देहरादून। मेकिंग ए डिफरेंस बाय बीइंग द डिफरेंस (मैड) संस्था द्वारा शहर में स्वच्छता के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की गई। मैड का कहना है कि कूड़े को उसके उद्गम स्थल पर ही अलग अलग करने पर अब संस्था की ओर से ज़ोर दिया जायेगा। इसके लिए संस्था ने अभियान की शुरुआत अपने खुद के स्वयंसेवियों से करने की ठानी है।
रविवार को मैड अपने सभी सदस्यों को हिदायत दिया है कि अगर वह मैड में बने रहना चाहते हैं तो अपने घर के कूड़े को सॉलिड वेस्ट अधिनियम 2016 के अंतर्गत तीन भागों में बांटें अर्थात् गीला, सूखा एवं घरेलू घातक कूड़ा (जैसे कि इन्सुलिन की सूइयां, इत्यादि चीज़ें)।
सदस्यों से आग्रह किया गया है कि अपने घर के कूड़े को उद्गम स्थल पर अलग अलग करने के बाद वह अपना ध्यान अपने स्वयं के मोहल्ले एवं क्षेत्र पर लगाएं और कूड़े को उद्गम स्थल पर अलग अलग करने की प्रक्रिया को वहां भी एक मुहीम के रूप में चलाएं।
मैड संस्था की ओर से ऐसे कूड़ेदान बनाने पर एक छोटी सी कार्यशाला भी आयोजित की गई और ऐसे कूड़ेदान बनाये। इसके बाद उन क्षेत्रों को चिन्हित किया गया जिनमे सदस्यों की ओर से ऐसा काम किया जायगा। इसमें हाथीबड़कला, अनारवाला, नेशविल्ला, रेस कोर्स, पटेल नगर एवं बल्लीवाला के पास के क्षेत्रों को पहले चरण के लिए चिन्हित किया गया है।
इसके पश्चात् मैड संस्था इस अभियान को शहर व्यापी ढंग से चलाने की तैयारी में है क्योंकि संस्था के कई सदस्य इस बैठक में नहीं आ पाए और आगे आने वाली बैठकों में हिस्सा लेंगे ऐसी उम्मीद जताई जा रही है। इसलिए यह सर्वे अभी इन्हीं सदस्यों से शुरू किया जायगा। फिर उम्मीद जताई जा रही है कि पूरे शहर के अलग अलग क्षेत्रों को सर्वे के दायरे में ले लिया जायगा। जो भी इस सर्वे में हिस्सा लेगा उसको मैड की ओर से ‘स्वछता सैनानी’ की उपाधि दी जायगी और जो यह सर्वे पूरा कर लेगा उसे ‘सफाई सूरमा’ के ख़िताब से नवाज़ा जायगा जो इस बात का एक तरीके से सबूत होगा कि यह लोग सफाई को प्रतिबद्ध हैं।
संस्था की ओर से हफ्ते भर में मैड संस्था के सभी सदस्यों को यह लक्ष्य दिया गया है कि वह अपने क्षेत्र के लगभग 100 घरों से बातचीत करें। मैड संस्था की ओर से यह भी तैयारी की जा रही बाई कि सभी संस्थाओं को साथ लेकर इस अभियान को चलाया जाएगा। इस बैठक में मैड की ओर से संस्थापक अध्यक्ष अभिजय नेगी, पल्लवी भाटिया, हृदयेश, श्रेया रोहिल्ला, ऋषभ शुक्ला, एकता सती, विनोद बघियाल, सूर्यदेव जोशी शामिल हुए।
मैड कूड़े को उद्गम स्थल पर एकत्र करने के लिए चलाएगा अभियान
गैस कम होने की शिकायत पर 38 सिलेंडर जब्त
ऋषिकेश। ऋषिकेश क्षेत्र में गैस सिलेंडरों में गैस कम भरे होने की शिकायत पर स्थानीय प्रशासन द्वारा एक टैंपो पर लदे 38 गैस सिलेंडरों को तोला गया, तो सभी में गैस कम पाई गई। प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया।
ऋषिकेश क्षेत्र में पिछले काफी समय से गैस सिलेंडरों में गैस कम भरने की शिकायत स्थानीय प्रशासन को मिल रही थी, जिसे लेकर रविवार को स्थानीय प्रशासन द्वारा गैस सिलेंडरों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
