, डॉ शिवानंद नौटियाल अवॉर्ड, हिमालयन हिन्दुस्तान अवार्ड, हम है आज़ाद मिशन अवॉर्ड, प्राइड ऑफ कोटद्वार और भी बहुत सारे सम्मान मिले हैं। सुषमा को अपनी निस्वार्थ सेवाओं के लिए सरकार से बहुत सारे सम्मान भी मिल चुके हैं लेकिन वह कहती हैं कि ये काम वो किसी सम्मान और लालसा के लिए नहीं करती बल्कि जानवरों की सेवा करना उन्हें दिल से पसंद हैं।

सुषमा लोगों में एक संदेश देना चाहती हैं कि ”गाड़ी चलाते समय ध्यान रखें और अपने आस-पास छोटे बड़े जानवरों को बचाते हुए गाड़ी चलाए क्योंकि वह तो बेजुबान हैं अपना दर्द नहीं कह सकते ना शिकायत कर सकतें लेकिन हम तो जानते हैं कि दर्द क्या होता है।”

न्यूज़पोस्ट सुषमा जखमोला की इस निस्वार्थ सेवा को सलाम करता है और आशा करता है कि लोग भी अपने आसपास बेज़ुबान जानवरों की सुरक्षा करें।

ताइवान में 6.4 तीव्रता का भूकंप, 2 मरे, कई घायल

0

ताइपे, ताइवान के पूर्वी इलाके में मंगलवार देर रात शक्तशाली भूकंप आया जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.4 मापी गई। भूकंप की वजह से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस भूकंप में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 11 बजकर 50 मिनट पर आया। इसका केंद्र हुआलिन शहर से करीब 21 किलोमीटर उत्तरपूर्व में था।

राष्ट्रीय दमकल एजेंसी के अनुसार, भूकंप की वजह से ताइवान के पूर्वी तट स्थित एक होटल धराशायी हो गया। इसके अलावा एक अन्य होटल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। धराशायी हुए होटल में करीब 30 व्यक्ति फंसे हुए हैं। साथ ही कई इमारतें भी गिर गई हैं।

रामगंगा नदी में कूदकर महिला ने दी जान

0

कालागढ़/पौड़ी गढ़वाल। मंगलवार दोपहर को एक 60 वर्षीय महिला ने कालागढ़ रामगंगा नदी में कूदकर जान दे दी पुलिस ने मौके पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

कालागढ़ रामगंगा नदी पर दोपहर लगभग तीन बजे मनोरमा देवी(60) पत्नी सच्चिदानंद शर्मा ने रामगंगा बैराज से नदी में छलांग लगा दी। लोगो ने देखा तो शोर मचा दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों से पता चला के कई दिनों से मनोरमा देवी के घर में पारिवारिक झगडा चल रहा था, जिस कारण मनोरमा देवी तनाव में थी। सुत्रो के अनुसार अफजलगढ़ पुलिस को भी फोन किया गया था, परन्तु जब पुलिस मनोरम देवी के घर पहुंची तो परिवार ने आपसी सुलह की बात कहके पुलिस को वापस भेज दिया। उसके बाद आज मनोरमा देवी ने रामगंगा बैराज से कूदकर जान दे दी। थाना प्रभारी बबलू चौहान ने बताया कि सूचना मिली कि किसी महिला ने बैराज से छलांग लगा दी है मौके पर पहुंचे महिला का शव कुछ दूरी पर मिला। प्रथम दृष्टया मौत का कारण डूबने से लग रहा है । बाकी पोस्टमार्टम के बाद सही कारण का पता चल पाएगा। 

