Page 147

उत्तराखंड में राज्यसभा चुनाव 23 मार्च को, नेता अपना गणित बैठाने में जुटे

0

राज्यसभा की 58 सीटों के लिए 23 मार्च को चुनाव होने हैं। वोटों की गिनती भी उसी दिन होगी। उत्तराखंड में राज्य सभा सांसद महेंद्र सिंह माहरा का कार्यकाल अप्रैल में पूरा हो रहा है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में एक एक सीट पर राज्य सभा के लिए चुनाव होगा। उत्तराखंड से राज्यसभा की खाली हो रही सीट पर अभी कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह माहरा काबिज़ हैं लेकिन विधानसभा में बंपर बहुमत को देखते हुए इस बार यह सीट भाजपा के पास जाना तया है। जाहिर है कि इस सीट के लिये भाजपा में नेताओं के बीच ज़ोर आजमाइयश चल रही है। इन सब नेताओं में फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का पड़ला भारी दिख रहा है पर आखिरी फैसला पार्टी हाईकमान ने ही करना है।

नामांकन की अंतिम तिथि 12 मार्च तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 13 मार्च को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 15 मार्च है। मतदान 23 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और शाम पांच बजे मतगणना होगी। अगले महीने राज्यसभा की जिन सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें

  • यूपी की सबसे ज्यादा 10 सीटें
  • महाराष्ट्र और बिहार की 6-6,
  • मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की 5-5,
  • गुजरात और कर्नाटक की 4-4,
  • आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, राजस्थान की 3-3,
  • झारखंड की 2,
  • छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की 1-1 सीट शामिल हैं।

अप्रैल में राज्यसभा के रिटायर होने वाले 58 सदस्यों में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, धर्मेंद्र प्रधान, जेपी नड्डा, थावरचंद गहलोत और रामदास अठावले भी शामिल हैं। इसके अलावा बीएसपी सुप्रीमो मायावती की सीट पर भी चुनाव होंगे। जिन्होंने पिछले साल जुलाई में नाराज होकर राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।

 

कनखल में मिला मादा गुलदार का शव, चमोली में भालू की पित्ती के साथ तीन गिरफ्तार

0

(हरिद्वार) उपनगरी कनखल क्षेत्र में गुलदार आने से लोगों में हड़कंप मच गया। शनिवार देर शाम कुछ लोगों ने कनखल में नक्षत्र वाटिका के पास गुलदार देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी। शहर में गुलदार आने की खबर फैलते ही लोगों में हडकंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
रविवार को गुलदार की जब खोजबीन की जा रही थी तभी उसका शव वन विभाग की टीम को मिला। वन विभाग के मुताबिक गुलदार की उम्र ढाई साल है और वह मादा है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि उसकी मौत बिमारी के कारण हुई है। उधर, मौत के कारणों का पता लगाने के लिए वन विभाग के डॉक्टरों ने मादा गुलदार का पोस्टमार्टम करवाया। कनखल में ये दूसरा मौका है जब गुलदार घुस आया। इससे पहले गुलदार सन्यास रोड स्थित एक आश्रम में घुस आया था। बाद में गुलदार को पकड़ लिया गया था। वन विभाग के रेंजर डीपी नोडियाल ने बताया कि गुलदार का शव कनखल के नक्षत्र वाटिका से मिला है। गुलदार बीमार था और उसकी मौत प्राकृतिक लग रही है।