रेलवे स्टेशन से पुराने बस अड्डे मार्ग को जाने वाले बनखंडी मोहल्ले में जब तहसीलदार रेखा आर्य द्वारा उमा गैस एजेंसी के एक टेंपो को गैस वितरण करते हुए रोक कर उस पर रखे 38 सिलेंडरों को तोला गया तो सभी सिलेंडर में गैस कम पाई गई। जिस पर तहसीलदार रेखा आर्य ने कार्रवाई करते हुए सभी गैस सिलेंडर को जब्त कर लिया। उनका कहना था कि इससे पूर्व भी इस सम्बध में शिकायत पर कार्रवाई की गई थी, जिन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया था।
निकाय चुनावों के लिए ‘आप’ तैयार
देहरादून। आम आदमी पार्टी (आप) देहरादून महानगर ने आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन रविवार को उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विशेष सलाहकार राकेश कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में स्थानीय अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी राकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के तेरह जिलों में से दस जिलों में पूरे दमखम के साथ निकाय चुनावों में उतर रही है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों के साथ ही आम आदमी पार्टी राज्य की मुख्यधारा की राजनीति में तेजी से एक सशक्त विकल्प के रूप में उभरेगी। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिन्हा ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
महानगर अध्यक्ष विशाल चौधरी ने कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी नगर निगम चुनावों में भाजपा और कांग्रेस दोनों को कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार है। संगठनात्मक रूप से आम आदमी पार्टी प्रत्येक वार्ड में बूथ अध्यक्ष व पोलिंग सेंटर प्रभारी बनाने की रणनीति पर काम कर रही है और आने वाले समय में नगर निगम सीमा विस्तार के अंतर्गत प्रत्येक नवगठित वार्डों में बूथवार एजेंट बनाये जा रहे हैं। प्रत्येक वार्ड में वार्ड अध्यक्षों व वार्ड सचिवों की नियुक्तियां पहले ही की जा चुकी है, जो तेजी से सदस्यता अभियान पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में आम आदमी पार्टी की दखल से भ्रष्ट व अवसरवादी कांग्रेस-भाजपा घबराई हुई हैं क्योंकि आम आदमी पार्टी के रूप में आज प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्षा उमा सिसौदिया ने कहा कि प्रदेश की जनता बारी-बारी से कांग्रेस-भाजपा के भ्रष्टाचार व कुशासन से त्रस्त है, परन्तु राजनैतिक विकल्पहीनता के कारण इन्हीं को चुनने पर विवश है। इस बार स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी की झाड़ू कांग्रेस-भाजपा के भ्रष्टाचार व कुशासन का सफाया करेगी और प्रदेश की जनता को एक सशक्त ईमानदार व स्वच्छ राजनैतिक विकल्प देगी।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्षय श्यामबाबू पांडेय व नसीम राव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्यामलाल नाथ व एसएस कलेर, प्रदेश संगठन सचिव देवेन्द्र कोटलिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी कुलदीप सहदेव, जिला सचिव अभिषेक बहुगुणा, अशोक सेमवाल, विनोद बजाज, जीतेन्द्र पन्त, सुधीर पन्त, विनय राणा, विपिन खन्ना, सोमेश बुड़ाकोटी, रामवचन राजबर, सहित अनेक कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
बस ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, मौत
