Page 159

मुस्कान बिखेरता ऑपरेशन स्माइल, 173 बच्चे बरामद

0

देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा चलाया जा रहा अभियान ‘ऑपरेशन स्माइल’ अपनों से बिछड़े को मिलाकर मुस्कान बिखेर रहा है। पुलिस की टीमों ने बीते 15 दिनों में कुल 173 बच्चों को बरामद किया है। इसमें से 35 पंजीकृत (अन्य राज्य पंजीकृत-06) तथा 138 अपंजीकृत हैं।

एडीजी अशोक कुमार ने बताया कि बरामद कुल 173 बच्चों में 135 बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा चुका है तथा शेष 38 बच्चों को पुनर्वास के लिए बाल गृह में दाखिल किया गया है। इनके परिजनों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि बरामद बच्चों में काफी संख्या में ऐसे बच्चे भी हैं, जो काफी समय से अपने परिजनों से बिछुड़े हुए थे। हरिद्वार ऑपरेशन टीम द्वारा उत्तर-प्रदेश में पंजीकृत 2, टिहरी द्वारा दिल्ली-1 चम्पावत द्वारा चण्डीगढ़-1 व रेलवे द्वारा हरियाणा तथा दिल्ली में पंजीकृत 1-1 गुमशुदा बालक बरामद किये गए हैं।
एडीजी द्वारा ऑपरेशन स्माइल की समस्त टीमों के 15 दिवस के कार्यों की समीक्षा की गयी। अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जनपद हरिद्वार के नोडल अधिकारी ममता वोहरा व उनकी टीम के प्रभारी निरीक्षक अनिल जोशी, जनपद नैनीताल के नोडल अधिकारी लोकजीत सिंह व उनकी टीम के प्रभारी उ0नि0, मुनव्वर हुसैन को मय टीम 5000-5000 रु. पुरस्कार की घोषणा की गयी। अन्य समस्त टीमों के कार्य की भी सराहना की। सभी को कड़ी मेहनत व लगन से कार्य करने के लिए भी निर्देशित किया है। अपर पुलिस महानिदेशक ने प्रदेश में अभियान का पर्यवेक्षण करने के लिए शाहजहाँ जावेद खान नोडल अधिकारी आॅपरेशन स्माइल के कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही प्रदेश में गुमशुदा बच्चों की तलाश एवं पुनर्वास के लिए ऑपरेशन स्माइल अभियान को पुनः फरवरी तक चलाये जाने के लिए निर्देशित किया।

जाम का झाम: तीर्थ नगरी में प्रशासनिक फरमान हुआ बेमानी

0

ऋषिकेश। प्रशासनिक फरमान तीर्थनगरी में लोगों के लिए शायद कोई मायने नहीं रखते हैं। कानूनी पाठ को तो धर्म नगरी में ठेंगा दिखाने वालों की लंबी फेहरिस्त है। फिर चाहे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर शहर की सड़कों पर दौड़ रहे ऑटो वाहन व विक्रम वाहन हों या फिर फुटपाथ पर अतिक्रमण कर अपना रोजगार चला रहे ठेली खोमचे वाले।
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ऋषिकेश में रसूख वाले लोग तो इन सब से भी दो कदम आगे बढ़ते हुए नजर आ रहे हैं। नो पार्किंग जोन में अपनी गाड़ियों को पार्क कर देना अब रोज की बात हो गई है। इसकी वजह से दिनभर तीर्थनगरी जाम से जूझती रहती है। कई मर्तबा हालत इतने बदतर हो जाते है कि राहगीरों के लिए निकलना मुश्किल हो जाता है। शहर में पुलिस प्रशासन सड़कों के किनारे वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ लगातार चालान की कार्यवाही करता रहा है। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। पिछले कुंभ के दौरान ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर फुटपाथ का निर्माण प्रशासन द्वारा कराया गया था लेकिन महत्वपूर्ण सड़क की कई बार की गई खुदाई व दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण की वजह से यह फुटपाथ आप पूरी तरह से गायब हो चुका है।
ऋषिकेश के इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोगों के लिए आवागमन भी मुश्किल हो गया है। इन सबके बीच जाम की समस्या से कराह रहे शहर के प्रमुख मार्ग पर यातायात व्यवस्था कब पटरी पर लौटेगी, यह कहना फिलहाल बेहद मुश्किल है।
उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि नगर में कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है। जल्द ही व्यवस्था मे सुधार दिखाई देगा।