वहीं चमोली जिले के विकास खंड देवाल के देवाल बाजार से रविवार को वन विभाग की टीम ने एक दुकान पर छापामार कर भालू की पांच रिखपित्तियों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
देवाल बाजार स्थित एक दुकान में छापेमारी में भालू की पांच पित्तियां बरामद की। मामले में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। जानकारी देते हुए वन क्षेत्राधिकारी देवाल टीएस बिष्ट ने बताया कि रविवार को मुखबिर की सूचना पर देवाल बाजार स्थित एक बारबर (नाई) की दुकान में छापेमारी की गई। जहां से भालू की पांच रिखपित्तियों के साथ दिलशान, शाहरूख खान निवासी काशीपुर, देवेंद्र सिंह निवासी ग्राम घेस देवाल को पकड़ा। दिलशान व शाहरूख ने वन विभाग की टीम को बताया कि भालू की पित्तियां देवेंद्र सिंह से खरीदी। जिन्हें वे बेचने के लिए बाहर ले जाने वाले थे। वहीं, देवेंद्र सिंह ने बताया कि पित्तियां कुमाऊं मंडल से खरीदकर लाया था। वन विभाग की टीम तस्करों के तार अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े होने की संभावना को देखते हुए जांच में जुट गई है। वन विभाग की टीम में वन दरोगा त्रिलोक बिष्ट, थराली रेंजर गोपाल सिंह, वन आरक्षी, अनूप देवराड़ी, खिमानंद खंडूरी, बलवंत खत्री आदि शामिल थे।

विधायक मगन लाल शाह के निधन पर शोक की लहर

0

गोपेश्वर। चमोली जिले के पिंडर थराली विधानसभा के विधायक व भाजपा नेता मगन लाल शाह का रविवार की रात्रि को जाॅलीग्रांट देहरादून में निधन हो गया है। उनके निधन से जनपद में शोक की लहर छा गई है।
19 फरवरी को सांस की बीमारी के कारण विधायक मगन लाल शाह को जाॅलीग्रांट हॉस्पिटल देहरादून में भर्ती किया गया था। रविवार की रात्रि साढ़े दस बजे के आसपास उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके असामयिक निधन पर चमोली जिले में शोक की लहर छा गई है।
अत्यंत गरीबी में जीवन यापन करने के कारण मगन लाल शाह ने 10वीं तक की शिक्षा ग्रहण की और उसके बाद अपने पिता का हाथ बटाने के लिए स्वर्णकार का काम सीखा। विधायक मगन लाल शाह का परिवारिक पृष्ठ भूमि सक्रिय राजनीति में नहीं थी मगर इनके पिता स्व. बचन लाल शाह सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहते थे, इसी लिए इनके पिता को क्षेत्र में लोग नेताजी कह कर बुलाते थे। इनके पिता की नलगांव में स्वर्णकार की एक छोटी सी दुकान थी उसी से परिवार का भरण-पोषण होता था।
वरिष्ठ पत्रकार रजपाल बिष्ट बताते हैं कि मगन लाल शाह उनके एक अच्छे मित्रों में रहे हैं। राजनीति पृष्ठभूमि न होने के बाद भी उन्हें राजनीति में काफी दिलचस्पी थी। इसी कारण वे 1989 में जनता दल के समय पर ये जनता दल के प्रत्याशी सुदर्शन कठैत के चुनाव में सबसे पहले सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार में आये। उसके बाद वर्ष 1992-93 में पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल सांसद मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी राजनीति में लाये थे ये मेजर साहब के करीबियों में शुमार थे। वर्ष 2002 के उत्तराखंड विधानसभा के पहले चुनाव में बीजेपी से टिकट मंगा लेकिन पार्टी ने विश्वास न जताते हुए पिंडर विधानसभा क्षेत्र से गोविंद लाल शाह को टिकट दिया।
मगन लाल शाह तब पार्टी के कहने पर मान गए जिसका नतीजा पिंडर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी का परचम लहराया। इसके बाद 2007 विधानसभा सभा चुनाव में एक बार फिर से बीजेपी से टिकट की दावेदारी की लेकिन निराशा ही हाथ लगी और दोबारा पार्टी ने गोविंद लाल शाह पर भरोसा जताते हुए टिकट उन्हें ही दिया, लेकिन इस बार मगन लाल शाह ने बगावत करके उत्तराखंड क्रांति दल से टिकट लेकर चुनाव लड़ा पर जीत बीजेपी से उम्मीदवार गोविंद लाल शाह को मिली। 2008-09 के त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव में अपने क्षेत्र पंचायत वार्ड गंडी कफ़ौली क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा ओर क्षेत्र पंचायत सदस्य जीत कर आये और नारायणबगड़ विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख बने। बताया जाता है कि प्रमुख बनने के समय भी बराबर सदस्यों का समर्थन मिलने के चलते टॉस हुआ था जिसमे मगन लाल शाह जीते ओर प्रमुख बने।
वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने लगातार 02 बार विजेता रहे गोविंद लाल शाह की बजाय मगन लाल शाह पर भरोसा जताया और बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े लेकिन इस बार उनके विपक्षी कांग्रेस से उम्मीदवार डॉ जीतराम से उन्हें टक्कर मिली लेकिन मगन लाल शाह लगभग 400 वोट के अंतर से चुनाव हार गए।, इसके बाद हुए 2014 के त्रिस्तरीय पंचायती चुनावो में उनकी धर्मपत्नी मुन्नी देवी शाह चमोली की जिला पंचायत अध्यक्ष बनी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में एक बार फिर पार्टी ने मगन लाल शाह पर भरोसा जताया और मगन लाल शाह ने भी इस भरोसे पर खरा उतरते हुए लगभग 4300 के भारी अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ जीतराम को हराया और विधानसभा पहुंचे।
वर्ष 2002 से बीजेपी के लिए मगन लाल शाह लगातार पार्टी को मजबूती देते रहे मगन लाल शाह बीजपी के अनुसूचित जाति मोर्चे का प्रदेश अध्यक्ष पद भी संभाल चुके हैं लेकिन पार्टी का ये मजबूत कंधा 19 फरवरी को स्वास्थ्य खराब होेने के चलते जाॅलीग्रांट अस्पताल में भर्ती हुए। जिंदगी और मौत के बीच वेंटिलेटर पर रविवार को थराली से विधायक और बीजेपी के इस सिपाही ने 57 वर्ष की आयु में रविवार की रात्रि अंतिम सांस ली।
सादगी ऐसी की विधानसभा में बिना लाव लश्कर के स्कूटर से पहली बार 17 सालों में कोई विधायक पहुंचा था। वह कोई और नहीं बल्कि थराली के विधायक मगन लाल शाह ही थे। अब ऐसी सादगी शायद ही कभी देखने को मिले। बेहद मृदुभाषी, सौम्य, सरल और साधारण व्यक्तिव के धनी थराली विधायक मगन लाल शाह का असमय यों ही चले जाना बेहद दुखदाई है। नलगांव निवासी सर्राफा व्यापारी और ए ग्रेड के ठेकेदार रहे मगन लाल शाह का जीवन बेहद संघर्षमय रहा है। चुनाव जीतने के बाद स्कूटर से जब वह विधानसभा पहुंचे थे तो उनकी सादगी का पूरा देश कायल हो गया था।

