Page 176

गुलदार ने नौ बकरियों को बनाया शिकार

0

नागथात/विकासनगर। रामपुर गांव में गुलदार का आतंक बना हुआ है। गुलदार ने हमला कर नौ बकरियों को मार गिराया। गुलदार के मूवमेंट से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने वन विभाग से मुआवजे की गुहार लगाई है।

बुधवार को गांव निवासी बलवीर सिंह बकरियों को चराने के लिए बैराटखाई के समीप स्थित जंगल ले गए थे। इस दौरान झाड़ियों में घात लगाए गुलदार ने झुंड पर हमला कर दिया। बकरियों की आवाज सुनते ही कुछ दूरी पर पेड़ के नीचे बैठे बलवीर बकरियों की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने देखा कि कुछ दूरी पर सात बकरियां मरी पड़ी है। पीड़ित ने बताया कि दो बकरियों के शव का कुछ पता नहीं चला। गुलदार उन्हें अपने साथ खींच कर जंगल के अंदर ले गया। उन्होंने गांव के आसपास गश्त बढ़ाने की भी मांग की है। वन बीट अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट ने कहा कि विभागीय प्राविधानों के अनुसार पीड़ित को मुआवजा दिया जाएगा।

विश्राम गृह को सैनिक कल्याण विभाग को सौंपने की मांग

0

पौड़ी गढ़वाल। पूर्व सैनिक संगठन ब्लाक थलीसैंण ने प्रदेश सरकार से तहसील मुख्यालय थलीसैंण में नव सैनिक निर्मित विश्रामगृह का कार्य पूरा कर सैनिक कल्याण विभाग को सौंपने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देशित करने की मांग की।
प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन में संगठन के सदस्यों ने कहा कि तहसील मुख्यालय में नव निर्मित सैनिक विश्रामगृह का कार्य लोक निर्माण विभाग बैजरो द्वारा नवंबर 2010 में शुरू किया गया था, अब भवन निर्माण का कार्य पूरा हो गया है। लेकिन, साज सज्जा के अभाव में भवन को अभी तक सैनिक कल्याण विभाग के सुपुर्द नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अभी तक साज सज्जा के लिए शासन द्वारा धनराशि अवमुक्त नहीं की गई है। जिससे संगठन के सदस्यों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने ने कहा कि इस बारे में लोनिवि बैजरो और उपजिलाधिकारी थलीसैंण को कई बार लिखित रूप से जानकारी देने के बावजूद भी अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं हो पाई है। उन्होंने ने कहा कि यदि 15 दिन के अंदर इस भवन को सैनिक कल्याण विभाग को नहीं सौंपा गया तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में आशा राम पोखरियाल, गोविंद सिंह, राम सिंह, कृपाल सिंह, दौलत सिंह, भगत सिंह, गबर सिंह, सुल्तान सिंह, उज्जवल सिंह, बैशाख सिंह, राजकुमार सिंह, नरेंद्र सिंह, बालम सिंह आदि पुर्व सैनिक मौजूद थे।