अलकन्दा हाइड्रो पॉवर कम्पनी लि. को कारण बताओ नोटिस जारी

0

पौड़ी गढ़वाल। जिला मजिस्ट्रेट गढ़वाल सुशील कुमार ने श्रीनगर स्थित अलकन्दा हाइड्रो पॉवर कम्पनी लि. (एएचपीसी) द्वारा वित्त पोषित वैकल्पिक पेयजल स्रोत योजना में अनुबंध पत्र के विपरीत वित्तीय अनियमितताओं के चलते कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मजिस्ट्रट ने कम्पनी को स्पष्टीकरण देने तथा धनराशि हर्जाना सहित वसूलने के साथ ही शासन से मिलने वाली सभी सुविधाओं को बन्द करने के भी निर्देश जारी किए हैं।

जिला मजिस्ट्रेट गढ़वाल सुशील कुमार ने बताया कि श्रीनगर स्थित अलकन्दा हाइड्रो पॉवर के साथ उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम देवप्रयाग तथा पेयजल संस्थान पौड़ी ने मार्च 2012 में श्रीनगर स्थित वैकल्पिक पेयजल स्रोत येाजना का वित्त पोषण करने को लेकर त्रिपक्षीय अनुबंध किया गया था। उन्होंने बताया कि अनुबंध पत्र के अनुसार वैकल्पिक पेयजल येाजना के प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 1270.98 लाख निर्धारित हुई। योजना की पूर्ण धनराशि फरवरी 2013 तक निर्गत की जानी थी। योजना का निर्माण अप्रैल 2012 से सितम्बर 2013 तक पूरा किया जाना था। अनुबंध के अनुसार योजना की पूर्ण धनराशि अलकन्दा हाइड्रो पॉवर कम्पनी लि. द्वारा ही वहन की जानी थी। कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम देवप्रयाग की ओर से योजना के निर्माण में अभी तक नौ सौ लाख की धनराशि व्यय की जा चुकी है। कार्यदायी संस्था के अनुसार करीब चार सौ लाख की देयता एएचपीसी पर अवशेष है। उन्होंने बताया कि मई 2017 में प्रकरण को लेकर विचार विमर्श हेतु अलकनंदा हाइड्रो पॉवर कम्पनी लि., उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम देवप्रयाग तथा अधिशासी अभियंता जल संस्थान पौड़ी की एक बैठक में कम्पनी ने अक्टूबर माह में अवशेष राशि को अवमुक्त करने का आश्वासन दिया। कार्यदायी संस्था का कहना है कि मई 2018 में योजना की अतिरिक्त निर्माण तिथि भी समाप्त हो जाएगी। ऐसे में योजना का निर्माण शीघ्र करना सम्भव नहीं है। जिला मजिस्ट्रेट ने वैकल्पिक पेयजल योजना के अनुबंध में कम्पनी द्वारा जानबूझकर हीलाहवाली से निर्माण कार्य में अत्यन्त देरी होना पाया। इससे न केवल पेयजल येाजना को हानि हुई बल्कि क्षेत्र को लोगों को शुद्ध पेयजल से भी वंचित होना पड़ा। मजिस्ट्रेट ने कम्पनी को शीघ्र ही अवशेष धनराशि को अवमुक्त करने के निर्देश दिये हैं। निर्देश नहीं मानने पर अवशेष धनराशि को हर्जाना समेत वसूलने तथा कम्पनी के समस्त सुविधाओं को बंद करने के भी निर्देश जारी किए हैं। 

सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

0

देहरादून, चम्पावत जिले के स्वाला के पास एक मैक्स वाहन बुधवार सुबह करीब सात बजे खाई में गिर गया। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच कर राहत बचाव कार्य में जुट गई है।

accident

एसपी चम्पावत धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि फिलहाल राहत बचाव कार्य चल रहा है। वाहन में नौ लोग सवार थे जिनकी मौत हो चुकी है। इनमें छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। एसडीआरएफ की टीम स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकालने में जुटी हुई है। फिलहाल मृतकों की पहचान नही हो पाई है।

वहीं, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए इसकी मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। गौरतलब है इस स्थान पर लगातार हादसे होते रहे हैं।