ऑनलाइन शॉपिंग: 14 लाख के इनाम का झांसा देकर महिला से 2 लाख की ठगी

0

(देहरादून) ऑनलाइन शॉपिंग में 14 लाख रुपये इनाम का झांसा देकर 2 लाख रुपये की ठगी का एक मामला सामने आया है। थाना रायपुर क्षेत्र निवासी एक महिला बेबी सजवाण निवासी नथुवावाला ने थाने में शनिवार शाम को ठगी का मामला दर्ज कराया है। ठगी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने तहरीर में बताया है कि उसने एक ऑनलाइन शॉपिंग साइट होमशॉप-18 से 1500 रुपये का सोफा सेट का कवर खरीदा था। खरीदारी के बाद उसके मोबाइल पर एक फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने उसे बताया कि ऑनलाइन खरीदारी के एवज में 14.8 लाख रु. का इनाम निकला है। ठगों ने इनाम की धनराशि प्राप्त करने के एवज में अलग-अलग बैंक खातों में विभिन्न तिथियों पर महिला से कुल दो लाख रु. मांगे। दो लाख रुपये का भुगतान करने के बाद भी इनाम की रकम न मिलने पर महिला को अपने साथ धोखाधड़ी का आभास हुआ।
थाना रायपुर पुलिस ने बताया कि इनाम का लालच देकर पैसे हड़पने के संबंध में थाना रायपुर में महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गौरतलब है कि डिजिटल बैंकिंग सिस्टम के फैलने के साथ साथ इससे जुड़े जुर्मों में भी खासा इज़ाफा हो रहा है। बैंक भी समय समय पर लोगों को फोन पर अपने बैंक खातों से जुड़ी कोई भी जानकारी साझा करने से मना करते हैं। इस सब के बावजूद इसी लोगों में जानकारी की कमी ही कहेंगे कि साइबर कर्राइम के मामले सामने आते रहते हैं जो पुलिस के लिये सिरदर्द बन जाते हैं।