उत्तराखण्ड प्रदेश महिला कांग्रेस की नई कार्यकारणी गठित

0

देहरादून। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्या ने लंबे समय के बाद केन्द्रीय अध्यक्ष की सहमति से बुधवार को अपनी नई कार्यकारिणी और राज्यभर के संगठनात्मक जिलाध्यक्षों के गठन की घोषणा की। कार्यकारिणी में 40 प्रदेश उपाध्यक्ष, 31 महामंत्री, 66 प्रदेश सचिव, दो प्रदेश प्रवक्ता सहित सभी 28 संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश अल्पसंख्यक महिला कांग्रेस का अध्यक्ष तथा दो उपाध्यक्षों के साथ ही सोशल मीडिया के 11 पदाधिकारियों को नामित किया गया है।
बुधवार को राज्य कांग्रेस कार्यालय में आयेाजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्य ने नव गठित प्रदेश महिला कार्यकारिणी की घोषण की। इस दौरान उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव की संस्तुति के उपरान्त नई महिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है।
महिला उपाध्यक्षों में राकेश धवन, नजमा खान, बिमला मन्हास, मीना रावत, बाला शर्मा, चन्द्रकान्ता गर्ग, राधा चौहान, तारा सती, रेवती जोशी, ईश्वरी देवी, बिमला सांगुडी, आशा टम्टा, संध्या डालाकोटी, बीना जोशी, मालती बडथ्वाल, इंदु मान, बीना जोशी, शारदा परिहार, बीना सजवाण, मीना शर्मा, भगीरथी बिष्ठ आदि हैं।
अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश महामंत्रियों में सरस्वती जोशी, बिमला मेहरा, जया कर्नाटक, अनीसा बेगम, बीना जोशी, बबली देवी, सरोज देवराडी, कृष्णा नेगी, कुसुम भट्ट, कमला शर्मा, कविता तोपवाल, प्रेमलता नन्दन, नीता शुक्ला, माला चौहान को नियुक्त किया गया है। संध्या थापा, उर्मिला देवी, सीमा क्षेत्री, रमा गौड़, संतोष जोशी, सत्यमा देवी, सुमन रमोला, सुनीता धारिया, बसन्ती भारती, धनेश्वरी तोमर, उषा चौहान, कुसुम असवाल, बिमला मेहरा, प्रमिला सजवाण, पुष्पा नेगी, पुष्पा तिवारी, मधु थापा, रेणु नेगी, रजनी शाह, ग्रेस कश्यप, किरन भाटिया, बिमला आर्य, दीपा चौहान, उशा शर्मा, खीमा बिष्ट, पुष्पा सती, आदि को प्रदेश सचिव तथा रीना सिंघल एवं अजीता शर्मा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जबकि चन्द्रकला नेगी एवं सुमित्रा ध्यानी को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
सरिता आर्या ने बताया कि जिलाध्यक्षों में आशा विष्ठ को कालाढूंगी, सुशीला बोरा चम्पावत, वैजयन्ती माला उर्फ कमलेश रमन को देहरादून महानगर, फातिमा अहमद उधमसिंहनगर, मधु सेमवाल ऋशिकेष, किरन सिंह हरिद्वार ग्रामीण, रश्मि चौधरी रुड़की शहर, कविता शाह रुड़की ग्रामीण, देवेश्वरी नेगी रुद्रप्रयाग, राजेश्वरी रावत पौड़ी, रंजना रावत कोटद्वार, दर्शनी रावत टिहरी, मीना नौटियाल उत्तरकाषी, देवेश्वरी शाह चमोली तथा गोदावरी रावत को गैरसैण का महिला जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि नजमा खान को महिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है

नैनीझील व कोसी नदी के पुनर्जीवीकरण को डीपीआर तैयार

0

देहरादून। नैनीताल झील के पुनर्जीवीकरण के लिए 18.14 करोड़ रूपये की डीपीआर जिलाधिकारी नैनीताल और अल्मोड़ा की कोसी नदी के पुनर्जीवीकरण हेतु 17.39 करोड़ रूपये की डीपीआर जिलाधिकारी अल्मोड़ा द्वारा प्रस्तुत की गई। डीपीआर प्रमुख सचिव सिंचाई आनन्द वर्द्धन की अध्यक्षता आयोजित हुई बैठक में प्रषित की गई। प्रमुख सचिव ने विभागाध्यक्ष सिंचाई को धनराशि स्वीकृत करने के लिये एसएनडी में धनराशि का प्राविधान करने के निर्देश दिये गये है।