हरिद्वार। चमोली के एक युवक की सड़क हादसे में रविवार को मौत हो गई। युवक पतंजलि योगपीठ में सुपरवाइजर के पद पर तैनात था। हादसा उस समय हुआ जब वह स्कूटी से पतंजलि संस्थान ड्यूटी पर जा रहा था। तभी राजस्थान रोडवेज की बस ने उसे टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तराखण्ड के चमोली जिले के नारायणबगढ़ निवासी दीपेंद्र पुत्र चन्द्र सिंह 31 वर्ष पतंजलि योग पीठ में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। रविवार सुबह दीपेंद्र स्कूटी से पतंजलि योगपीठ जा रहा था कि तभी बहादराबाद के समीप राजस्थान रोडवेज की बस ने उसकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने दीपेन्द्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दीपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बस का पीछा किया, जिसके बाद चालक बस को रानीपुर झाल पर छोड़कर फरार हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के ताऊ सुनील नेगी पुत्र मोहन नेगी ने थाने में बस चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
आइये आपको लेकर चले उत्तराखंड के इस ”बकरी गांव” में
हमेशा ‘बकरी स्वंयवर’ को लेकर सुर्खियों में रहने वाला गोट विलेज केवल बकरी स्वंयवर नही करता बल्कि इस गांव में और भी बहुत कुछ होता है।आइये आपको इस गांव के अंदर लेकर चलते है जहां एक कम्यूनिटी ग्रीन पीपल पिछले 3 साल से काम कर रहा है।

साल 2015 से शुरु हुए ग्रीन पीपल ऑर्गनाइजेशन ने ना केवल गोट विलेज नाम से गांवो को बसाया बल्कि गांव में रहने वालो को रोजगार के नए साधन दिए।देहरादून से लगभग 3-4 घंटे दूरी पर बसा यह गांव गोट विलेज के नाम से भी जाना जाता है, जहां लोगो के राज़गोर का माध्यम है बकरी पालन। ग्रीन पीपल एक ऐसा ऑर्गनाइजेशन है जिसने राज्य से खाली हुए गांवो को एक फिर बसाने का बेड़ा उठाया और किसानों की जीने की एक नई राह दी है।इस समय राज्य में तीन गोट विलेज है जिसमे एक नागटिब्बा, दूसरा कानाताल और तीसरा दयारा बुग्याल मे है।आने वाले मार्च से ग्रीन पीपल एक और गोट विलेज बसाने की तैयारी मे है।

गोट विलेज के बारे मे बात करते हुए ग्रीन पीपल की सदस्य मानसी बंसल ने बताया कि, “गोट विलेज ऐसी जगहों पर बनाया गया है जहां से लोगो ने पलायन कर लिया है और अपने घर खाली छोड़ गए है।ज्यादातर किसानो के घर और गांव छोड़ने की वजह थी उनके फसल को कोई पूछने वाला नही था।ऐसे गांवो को चुनने के बाद गोट विलेज की शुरुआत की गई और और इन गांवों में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया गया है।मानसी ने बताया कि, “शहर से आए लोगो के लिए गोट विलेट में होमस्टे की व्यवस्था है जिन्हे उन्ही घरो मे ठहाराया जाता है जो सालो पहले लोग छोड़ कर जा चुके है।साथ ही लोकल क्यूज़िन और पहाड़ के क्षेत्रीय फसल और यहां के खाने से लोगो को स्वागत किया जाता है।एक तो इससे शहर से आए टूरिस्ट को पहाड़ की परंपरा और संस्कृति का पता चलता है साथ ही गांव के क्षेत्रीय लोगो का कॉंफिडेंस भी बढ़ता है।ग्रीन पीपल के साथ बहुत से लोग अपनी स्वेच्छा से जुड़े हुए है।
गांव के लोग बकरी पालन के अलावा पहाड़ के दाल और फसल की खेती भी करते है जो ग्रीन पीपल द्वारा पैकेजिंग के बाद सीधे शहरों मे बेचा जाता है। इतना ही नही गांव के लोग बकरी के दूध को भी बाजार मे बेचते है। गोट विलेज के माध्यम से गांव के लोग यह संदेश देना चाहते है कि किस तरह लोग गांव में रहकर रोज़गार से जुड़े रह सकते है। साथ ही गांव के लोग एग्रीकल्चर,हॉटिकल्चर,पशु-पालन,लोक संगीत और नृत्य के माध्यम से गांव में आए हुए टूरिस्ट को राज्य की परंपरा से रुबरु कराते है।