54 साल की उम्र में अभिनेत्री श्रीदेवी का दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन

0
दुबई में आखिरी पलों की तस्वीरें

बॉलीवुड की जानी मानी अभिनेत्री श्रीदेवी को दिल का दौरा पड़ने के कारण दुबई में उनका निधन हो गया है। श्रीदेवी 54 साल की थीं श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर के साथ दुबई में एक फैमिली वेडिंग अटेंड करने गई थीं। श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर पूरा बॉलीवुड में शोक की लहर है। इस खबर के बाद उनके फैंस को इस पर यकीन नहीं हो रहा है। श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर शूटिंग के सिलसिले में मुंबई में ही हैं। वो अपनी पहली फिल्म की शूटिंग के लिये मसरूफ हैं।

निधन से कुछ समय पहले की तस्वीर
निधन से कुछ समय पहले की तस्वीर

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में श्रीदेवी का काफी बड़ा योगदान रहा है। श्रीदेवी ने हिंदी के अलावा तेलगु, तमिल, कन्नड़ और मलयाली फिल्मों में भी काम किया। लंबे बरेक के बाद साल 2012 में उन्होंने इंग्लिश-विंग्लिश के साथ बॉलीवुड में कमबैक किया था।  उन्होंने वर्ष 1967 में  एक चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। श्रीदेवी को 2013 में चौथे उच्चतम नागरिक पुरस्कार पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।

श्रीदेवी का बॉलीवुड में प्रवेश 1978 के फिल्म सोलहवां सावन से हुआ था, लेकिन उन्होंने वर्ष 1983 की फिल्म हिम्मतवाला से खूब सुर्खियां बटोरीं। श्रीदेवी की सदमा, नागिन,निगाहें, मिस्टर इन्डिया, चालबाज़, लम्हे, खुदा गावाह और जुदाई जैसे फिल्मों समेत करीब 300 फिल्मों में काम किया।श्रीदेवी को पांच फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिलेेे।

रविवार को उनका पार्थिव शरीर मुंबई(भारत) लाया जाएगा। बतौर बाल कलाकर अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाली श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त,1963 को तमिलनाडु में हुआ था।
श्रीदेवी के निधन पर राष्ट्रपति ने ट्विटर पर शोक जाहिर कर अपनी संवेदनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी श्रीदेवी की मौत पर दुख जताते हुए कहा ‘उन्होंने यादगार काम किया’। पूरा बॉलीवुड और उनके फैंस शोक में डूब गए हैं।
श्रीदेवी ने 1996 में फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर से विवाह किया था। श्रीदेवी और बोनी कपूर की दो बेटियां हैं, जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर।

डब्ल्यूआईसी इंडिया में रूसी कलाकारों ने शास्त्रीय नृत्य से बांधा समां

0

24 फरवरी यानि शनविार की शाम देहरादून की वादियों में शास्त्रीय संगीत और नृत्य की गूंज रही।ये गूंज और ज्यादा खास इसलिये रही क्योंकि इसे बिखरने वाले कलाकार केवल भारत से ही नहीं बल्कि हज़ारों किलोमीटर दूर रूस से भी आये थे। देहरादून स्थित वर्लड इंटीग्रेशन सेंटर (डब्लूआईसी) में शनिवार शाम नाट्यांजली का आयोजन किया गया। ये एक कुचीपुड़ी नृत्य का डांस फॉर्म है। इस खूबसूरत प्रस्तुति को पद्मा रागिनी पट्टू और उनके रूसी डांस दल ने पेश किया।नाट्यांजलि को रुस से आई 7 कलाकारों ने प्रस्तुत किया और दर्शकों से खूब वाहवाही बटोरी।