नैनी झील की डीपीआर में सूखा ताल को पुनर्जीवित करने, नैनी झील से जुडे पुराने ब्रिटिश काल के 67 नालों की मरम्मत कराने, आस-पास के घरों के सीवर लाईन को बरसात के पानी से अलग करने के कार्य को लिया गया है। बैठक में बताया कि अबतक 113 मकानों की सीवर लाईनों को बरसात के नाले से अलग किया जा चुका है। 100 और चिन्ह्ति किये जा चुके है। झील के पुनर्जीवीकरण में शहरी विकास विभाग द्वारा एडीबी के माध्यम से संचालित कार्य शीघ्र पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये गये।
प्रमुख सचिव ने जानकारी दी गई कि देहरादून की रिस्पना नदी के पुनर्जीवीकरण के लिए 05 करोड़ की धनराशि का प्राविधान किया गया है। उन्होंने जानकारी दी की नैनी झील, कोसी नदी की डीपीआर शासन की टैक्निकल कमेटी द्वारा परीक्षण के बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित वित्त कमेटी की बैठक में स्वीकृत हेतु प्रेषित की जायेगी।
कोसी नदी के पुनर्जीवीकरण के लिए आयोजित बैठक में जिलाधिकारी, अल्मोडा द्वारा उपलब्ध कराये गये 17.39 करोड़ रूपये की डीपीआर पर विचार विमर्श किया गया। उक्त डीपीआर में इन्फिल्ट्रेशन होल्स, ट्रैनच, गदेरे एवं जलस्रोतों पर चैकडैम, सूखे पत्थर के चैकडैम, वाॅयर क्रेड चैकडैम व पक्के चैकडैम बनाने की व्यवस्था है। योजना को 14 जोनो में बांटा गया है। परियोजना का कैचमेंट एरिया 450 वर्ग किमी है। प्रो.जे.एस.रावत के सहयोग से यह प्रोजेक्ट बनाया गया है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रमुख अभियंता सिंचाई डीपीआर के परीक्षण का प्रस्ताव शासन को उपलब्ध करायेंगे। जिस पर टीएसी का परीक्षण कराकर योजना पर व्यय वित्त समिति का अनुमोदन अविलम्ब प्राप्त कर लिया जायेगा। कोसी एवं रिस्पना नदियों के पुनर्जीवीकरण के लिए 05-05 करोड़ रूपये की नई मांग का प्रस्ताव प्रमुख अभियंता सिंचाई प्राप्त कर भेजेंगे। योजना का 90 प्रतिशत भाग आरक्षित वन क्षेत्र में आने के कारण वन विभाग उक्त परियोजना को अपने वर्किंग प्लान/वार्षिक प्लान में सम्मिलित करके भारत सरकार के अनुमोदन हेतु अविलम्ब प्रेषित करेंगे। योजना हेतु लगभग 05 लाख पौधों की आवश्यकता होगी। जिसके लिये वन विभाग एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा कार्य योजना बनायेंगे, जिसमें आगामी वर्ष में वांछित 05 लाख पौधों की उपलब्धता स्थानीय स्तर पर उपलब्धता कराना सुनिश्चित करेंगे। 

पौधों को बच्चों की तरह संवार बनाएं आर्थिकी का साधनः डीएम

0

पौड़ी गढ़वाल, जनपद पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारी सुशील कुमार ने विकास खंड पाबौ के ग्राम जितोली में उद्यान विभाग एवं मनरेगा योजना के संयुक्त तत्वाधान में पांच हेक्टेअर क्षेत्रफल में नाशपाती प्रजाति (रेडवार्टलेड) के 1250 पौधों का रोपण किया।

इस अवसर पर डीएम ने उपस्थित जन समुदाय से इन नाशपाती के पौधों को अपने बाल बच्चों की तरह संवार कर अपनी आर्थिकी का साधन बनाने को कहा। उन्होंने बताया कि राज्य की आर्थिक संपन्नता के लिए बागवानी एक सशक्त माध्यम है। जनसमुदाय की भागीदारी से योजनाएं बनाकर उसका क्रियांवयन धरातल पर फल पट्टी व सब्जी पट्टी के रूप में विकसित कर बागवानी के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि फल पट्टी व सब्जी पट्टी के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता विकास कर स्थानीय लोगों को रेाजगार की ओर जोड़ने की कार्यवाही भी की जाएगी ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर 80 से अधिक महिला जॉब कार्ड धारकों ने भाग लिया। मुख्य उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार ने बताया कि शीतकाल में उद्यान विभाग एवं मनरेगा द्वारा कुल 77 हेक्टेअर क्षेत्र में वृक्षारोपण का कार्य कलस्टर आधारित किया जाएगा और लोगों की आमदनी दोगुनी करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंनं इस अवसर पर नाशपाती की खेती की तकनीकि जानकारियां काश्तकारों को उपलब्ध कराई। 