आजादी के 70 साल बाद बिजली से रोशन होगा चमोली जिले का रतगांव

0

देहरादून । चमोली जिले के विकासखंड थराली के अंतर्गत दूरस्थ क्षेत्र रतगांव देश की आजादी के सात दशक बाद बिजली से रोशन होगा। यह संभव हो पा रहा है प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के  आफिशियल ‘मोबाइल एप्प’ पर दर्ज शिकायत से। मोबाइल एप्प पर दर्ज शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने त्वरित कार्यवाही करतेहुए उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के उच्चाधिकारियों को निर्देशित किया है।

सीएम कार्यालय को यूपीसीएल अधिकारियों ने बताया है कि  इस कार्य को करने के लिए निविदा आमंत्रित की गई है निविदा खोलने के उपरांत 28 फरवरी तक विद्युतीकरण का कार्य आवंटित कर दिया जाएगा

उपरोक्त गांव में आगामी जून तक बिजली पहुंचा दी जायेगी। यूपीसीएल गांव को केंद्र पोषित दीन दयाल ग्राम ज्योति विद्युतीकरण योजनाके जरिए बिजली से रोशन करने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

दरअसल, क्षेत्र के निवासी प्रदीप सिंह फरस्वाण ने बीती सात फरवरी  को मुख्यमंत्री के मोबाइल एप्प पर रतगांव की जनसमस्याओं के संबंध में शिकायत दर्ज की थी। शिकायत में कहा गया था कि आजादी के इतने साल बाद भी विकासखंड थराली के अंतर्गत दूरस्थ क्षेत्र रतगांव में रह रहे चार सौ से अधिक परिवार आज भी बिजली की रोशनी से वंचित हैं।

राज्य गठन से पहले व बाद में गांव को विद्युतीकरण को लेकर शासन प्रशासन से लगातार मांग की जाती रही है।  इतनी ब़ड़ी आबादी वाले इस गांव में अब तक बिजली की कोई व्यवस्था नहीं है।

सीएम मोबाइल एप्प पर दर्ज क्षेत्र के निवासी प्रदीप की शिकायत का संज्ञान लेते हुए सीएम कार्यालय ने  त्वरितकार्यवाही की है। यूपीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि रतगांव में प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द बिजली पहुंचाई जाए। इस पर शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री कार्यालय का आभार जताया है।

देवाल के कई गांवों का आज तक नहीं हुआ विद्युतीकरण

0
DEMO PIC

गोपेश्वर। जहां एक ओर चमोली जिले का विद्युत विभाग जनपद के सभी गांवों के विद्युतीकरण का दावा करता है वहीं आज भी चमोली जिले के दूरस्थ विकास खंड देवाल के आधा दर्जन से अधिक गांवों का अभी तक विद्युतीकरण ही नहीं हो पाया है।

विभाग के दावों की पोल शनिवार को देवाल के लौहजंग में जिलाधिकारी चमोली आशीष जोशी की अध्यक्षता में लगे बहुद्देशीय शिविर में उस समय खुली जब ग्रामीणों ने बलाण, पिनाउं, वेराधार, कुलिंग, दीदना, वाण, घेस, हिमनी आदि गांवों के लोगों ने गांव व तोकों का विद्युतीकरण करने की मांग शिविर में उठायी। इस पर जिलाधिकारी चमोली खासे नाराज नजर आये। उन्होंने विद्युत विहीन सभी गांव व तोकों में विद्युतीकरण होने तक सोलर लाइट उपलब्ध कराने के निर्देश उरेडा विभाग के अधिकारियों को दिये तथा विद्युत विभाग को माह फरवरी के अंत तक इस समस्या के समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने कई स्थानों पर झूलते बिजली के तारों की समस्या और उनसे होने वाली दुर्घटना से भी जिलाधिकारी को आगाह किया। इस पर जिलाधिकारी ने ईई विद्युत को फरवरी माह के अंत तक ग्रामीणों को झुलते तारों की समस्या से निजात दिलवाने की भी बात कही। 

राष्ट्रीय सुरक्षा: चीन की सीमाओं पर निगरानी के लिये जॉली ग्रांट होगा महत्त्वपूर्ण