natyanjali pic 2

इस आयोजन के बारे में बताते हुए डब्लूआईसी के पब्लिक रिलेशन हेड ज़बील मोहम्मद ने बताया कि ”आए दिन डब्लूआईसी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता है और नाट्यांजलि इसलिए खास हैं क्योंकि इसमें परफॉर्म करने वाले ज्यादातर क्लासिकल डांसर रुशियन है।उन्होंने कहा कि डब्लूआईसी हर महीने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आयोजन करता है। और इस नाट्यांजलि को चुनने के पीछे सबसे बड़ा कारण यही था कि क्लासिकल डांस की शुरुआत भारत से हुई है  और डब्लूआईसी के माध्यम से भी हम भारतीय कला और संस्कृति को ही बढ़ावा दे रहे हैं।”

वहीं रुसी कलाकार यूलिया बुनानी ने बातचीत में बताया कि ”देहरादून का हमारा अनुभव बहुत ही अच्छा रहा।यहां के लोग बहुत फ्रेंडली और अच्छे हैं।यूलिया ने कहा कि देहरादून बहुत ही शांत और सुंदर जगह है। यहां आते हुए हमे  बहुत हरियाली दिखी,और यहां का मौसम बहुत अच्छा है ना ज्यादा सर्दी है ना गर्मी ।यूलिया से यह पूछने पर कि उन्होंने कुचीपुड़ी डांस क्यों सीखा इसपर उन्होंने कहा कि कुचीपुड़ी रुसी लोगों के लिए बहुत अलग और हटकर है जिसे करने के लिए बहुत एकाग्रता की जरुरत होती है और साथ ही ऐसे डांस फॉर्म से हमें दूसरे कल्चर को समझने का मौका मिलता है।”

Natyanjali

पद्म रागिनी पुट्टू के नेतृत्व में, नाट्यांजलि पद्म भूषण गुरु वम्पातिचिन्ना सत्यम की कुचीपुडडी नृत्य की शैली का प्रदर्शन किया। यह नाट्यांजलि तपस्या एंड इंटरनेशनल स्कूल ऑफ कुचीपुड़ी,मास्को रशिया के क्लासिकल डांसर द्वारा किया गया। कार्यक्रम की चीफ गेस्ट सीनियर आईएएस ऑफिसर भूपिंदर कौर औलख थी।कार्यक्रम को देखने के लिए अलग-अलग स्कूल की छात्राएं पहुंची थी।कार्यक्रम के अंत में डब्लूआईसी के मैनेजिंग डायरेक्टर सचिन उपाध्याय ने सभी कलाकारों को सम्मानित किया।

दिल्ली मुख्य सचिव से मारपीट मामला: पुलिस अन्य 9 आरोपी विधायकों से करेगी पूछताछ

0

(नई दिल्ली)। दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस अब अन्य 9 आरोपी विधायकों से पूछताछ करेगी। हालांकि इसके लिए घटना के समय उनकी मौजूदगी होने की बात साफ हो जाने पर ही उनसे पूछताछ की जाएगी। इसके लिए पुलिस इन आरोपी विधायकों के मोबाइल फोन की लोकेशन की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री आवास पर लगे जिन 21 कैमरों की फुटेज जब्त की गई है, उन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भेज दिया गया है। सूत्रों की मानें तो इनमें से सात कैमरे बंद थे, जबकि कुछ के समय से करीब 40 से 42 मिनट पीछे चल रहे थे। ऐसे में इन सीसीटीवी के साथ छेड़छाड़ किए जाने की भी जांच की जा रही है।
इस कारण ही इन फुटेज की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। ताकि यह साफ हो सके कि सच्चाई क्या है? अगर फॉरेंसिक जांच में छेड़छाड़ की बात सामने आएगी तो इस संबंध में भी केस दर्ज किया जाएगा। अगर छेड़छाड़ नहीं की गई होगी तो इन फुटेज के आधार पर ही पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ाएगी। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सलाहकार वी.के. जैन से तीन घंटे की हुई पूछताछ के दौरान कई ऐसी जानकारी मिली है जिससे जुड़े साक्ष्य इकट्ठा करने की कोशिश की जा रही है। ताकि इसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
दोनों पक्षों ने दिए अलग-अलग बयान
देर रात आखिरकार किस मुद्दे पर बैठक बुलाई गई थी, इसे लेकर भी दोनों पक्षों के बयान अलग हैं। इस बात पर भी बहस जारी है कि ये बैठक किस मुद्दे पर बुलाई गई थी। आम आदमी पार्टी का तो यह दावा था कि ये बैठक राशन कार्ड के मुद्दे पर बुलाई गई थी जबकि मुख्य सचिव की तरफ से कहा गया था कि ये बैठक विज्ञापन मामले को लेकर बुलाई गई थी। ये बैठक करीब देर रात 12 बजे बुलाई गई थी। उसी दौरान हुई घटना। 