मिसाल: कैसे फर्ज़ के आगे नहीं आने दिया रिश्तों को इस पुलिस अधिकारी ने

ऋषिकेश, यूं तो पूरे देश में सब कुछ चलता है, भाई बंदी के नाम पर कोई भी काम हो वह भी आसान हो जाता है, अगर सामने वाले के सामने जाति, धर्म और भाई-बंदी का वास्ता दिया जाए, बड़े से बड़े काम चुटकियों में हो जाते हैं, और ऐसे में पुलिस विभाग तो बदनाम है। दोस्ती-यारी, भाई-बंदी और स्टाफ के चलते पूरे देश में बदनाम है, लेकिन इसके उलट उत्तराखंड पुलिस के जॉलीग्रांट चौकी इंचार्ज मंजुल रावत ने सभी पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों के लिए एक मिसाल कायम की है।

कहते हैं फर्ज और ड्यूटी पुलिस की शपथ का पहला अध्याय होता है और इसका पालन करना हर पुलिसवाले का कर्तव्य होता है ।जॉलीग्रांट में तैनात मंजू रावत से मिलने आज उनके छोटे भाई मृणाल रावत जो की स्वयं उत्तराखण्ड पुलिस में है, चौकी आ रहे थे, जहां पर मंजुल रावत वाहनों की चेकिंग कर रहे थे, उन्होंने देखा उनके भाई स्वयं बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे, इस पर चौकी इंचार्ज मंजुल रावत ने अपने छोटे भाई का चालान काट कर कानून के प्रति एक स्पष्ट संदेश दिया है।

कानून सबके लिए एक समान है चाहे वह भाई हो या स्टाफ का पुलिस सहकर्मी, कानून का उल्लंघन करने वाले को माफ नहीं किया जाएगा। अपने सगे छोटे भाई को यही नसीहत देखकर मंजू रावत भाई का चालान काटकर एक नई मिसाल कायम की है जो पूरे उत्तराखंड पुलिस के लिए एक आईना है अगर हर पुलिस वाला इस तरह के कर्तव्य पालन करें तो राज्य में अपराध के साथ-साथ रोड एक्सीडेंट में भी कमी आएगी

पहल: उत्तराखंड में शुरू हुई खनन पट्टों की ई नीलामी, क्या रुक सकेगा अवैध खनन?

0

उत्तराखंड में पहली बार सरकारी पट्टे आदि के आवंटन के लिये ई-आॅक्शन प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। राज्य के अलग अलग  जलिों में खनिज लाॅटों के आवंटन के लिये सरकार ने ई-निविदा सह ई-नीलामी की प्रक्रिया लागू कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत पहले चरण में ई-निविदा प्रक्रिया संपन्न होनी होती है तथा ई-निविदा के सफल घोषित लोगों को ई-आॅक्शन में हिस्सा लेने के लिये इजाजत दी जाती है।

गौरतलब है कि कई सालों से राज्य में खनन माफिया के सक्रिय होने के मामले सामने आते रहे हैं। इसके चलते न केवल नेता बल्कि अधिकारी भी अवैध खनन और खासतौर पर खनन के पट्टे देने में अनियमित्ताऐं बरतने के आरोपों से घिरते रहे हैं। यही नहीं सरकार ने जब जांच राी तो सामने आया कि निगमों को पूर्व में आवंटित लाॅटों (2012-13) में आज तक खनन कार्य ही शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में ये साफ था कि रिक्त और अचिन्हित खनन लाॅट ही अवैध खनन के लिये सुगम स्थल होते हैं। सरकार ने निगमों से ऐसे सभी लाॅट वापिस ले ई-नीलामी प्रक्रिया के द्वारा आवंटन किये जाने का फैसला किया है। 