0

ऋषिकेश, बीते कुछ दिनों से ऋषिकेश के आसमान में उड़ान भरते वायु सेना के फाइटर विमान अपनी धमक से उत्तराखंड की वादियों को हिला रहे हैं। और खास बात यह है कि यह विमान जॉली ग्रांट एयरपोर्ट के रनवे को छूकर उड़ान भर रहे हैं जो कहीं ना कहीं इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में जॉली ग्रांट एयरपोर्ट की महत्वपूर्णता बढ़ने जा रही है। उत्तराखंड से लगी भारत चीन सीमा पर चीनी सेनाओं की लगातार बढ़ती घुसपैठ कहीं ना कहीं भारतीय सेना को मजबूर कर रही है कि वह आने वाले दिनों मैं चीन की बढ़ती दादागिरी को रोकने के लिए अपनी सीमाओं पर मजबूती के साथ चौकसी करता हुआ दिखाई दे जिसके लिए रक्षा मंत्रालय ने अब उत्तराखंड की ओर ध्यान देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सेना का मालवाहक विमान बोइंग सी-17 ग्लोबमास्टर जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर लैंड हुआ विमान एयरपोर्ट के रनवे पर दौड़ते हुए एनटीआरओ पर जाकर रुका बड़े विमान की लैंडिंग के मद्देनजर पहले से ही एयरपोर्ट पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई थी पूरा रनवे खाली था और देश दूसरे विमानों की नियमित आवाजाही को भी बंद कर दिया गया था। सेना के द्वारा की गई इस तरह की एक्सरसाइज को भविष्य के लिए उत्तराखंड की सामरिक महत्वपूर्णता को देखते हुए किया जा रहा है। जॉली ग्रांट एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया है कि यह इंडियन आर्मी की एक्सरसाइज है जिसे इस बार उत्तराखंड में किया गया है हिंडन एयरबेस से लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी और वह बिना लैंड किए ही लौट गए वहीं मालवाहक विमान सिरसा एयरवेज से आया था।

योग, ध्यान और भारतीय अध्यात्म में विदेशियों की रुचि बढ़ी

0

ऋषिकेश। विदेशियों मे भारतीय संस्कृति को अपनाने के लिए दीवानगी का आलम देखने को मिल रहा है। योग, ध्यान और अध्यात्म के साथ पतित पावनी मां गंगा की शरण सात समुन्दर पार से आये विदेशियों को खूब लुभा रही है।
ऋषियों-मुनियों की तपो भूमि तीर्थ नगरी तेजी से अब भारतीय संस्कृति व सभ्यता को संरक्षित और पुनर्जीवित करने का केंद्र बनती जा रही है। इस पावन धरती पर हर साल देश-विदेश योग महोत्सव में जहां दुनिया भर से योग जिज्ञासु जुटते हैं वहीं वर्ष भर तपोभूमि विदेशियों से गुलजार नजर आती है।
भारतीय संस्कृति, सभ्यता, साधना और कला को जानने, समझने और सीखने की ललक ने विदेशियों के दिलो दिमाग पर जादू सा कर रखा है। कहा जाता है कि संस्कृति किसी भी राष्ट्र की आत्मा होती है। उस आत्मा को मजबूती प्रदान करना हम सबका दायित्व है।
इस बात को भले ही मोजूदा दौर की भारतीय युवा पीढ़ी न समझ पा रही हो लेकिन विदेशी महान भारतीय संस्कृति और सभ्यता को लेकर जिस प्रकार उत्साहित और उत्प्रेरित हैं वो अपने आप में बेहद हैरान करने वाली है। भारतीय पारम्परिक पोशाकों,सौन्दर्य प्रसाधनों एवं भारतीय व्यजंनों के प्रति भी विदेशियों में जबर्दस्त क्रेज है। तीर्थाटन एवं पर्यटन की दृष्टि से भी यह एक सुखद संकेत है।