गृह नगर पहुंचने पर मनीषा व परमजीत का हुआ भव्य स्वागत

0

गोपेश्वर। खेलो इंडिया, खेलो के वाॅक रेस में स्वर्ण पदक विजेता चमोली जिले के मनीषा नेगी और परमजीत सिंह का मंगलवार को अपने गृह नगर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उन्हें खुली जीप में चमोली से लेकर गोपेश्वर गोपीनाथ मंदिर तक लाया गया, जहां पूजा-अर्चना की गई।

paramjeet and manisha

शनिवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम दिल्ली में संपन्न हुए अंडर-17 आयुवर्ग की वाॅक रेस में चमोली जिले के बेटे और बेटी ने न सिर्फ सोना जीता बल्कि पिछले रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर नये कीर्तिमान स्थापित किये। मंगलवार को उनके जिला मुख्यालय पहुंचने पर उनके कोच गोपाल बिष्ट के साथ उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। खेल मैदान गोपेश्वर में पहुंचने पर सैकड़ों की तादात में यहां पहुंचे खेल प्रेमियों व स्थानीय लोगों ने फूलमालाओं के साथ उनका स्वागत किया तथा दोनों की खिलाड़ियों के साथ ही कोच के जयकारे भी लगाये। बाद में उन्हें खुली जीप में बैठाकर गोपीनाथ मंदिर तक रोड शो भी किया गया, जहां लोगों ने विजेता खिलाड़ियों पर फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। 

बदलाव: ऐसे होंगे उत्तराखंड में युनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में छात्रों के परिधान

0

(देहरादून) लंबे समय से राज्य में विश्विद्यालयों के दीक्षांत समारोहों में पहने जाने वाले परिधानों को बदलने के फैसले को सरकार ने अमली जामा पहना दिया है। सोमवार को हुई बैठक में कबीना मंत्री धन सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में पहाड़ी परिवेश में बनी ड्रैस का डिजाइन फाइनल कर दिया गया। इसके लिये देहरादून के ग्राफिक एरा युनिवर्सिटी से आये डिजाइन को चुना गया है।

ग्राफिक ऐरा विश्वविद्यालय की डाॅ.ज्योति छाबरा ने बताया कि, “ग्राफिक ऐरा विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किया गया परिधान भारतीय संस्कृति के साथ राज्य पुष्प ब्रह्मकमल, बुरांस फूल से लाल रंग, नीला राज्य पक्षी मोनाल से अौर गढ़वाल राईफल एवं कुमांऊ रेजीमेंट के ड्रेस के रंग से प्रेरित होकर बनाया गया है। 12th जनवरी को हमारे 4 डिजाइन शॉर्ट लिस्ट किये गये थे अौर हमने इन्हें सब लोगों को दिखाया। हमारी प्रेरणा सगरी, टोपी, पटका जैसे पारंपरिक परिधान रहे हैं।”

इस डिजाइन को बनाने के लिये फैशन डिजाइन विभाग के छह छात्रों की एक टीम ने काम किया है। इसके साथ साथ डॉ ज्योति छाबड़ा, कोकिला भंडारी ने भी टीम के साथ करीब  तीन महीने कड़ी मेहनत कर ये डिजाइन तैयार किये हैं। तैयार तीन डिजाइनों में से दो आने वाले अतिथियों के और एक छात्रों के परिधान के हैं।

इस बारे में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डाॅ.धन सिंह रावत ने कहा कि, “दीक्षांत समारोह के दौरान सरकार के समक्ष यह विचार आया, कि दीक्षांत समारोह के लिये ऐसा नया परिधान निर्धारित किया जाये, जिसमें भारतीय संस्कृति परिलक्षित होने के साथ-साथ उत्तराखण्ड की संस्कृति का समावेश किया जाए। मुख्यमंत्री द्वारा भी इस विषय में दिशा निर्देश दिये गये है।”