गोट विलेज मे ना केवल किसानों के पूराने घरो मे होमस्टे की पहल की गई है बल्कि गांव के लोग शहर मे गोट मैनेजमेंज भी सीख रहे है।इसके अलावा आर्गेनिक खेती भी गोट विलेज का एक अहम आर्कषण है।गोट विलेज यानि बकरी गांव में होने वाली सभी फसल को बकरी छाप ब्रॉंड के माध्यम से बाजार मे बेचा जाता है और इसका मुनाफा सीधे किसानो को मिलता है।इस ब्रॉंड के अंदर दाल,राजमा,हल्दी,सोयाबीन,मक्के का आटा,मंडुआ,भाट की दाल और भी बहुत से क्षेत्रीय फसल बेचे जाते है।

गौरतलब है कि पिछले साल फरवरी में ग्रीन पीपल द्वारा शुरु किया गया बकरी स्वंयवर किसी से छिपा नही है। उन दिनो सुर्खियों में रहने वाला स्वंयवर भी इसी कम्यूनिटी की ही देन है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण है बकरियो को उनके पसंद का जीवनसाथी मिले साथ ही बकरी की गुणवत्ता को भी सुधारा जा सके।
इस साल बकरी स्वंयवर 11 मार्च को टिहरी गढ़वाल के पंतवाड़ी में तय किया गया है, जिसमें आप सब इनवाइटेड है।
साल 2017 से ज्यादा रहा इस बार आसन बैराज पर पक्षियों का हूजुम
पक्षियों का घर कहे जाने वाले आसन बैराज को इस साल अबतक कुल 6,008 प्रवासी पक्षियों ने अपना घर बनाया है। विशेषज्ञों का कहना है कि 2017 से पक्षियों का दौरा करने की संख्या में 20% की वृद्धि हुई है। वन विभाग और बर्ड वॉचरों ने बताया कि जनवरी में आसन रिर्जन में 63 अलग-अलग प्रजातियों के पक्षी देखे गए है।
प्रवासी पक्षियों की संख्या में वृद्धि एक अच्छी खबर है क्योंकि बर्ड वॉचर्स ने पहले बताया कि कुमाऊं में बदलते मौसम ने प्रवासी पक्षियों की उड़ान के पैर्टन को प्रभावित किया है, जिसकी वजह से क्षेत्र में कई स्थानों के अलावा कॉर्बेट नेशनल पार्क में भी पक्षियों के आने में देरी हुई है।
तितली ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष संजय सोंधी ने बताया कि, “बर्डर्स ने 6,008 पक्षीयों में 63 नई प्रजातियों को गिना है। इसमें से 5,832 प्रजाति 43 वेटलैंड प्रजातियों से संबंधित थे जबकि बाकि 176 वेटलैड प्रजातियों पर आधारित थी। एक ही प्रजाति से संबंधित सबसे ज्यादा चिड़िया 1495 यूरेशियन कूट है। रेड-क्रस्टेड पोचार्ड भी सबसे बड़ी संख्या में देखा गया था, जिसमें 1035 पक्षी बैराज में थे, जो पिछले साल के 585 की तुलना में लगभग दोगुना है।“
इसका दूसरा पहलू प्रतीक पंवार ने भी बताया जो काफी समय से बर्ड वॉचिंग कर रहे है और एआरसीएच संस्था से संबंध ऱखते है।प्रतीक का कहना है कि, “यह कोई चौकने वाली बात नही है कि माइग्रेटरी पक्षियों की संख्या में वृद्धि हुई है, लेकिन पक्षियों के प्रजाति में कमी हुई है जिसका कारण ग्लोबल क्लाईमेट बदलाव है जिसकी वजह से पक्षियों के माइग्रेशन पैर्टन में भी बदलाव आया है।”
गौरतलब है कि आसन बैराज भारत का पहला वेटलैड कर्न्जवेशन रिर्ज़व है और इसका दायरा काफी बड़ा है जिसके चलते सालों से प्रवासी पक्षी इसे अपनी पसंदीदा आरामगाह बनाते आ रहे हैं।
बत्ती गुल मीटर चालू की शूटिंग के लिए श्रद्धा कपूर भी पहुँची टिहरी