कांग्रेसियों ने पीएनबी घोटाले पर केन्द्र सरकार का फूंका पुतला

0

ऋषिकेश। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में हुए हजारों करोड़ रु. के घोटाले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केन्द्र की मोदी सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान सांकेतिक जाम लगाकर नारेबाजी भी की।
शनिवार की दोपहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयेन्द्र रमोला के नेतृत्व मे बड़ी संख्या में कांग्रेस भवन में एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने पीएनबी घोटाले को लेकर प्रदर्शन कर मोदी सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयेन्द्र रमोला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा चुनाव से पूर्व भ्रष्टाचार पर बड़े—बड़े लच्छेदार भाषण में विदेशों में जमा काला धन वापस लाने की बात करते थे। आज लगातार व्यवसायी घोटालों पर घोटाले कर रहे हैं और सरकार उनको आर्थिक मदद कर रही है। जब पैसा लौटाने का समय आता है तब वह देश छोड़कर भाग जाते हैं जिससे साफ है कि सरकार का उनको संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि देशवासियों की मेहनत की कमाई केन्द्र की मोदी सरकार लुटवाने पर लगी हुई है।
नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष शिवमोहन मिश्र ने कहा कि पीएनबी घोटाले की उच्च स्तरीय जॉंच के बाद इसमें दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कानूनन कारवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों में मदनमोहन शर्मा, प्रदीप जैन ,सैय्यद मुमताज हाशिम, वेदप्रकाश शर्मा,सतीश शर्मा आदि शामिल थे।

बागियों पर भाजपा हुई कठोर, प्रणव सिंह चैंपियन को दिया नोटिस

0

देहरादून। उत्तराखंड में राजनीतिक घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। भ्रष्टाचार पर जीरो टाॅलरेंस वाली सरकार के मुखिया त्रिवेंद्र सिंह रावत पर उन्हीं के सहयोगियों द्वारा करारा प्रहार किया जा रहा है। कांग्रेस से आए हुए लोग जिन्होंने कांग्रेस में खटास पैदा की थी, वही लोग भाजपा में भी खटास पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन है। इन्हें भाजपा प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के बाद कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

भले ही राजे-रजवाड़े समाप्त हो रहे हैं लेकिन आज भी कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन में अकड़ वैसे ही है। चैंपियन जहां भी रहे हैं उन्होंने अपनी ही सरकारों के लिए हमेशा गड्ढा खोदने का काम किया है लेकिन भाजपा में शायद यह थ्योरी न चल पाए। यही कारण है कि उनके इस तेवर को देखते हुए पार्टी ने महामंत्री मुख्यालय नरेश बंसल को जांच अधिकारी बनाकर उनके प्रकरण की जांच को कहा है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के निर्देशन पर जांच अधिकारी नरेश बंसल ने उन्हें नोटिस भेज दिए हैं और प्रथम दृष्टया उनके आचरण और बयानों को पार्टी विरोधी पाया गया है। पिछले कुछ दिनों से संगठन में कुछ नेताओं के विरोधी तेवर को देखते हुए पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया था। प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा था कि बागियों को बख्शा नहीं जाएगा। कुंवर प्रणव के प्रकरण को भी इसी कड़ी में देखा जा रहा है।
प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने साफ किया है कि कोई भी नेता चाहे वह किसी भी पद का हो, अगर अनुशासनहीनता के दायरे में आएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के निष्कासन को लेकर अनुमति मिल गई है। माना जा रहा है कि कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बहाने और कई नेताओं को भाजपा सबक सिखाने वाली है। चैंपियन को भाजपा ठीक भीमलाल की तरह ही निलंबित करेगी।
पिछले कुछ दिनों से खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और उनकी पत्नी कुुंवरानी देवयानी संगठन के विरुद्ध लगातार मुखर हैं। मीडिया में दिए गये उनके बयानों के कारण उन पर पार्टी का रुख काफी टेढ़ा है, जिसके कारण वह अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में होने के कारण उनसे नहीं मिल पाए। यहां भी मीडिया से बातचीत के दौरान कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने जो कुछ कहा वह उनकी नाराजगी से देखा जा सकता है लेकिन भारतीय जनता पार्टी दबाव में आने वाली नहीं है, जिसके कारण मुख्यमंत्री और पार्टी के पदाध्किारी उन्हें अनुशासनहीन मानने लगे हैं।
शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की मीडिया टीम की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसे बजट पर चर्चा का नाम दिया गया था। पहले तो इस कार्यक्रम में मीडिया टीम भीड़ नहीं जुटा पाई और इसी बीच कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन भी वहां पहुंच गए, जिससे मुख्यमंत्राी का मन खराब हो गया। हालांकि औपचारिक रूप से उन्होंने कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को कुछ नहीं कहा लेकिन कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन मीडिया से मुखातिब होते समय अपनी तल्खी नहीं छुपा पाए। जो इस बात का संकेत था कि मुख्यमंत्री ने उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं दिया है।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन भाजपा से निष्कासित हो सकते हैं। हाल ही में कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन प्रकरण की जांच के बाद प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के बाद कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसका जवाब कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को 10 दिन के भीतर देना है। प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने कहा कि प्रथमदृष्टया पूरा मामला अनुशासनहीनता का बनता है। उनके द्वारा समाचार पत्रों, सोशल मीडिया और इलेक्ट्राॅनिक मीडिया में जो बयान दिए गए हैं उनका परीक्षण करने के उपरांत जांच की गई है। जांच रिपोर्ट को अध्यक्ष को सौपे जाने के बाद उनके निर्देश पर खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को नोटिस जारी किया गया है। 