WhatsApp Image 2018-02-06 at 18.47.49

ग्राफिक ऐरा विश्वविद्यालय द्वारा बनाये गये डिजाइनों को तमाम कुलपतियों और अन्य अधिकारियों के सामने रखा गया। बैठक में आये सुझावों में ड्रेस डिजाइन में टोपी को उत्तराखण्डी स्टाइल में परिवर्तित करने जैसे सुझाव आये। इन सब सुझावों को मिलाकर अब  एक फाइनल डिजाइन आने वाले दिनों में सरकार को सहमति के लिये भेजा जायेगा। सरकार इस संबंध में कितनी तेज़ी दिखा रही है इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इन नये डिजाइनों के परिधानों का इस्तेमाल इसी महीने फरवरी में होने वाले मेडिकल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में किया जायेगा। 

चार जिलों में पीड़ित महिलाओं के लिये वन-स्टॉप सेंटर स्थापित

0
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना को और कारगर ढंग से लागू करने के लिए और गहराई से माॅनिटरिंग करने की जरूरत है। बालक-बालिका लिंगानुपात को पटरी पर लाने के लिए पिथौरागढ़, चम्पावत, चमोली, देहरादून और हरिद्वार जिलों पर विशेष फोकस करना होगा।सचिवालय में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास की कार्यकारिणी समिति की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार सिंह ने ये निर्देश दिए। कहा कि उच्च अधिकारी भी जनपदों का भ्रमण कर योजनाओं को गति प्रदान करें।
बैठक में बताया गया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में गुड्डी-गुड्डा बोर्ड लगाया गया है, लिंगानुपात की सही जानकारी ली जा रही है। आंगनवाड़ी केंद्रों पर बेटी जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। वीमेन हेल्पलाइन नम्बर 181 के जरिये महिलाओं की मदद की जा रही है।
हरिद्वार, देहरादून, उधम सिंह नगर और नैनीताल में वन-स्टॉप सेंटर स्थापित कर दिए गए हैं। इस केंद्र पर पीड़ित महिलाओं को रुकने की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस इंस्पेक्टर, मेडिकल और अधिवक्ता की सुविधा केंद्र पर ही उपलब्ध कराई जा रही है।
चारधामों में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा आदिभोग नाम से प्रसाद बनाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्य सचिव ने कहा कि इसी तरह की व्यवस्था जागेश्वर धाम, नंदा देवी, पूर्णागिरि आदि स्थानों पर भी किया जाय।

वनाग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत अग्नि सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन

0

पौड़ी, गढ़वाल वन प्रभाग पौड़ी के पूर्वी अमेली रेंज के थलीसैंण अनुभाग की ओर से ग्राम सभा कपरोली में वन अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत अग्नि सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वन विभाग के कर्मियों व ग्रामीणों को वनों में आग की रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

आयोजित गोष्ठी में वन अनुभाग अधिकारी डीटी पोखरियाल ने कहा कि, “जगलों को आग से बचाने के लिए वन विभाग और ग्रामीणों का आपसी तालमेल का होना जरूरी है। आग लगने से जगलों में वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जीव और मानव के लिए वन महत्वपूर्ण हैं। हर प्राणी के जीवित रहने के लिए वनों का होना जरूरी है। वनों को आग से सुरक्षित रखने आग न लगने देने, आग न लगाने तथा उनकी सुरक्षा करने की चर्चा की गई और वनों के प्रति दया भावना रखने की अपील की।”

उन्होंने ने ग्रामीणों से जगलों में आग लगने की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की। साथ ही ग्रामीणों को वनों में आग बुझाने के उपाय भी बताए। उन्होंने ने कहा कि जगलों में लगने वाली आग अधिकांश मानवीय भूल का नतीजा होती है। जिसमें दुर्लभ वनस्पतियों के साथ ही वन्य पशु भी चपेट में आ जाते हैं। 