डोईवाला। अपनी नई फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू की शूटिंग के लिए फ़िल्म की हिरोइन श्रद्धा कपूर भी पहुँची टिहरी, इंडिगो की फ्लाइट से श्रद्धा कपूर अपने मेकअप आर्टिस्ट के साथ जोली ग्रांट एयर पोर्ट पहुँची। एयर पोर्ट पर जैसे ही श्रद्धा कपूर के आने की खबर प्रसंशको को लगी तो प्रसंशक फ़ोटो खिंचाने और सेल्फी लेने के लिये जमा हो गये लेकिन बाउंसर ओर पुलिस ने किसी को भी फ़ोटो नही लेने दी और श्रद्धा कपूर एयर पोर्ट से टिहरी के लिए रवाना हो गई। फ़िल्म के हीरो शहिद कपूर टीम के साथ पहले ही टिहरी पहुंच गये थे।

गौरतलब है कि हाल-फिलहाल में सुनील सेठ्ठी, अजुर्न कपूर, सुशांत राजपूूत और सारा जैसे कई बड़े कलाकार उत्तराखंड की हसीन वादियों का लुफ्त उठा चुके है। दरअसल ये सभी कलाकार यहां शूटिंग के लिए यहां आए थे। वहीं एक बार फिर एक और बड़े बॉलीवु़ड अभिनेता ने यहां अपना रुख किया।
बीते गुरुवार को अभिनेता शाहिद कपूर देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंंचे थे। शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर अपनी फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू फ़िल्म की शूटिंग के लिए उत्तराखंड आएं है आपको बता दें बीते शुक्रवार से शाहिद और श्रद्धा की फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू की शूटिंग शुरु हो चुकी है।
‘पैडमैन’ दिखाकर छात्राओं को बांटे सेनेटरी नैपकिन
ऋषिकेश। लायंस क्लब रॉयल की महिला इकाई ने युवतियों के मुश्किल दिनों की झिझक को दूर करने के लिए उन्हें शनिवार को अक्षय कुमार के शानदार अभिनय से सजी पैडमैन फिल्म दिखाई। फिल्म के उपरांत क्लब की ओर से सभी छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन भी वितरित किए गए।
राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज और पंजाब सिन्ध क्षेत्र इण्टर कॉलेज की छात्राओं के लिए शनिवार का दिन बेहद खास रहा। क्लब की और से टीनएजर्स युवतियों के मुश्किल दिनों की झिझक को दूर करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम के तहत छात्राओं को फिल्म दिखाकर संदेश दिया गया कि वे अपनी परेशानियों के लिए घबराएं नहीं बल्कि बिना झिझक के अपनी मां अथवा शिक्षिकाओं से खुलकर बात करें।
लांयस क्लब रॉयल की महिला इकाई की समन्वयक लॉयन कोमल मखीजा ने बताया कि सभी छात्राओं को मूवी दिखाने के उपरांत नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर के बावजूद आज भी युवतियां समाज में माहवारी को लेके शर्म महसूस करती हैं।
लड़कियां माहवारी के समय किसी से बात करने में असहज रहती है व शर्म महसूस करती है उसी झिझक को तोड़ने के लिए ये पहल की गई है। इस दौरान युविका, चंदानी, सरिता छाबड़ा, पूजा गर्ग, राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज की प्रधानाचार्य राजेश्वरी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रही।
गैरसैंण में बजट सत्र के लिए जिला प्रशासन ने कसी कमर
गोपेश्वर। चमोली जिले के भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आगामी 20 मार्च से शुरू होकर 28 मार्च तक चलने वाले विधानसभा बजट सत्र की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कसनी शुरू कर दी है। इसके लिए शनिवार को भरारीसैंण में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक भी हुई।