फिलहाल लगभग 140 लाॅटों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई है। बुधवार को हरिद्वार जनपद के भगवानपुर तहसील के दो खनन लाॅटों की ई-आॅक्शन प्रक्रिया पूरी हुई। संपूर्ण प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न हुई है।ई-नीलामी में समाचार लिखे जाने तक 4,91,85,976-00 रूपये की बोलियां मिल चुकी थीं। बहरहाल इस रियल टाइम आॅनलाइन प्रक्रिया का राज्य में पहला प्रयोग फिलहाल सफल दिख रहा है। लेकिन इसके साथ साथ अवैध खनन पर पूरी तरह रोक तब लगेगी जब ज़मीनी स्तर पर हो रही धांधलियों को भी रोकने के लिये सरकार कोई कारगर तरीका इख्तयार करे।

कर्ज में दबे ट्रांस्पोर्टर ने की खुदकुशी

0

देहरादून, कर्ज के तले दबे एक और ट्रांस्पोर्टर की मौत से शहर में सनसनी फैल गई।शाम को जहर खाने वाले ट्रांस्पोर्टर ने बुधवार को एक अस्पताल में दम तोड़ा। इसके बाद इस मामले को कुछ लोगों ने राजनीतिक रंग देने की कोशिश भी की। हालांकि, मामले में एक व्यक्ति के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

देहरादून निवासी ट्रांसपोर्टर बलवंत भट्ट ने कर्ज के दबाव में खुदकुशी कर ली। बुधवार को कोरोननेशन अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ा। इस मामले में शहर के तमाम व्यवसायी अस्पताल पहुंचे और हंगामा काटा। हालांकि, मृतक की पत्नी ने मामले में नरेंद्र भाई नाम के व्यक्ति पर पैसे के दबाव बनाने और परेशान करने का आरोप लगाते हुए पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि, “तहरीर के आधार पर धारा 306 और 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी बार बार पैसों की डिमांड कर रहा था, जिससे ट्रांस्पोर्टर तनाव में था। आरोप है कि कर्ज के दबाव में आकर बलवंत भट्ट ने खुदकुशी की।”

पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर जांच कर रही है।

इस वर्ष का पहला सूर्य ग्रहण 16 फरवरी को रात्री में लगेगा

0

हरिद्वार, इस वर्ष का पहला सूर्य ग्रहण 16 फरवरी की रात्रि को होगा। सूर्य ग्रहण भारत में दृश्य नहीं होगा। यह सूर्य ग्रहण दक्षिणी अमेरिका, ब्राजील, चीली व अर्जेंटीना में दिखाई देगा। सूर्य ग्रहण भारतीय समय के अनुसार 15 फरवरी की रात्रि 12 बजकर 25 मिनट पर आरम्भ होगा। ग्रहण का मोक्ष काल प्रातः 04 बजकर 17 मिनट पर होगा। भारत में दृश्य न होने के बाद भी ग्रहण का प्रभाव कुछ राशियों के लिए शुभकारी तथा कुछ के लिए कष्टकारी होगा।

ज्योतिषाचार्य पं. देवेन्द्र शुक्ला के अनुसार 16 फरवरी के दिन इस साल का सबसे पहला सूर्य ग्रहण होगा। साल 2018 में कुल 3 सूर्य ग्रहण लगेंगे। यह तीनों आंशिक सूर्य ग्रहण होंगे। भारत में ये तीनों ग्रहण दिखाई नहीं देंगे। भारत में दृश्य न होने के बाद भी ग्रहण का प्रभाव कुछ राशियों के लिए शुभकारी तथा कुछ के लिए कष्टकारी होगा।