नीरव मोदी कांडः जांच एजेंसी करेगी ह्विसलब्लोअर दुबे की तथ्यों की जांच

0

नई दिल्ली। नीरव मोदी कांड की जांच में मामले की परत दर परत खुलती जा रही है। इस बीच अपने को ह्विसलब्लोअर कहने वाले इलाहाबाद बैंक के पूर्व निदेशक दिनेश दुबे ने मीडिया के सामने आकर कहा है कि यूपीए सरकार चाहती तो इस घोटाले को रोक सकती थी। इस बीच इस मामले की जांच में शामिल एजेंसी की सूत्रों ने बताया कि दिनेश दुबे की ओर से रखे गए तथ्यों की जांच जरूर की जाएगी। दुबे ने यह भी बताया कि गीतांजलि जेम्स को लेकर उन्होंने साल 2013 में केंद्र सरकार और आरबीआई को पत्र लिखकर अगाह किया था कि पहले समूह 1500 करोड़ रुपये का लोन चुकाए लेकिन इसके बाद उनके ऊपर दबाव पड़ने लगा। इस दबाव के कारण उन्होंने इस्तीफा दे दिया। फिर मोदी का यह अवैध कारोबार जारी ही रहा।

हालांकि दुबे की इस जानकारी को कई लोग विरोधभासी कह रहे हैं। उनका कहना है कि अगर दुबे पर दबाव डाला गया तो इस्तीफा देकर उन्होंने उसी वक्त इस मामले की जानकारी लोगों को क्यों नहीं दी। दुबे ने कल कुछ निजी समाचार चैनलों पर उनकी ओर से सौंपे गए इस्तीफा के कागजात को भी दिखाया था। साथ ही इस मामले में दुबे की ओर से इंटरनेट पर किए गए पत्राचार की भी चर्चा हो रही है। जानकारी के मुताबिक दुबे ने रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर को भी नीरव मोदी के मामा मेहुल चोक्सी को 50 करोड़ की राशि कर्ज के तौर पर दिया गया जबकि इससे पहले चोक्सी पर 1500 करोड़ रुपए का लोन चढ़ा हुआ था। 

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोहली ने लगाई रिकार्डों की झड़ी

0

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला भारतीय टीम ने 5-1 से जीत ली है। टेस्ट श्रृंखला में 2-1 से मिली हार को भुलाते हुए भारतीय टीम ने एकदिवसीय श्रृंखला में गजब का प्रदर्शन किया। खासकर कप्तान विराट कोहली ने रिकार्डों की झड़ी लगा दी।


कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के उन्हीं के घर में किसी एक द्विपक्षीय एकदिवसीय श्रृंखला में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। कोहली ने श्रृंखला में तीन शतक और दो अर्धशतक सहित 558 रन बनाए और सलामी बल्लाबेज रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 491 रन बनाए थे।

इसके अलावा कोहली ने बतौर कप्तान किसी भी एक द्विपक्षीय श्रृंखला में सबसे ज़्यादा रन बनाने का विश्व रिकार्ड भी अपने नाम कर लिया। इस मामले में कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान जार्ज बैली को पीछे छोड़ा। बैली ने 478 रन बनाए थे।

एक एकदिवसीय श्रृंखला में 3 शतक लगाने वाले विराट कोहली भारत के पहले और दुनिया के सिर्फ़ दूसरे कप्तान हैं। 49 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले विराट कोहली ने भारत को 38 जीत दिलाई है और 10 मुक़ाबलों में टीम को हार मिली है और एक मुक़ाबला बारिश की भेंट चढ़ गया है।