अधिकारियों की बैठक लेते हुए जिलाधिकारी चमोली आशीष जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधानसभा बजट सत्र के दौरान भराड़ीसैण में की जानी वाली सभी प्रकार की व्यवस्थाओं को जल्द चाक-चौबंद कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि समय रहते व्यवस्थाओं का प्लान सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपलब्ध करा दें। उन्होंने सत्र के सफल आयोजन के लिए नियुक्त सभी नोडल अधिकारी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन भली-भांति करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही व चूक को बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान आवश्यक सेवाओं को दुरुस्त रखने के साथ-साथ बीएसएनएल ब्रॉडबैंड सेवा को भी दुरुस्त रखना होगा क्योंकि कई बार आवश्यक दस्तावेज मंगाने व भेजने में विलंब के कारण परेशानियां उठानी पड़ती है। जिलाधिकारी ने लोनिवि, एनएच, ऊर्जा, जल संस्थान, पेयजल निगम और मेडिकल आदि प्रमुख विभागीय अधिकारियों को भराड़ीसैण में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिये है। उन्होंने गौचर, भराड़ीसैंण, सलियाना बैंड स्थित हेलीपैडों में फायरब्रिगेड, सेफहाउस आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने तथा आदिबद्री-गैरसैंण मोटर को ठीक करने के निर्देश एनएच लोनिवि अधिकारियों को दिये। उन्होंने बर्फबारी की संभावना को दृष्टिगत एनएच को स्नो-कटर की व्यवस्था तथा लोनिवि को जेसीबी मशीन उपलब्ध रखने को कहा। सुरक्षा की दृष्टि से विधानसभा भवन सहित विभिन्न स्थानों पर लगाये जाने हेतु बैरिकेटिंग के प्वांइट भी चयनित करने के लिये पुलिस विभाग को कहा।
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन विधानसभा भवन के परिसर, सभामंडप एवं आॅफिसों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। बताया गया कि सीएम आॅफिस का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। बैठक में अपर जिलाधिकारी ईला गिरि, सीएमओ डॉ भागीरथी जंगपांगी, एसडीएम गैरसैंण स्मृता परमार, कर्णप्रयाग एसडीएम केएन गोस्वामी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी के आसार
देहरादून, उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून सहित प्रदेशभर में 11 फरवरी से तीन दिन तक हल्की व मध्यम बारिश तथा अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना है, जिससे राज्य में फिर से एक बार ठंड बढ़ सकती है। शनिवार की सुबह देहरादून में खिली धूप निकली, इससे लोगों ने राहत की सांस ली, जबकि शाम के समय आसामन में आंशिक बादल बना रहा।
राज्य में हवाएं छह किलोमिटर प्रति घंटे की गति से चल रही थी, जबकि नमी 37 प्रतिशत व वृष्ठि शून्य था। वहीं शुक्रवार को रात व सुबह हवाएं चलने से मौसम में ठंडापन देखने को मिला।
उत्तराखण्ड मौसम विभाग का मानना है कि प्रदेश में 11 फरवरी की शाम से शिव रात्रि के दिन 13 फरवरी की दोपहर तक हल्की बारिश हो सकती है। 2500 मीटर से अधिक उंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। इस दौरान पारा लगभग पांच डिग्री तक गिर सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि, “11 और 13 फरवरी को पर्वतीय जिलों में बारिश होगी है। इस दिन दून में हल्की बारिश होने की संभावना है लेकिन 12 फरवरी को देहरादून समेत पूरे प्रदेश में हल्की व मध्यम बारिश होने के आसार हैं।”





























