ज्योतिष के अनुसार, यह सूर्य ग्रहण शतभिषाघ् नक्षत्र और कुम्भघ् राशि में लग रहा है और शतभिषा राहु का नक्षत्र है। इसी कारण इस नक्षत्र से संबंधित राशि वाले लोगों के लिए यह ग्रहण परेशानी का कारण बन सकता 16 फरवरी को होने वाले सूर्य ग्रहण का प्रभाव मेष, कन्या, वृश्चिक व धनु के लिए शुभकारी तथा वृषभ, मिथुन, कर्क, सिंह, तुला, मकर, कुंभ व मीन लिए कष्टकारी होगा। ग्रहण के दुष्प्रभाव से बचने के लिए पं. शुक्ला के अनुसार जप, दान आदि करना श्रेयस्कर होगा।

परीक्षाओं को लेकर 16 फरवरी को देशभर के छात्रों से संवाद करेंगे पीएम मोदी

0

देहरादून,  प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ 16 फरवरी को दिल्ली स्थित ताल कटोरा स्टेडियम में ‘मेकिंग एग्जाम फन चैट विथ पीएम मोदी’ विषय पर छात्रों से बातचीत करेंगे। पीएम मोदी बच्चों से विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े विद्यार्थियों में परीक्षा के समय अनायवश्यक रूप से उत्पन्न होने वाले तनाव, अवसाद को दूर करने, संभालने के लिए संवाद/बातचीत करेंगे। बातचीत का दूरदर्शन पर सीधे प्रसारण किया जाएगा।

बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सभी राज्यों के शिक्षा मंत्रियों एवं उच्चाधिकारियो को जानकारी दी। जावड़ेकर ने कहा कि यह वह समय है जब देश के 29 करोड़ से अधिक युवा मित्र बोर्ड परीक्षाओं और अन्य प्रवेश परीक्षाओं के लिए उपस्थित होंगे। हर परीक्षा का अलग ही तनाव रहता है। युवाओं में परीक्षा के तनाव कम करने के लिए 25 मंत्र है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा पूछें गये इंटरेक्टिव सत्र (संवाद) में चुनिंदा 10 से 12 सवालों का जवाब प्रधानमंत्री स्वयं देंगे।

तनाव से मुक्त रहने पर विचार साझा करेंगे पीएम 
प्रधानमंत्री परीक्षा के अध्ययन और परीक्षा के तनाव से निपटने के बारे में उपाख्यानों और विचारों को साझा करके आत्मविश्वास के साथ और तनाव के बिना एक सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा सत्र कुशलता पूर्वक सम्पन्न करने हेतु संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने बताया दुनिया का कोई प्रधानमंत्री पहली बार गैर राजनीतिक प्रश्न कर रहा है, जो हर घर, शिक्षक व अभिभावकों से जुड़ा हुआ है।

जावड़ेकर ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को विद्यार्थियों तक पहुंचाने व लाभ उठाने के लिए शिक्षण संस्थानों के नोटिस बोर्ड पर सूचना चस्पा करने, कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए अस्थाई तौर पर डिजिटल व्यवस्था करने के निर्देश सभी राज्यों के शिक्षा मंत्रियों को दिये। उन्होंने कहा कि शिक्षा राष्ट्रीय एजेंडा है न कि पोलिटिकल, इसलिए सभी को एकजुट होकर देश हित में कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी अपने सवाल पोर्टल httpnnovate.mygov.in पर परीक्षा से तनाव के विषय में 100 शब्दों तक का सवाल हिन्दी/इंग्लिश भाषा में पूछ सकते हैं।

23 लाख छात्रों को दिखाया जाएगा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
राज्य के शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डे ने कहा कि, “कार्यक्रम बच्चों में एग्जाम के समय होने वाले तनाव को दूर करने जैसे महत्वपूर्ण विषय से जुड़ा हुआ है। कहा कि निर्देशानुसार कक्षा 05 से ऊपर के विद्यालयों के लगभग 23 लाख छात्रों को कार्यक्रम का सीधे प्रसारण दिखाया जायेगा।”