मिस इंडिया 2018 की सेकेंड रनर-अप रही उत्तराखंड की बेटी कविता

0

मॉडलिंग की दुनिया में उत्तराखण्ड की खूबसूरती का जलवा लागातार कायम है। बॉलीवुड में भी उत्तराखण्ड की कई मॉडल और एक्ट्रेस अपनी खास पहचान बना चुकी हैं, अब इन सब के बीच उत्तराखण्ड का एक और नाम भी जुड़ने वाला है और वो है 23 साल की कविता भंडारी का जिन्होंने 31 जनवरी,नोएडा फिल्म सिटी में हुए मिस इंडिया 2018 के सेकेंड रनरअप का खिताब अपने नाम किया है।

ये प्रतियोगिता ड्रीम्ज प्रोडक्शन हाउस की ओर से आयोजित की गई थी, जिसके निर्देशक शरद चौधरी थे।इसमें देश के कोने-कोने से 33 लड़कियों ने भाग लिया,जिसमें 15 फाइनलिस्ट चुने गए, जज मशहूर सेलेब्रेटी रणविजय सिंह, करण कुंद्रा, प्रसिद्ध अदाकारा कायनात अरोड़ा, जोया अफरोज थे।

कविता भंडारी उत्तराखण्ड के श्रीनगर के श्रीकोट की रहने वाली हैं।उनके पिता धीरेंद्र भंडारी सीआईएसएफ में एसआई  और माँ का नाम परमेश्वरी देवी है। तीन भाई बहनों में सबसे छोटी कविता ने भी तक की पढ़ाई में मास्टर इन सोशल वर्क किया है।

WhatsApp Image 2018-02-06 at 16.02.09 (1)अपनी इस खूबसूरत सफर के बारे में कविता बताती हैं कि जब वो देहरादून अपनी पढ़ाई के लिए आईं तो उनकी कुछ सहेलियों ने 2016 मिस उत्तराखंड में भाग लिया,वहीं से कविता को भी मॉडलिंग का शौक लगा और उन्होंने अपना पोर्टफोलियो बनवाया और काम जल्दी ही मिल गया और कविता ने फिर पीछे मुड़ कर नहीं देखा।

मिस इंडिया 2018 की मेहनत के बारे में वह बताती है कि, “इस टाईटल के लिए भी 4 दिन तक हमने अपने कोरियोग्राफर के साथ खासा मेहनत की है,मेरा अनुभव बहुत अच्छा रहा,अच्छे से ग्रुमिंग हुई,बहुत सारे दोस्त भी बनाए और इसके बाद मेरा कॉंफिडेंस भी बढ़ा है।

ख़िताब जीतने के पर कविता बताती है,”पहले  मैं बिल्कुल शॉक्ड थी! ”जितने भी और कंटेस्टेंट थे वह सब अच्छे थे लेकिन शायद मेरी डेढ़ साल की मेहनत और लगन ने मुझे यह कॉंफिडेंस दिया और मुझे यह टाईटल मिल गया। ”

श्रीकोट से निकल कर कविता ने बहुत कम उम्र में वह सब कुछ हासिल किया जो शायद ही कोई इतने कम समय में कर सकता है। कविता भावी पीढ़ी को यह बताना चाहती है कि अगर सुदूर पहाड़ के लोगों में हुनर अौर अपने पर कांफिडेंस है तो कुछ भी संभव हो सकता है।

न्यूजपोस्ट से बातचीत में कविता ने बताया कि वह एक्टिंग के क्षेत्र में काम करना चाहती हैं,मॉडलिंग तो बस एक ज़रिया बन गया एक्टिंग वर्ल्ड तक पहुंचने के लिए।मुझे बहुत ज्यादा इंग्लिश नहीं आती है,तो मैं अपने क्षेत्र के बच्चों को कहना चाहती हूं कि अगर हुनर हो तो उसके आगे कुछ भी नहीं रुकता।

न्यूज़पोस्ट की टीम कविता भंडारी को उनकी नई पारी के लिए शुभकामनाएं देती है।