राजभवन में बसन्तोत्सव-2018 का हुआ रंगारंग आगाज

0

देहरादून। शनिवार को राजभवन के हरित प्रांगण में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा आयोजित चिरप्रतिक्षित दो दिवसीय बसंतोत्सव 2018 का उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल डा. कृष्ण कांत पॉल ने किया। प्रकृति के अद्भुत श्रृृंगार, फूलों के मनमोहक रगों तथा लोक संस्कृति के सुरीले स्वरों के बीच बसंतोत्सव का भव्य उद्घाटन हुआ। राज्यपाल ने डाक विभाग द्वारा तैयार प्रथम दिवस आवरण का भी विरूपण किया जिसमें औषधीय गुणों से सम्पन्न ‘जम्बू’ को चित्रित किया गया है।

spring festival

राज्यपाल ने यह भी कहा कि परम्परागत कृषि का एक सबसे लाभकारी विकल्प होने के कारण उत्तराखण्ड में फूलों की खेती छोटे काश्तकारों के लिए आमदनी का एक बेहतरीन जरिया बनने के साथ ही रोजगार का माध्यम भी बन सकती है। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों की तुलना में इस वर्ष बड़ी तादात में हुए पुष्पोत्पादन ने इस क्षेत्र में विकास की असीम सम्भावनाएं जागृत कर दी हैं। प्रदेश में फूलों की खेती का बढ़ता क्षेत्रफल बहुत अच्छे संकेत हैं। ट्यूलिप जैसे कीमती फूलों की खेती को प्रोत्साहित किया जा सकता है। राजभवन में प्रायोगिक तौर पर विगत वर्ष से लगाये गये ट्यूलिप के बल्ब्स सेे निकले फूलों ने इसकी सफल खेती के अच्छे संकेत दिए हैं।

राज्यपाल ने पेंटिंग प्रतियोगिता में आए बच्चों की अभूतपूर्व प्रतिभागिता देखकर कहा कि इस आयोजन के प्रति बच्चों में भी उत्साह बढ़ रहा है इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। इनमें शारीरिक, मानसिक रूप से अशक्त तथा अपवंचित वर्ग के बच्चों सहित विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों को चित्रकला प्रतियोगिता के अन्तर्गत रंग और तूलिका के माध्यम से अपने मनोभावों को अभिव्यक्त कर प्रतिभा प्रदर्शन का मौका दिया गया।

tulip

इस वर्ष की विभिन्न वर्गों में लगभग 1850 प्रविष्टियां हुई हैं। जबकि विगत वर्ष 1581 प्रविष्टियां आई थीं। इनमें पुष्प प्रदर्शनी में व्यावसायिक पुष्प उत्पादकों, पुष्प प्रेमियों तथा विभिन्न शासकीय संस्थानों द्वारा प्रदर्शित जरबेरा, कारनेशन, ग्लैडोलियस, लिली जैसी कुछ प्रमुख प्रजाति के फूल ‘कट फ्लावर्स’, लोगों के आकर्षण का विशेष केन्द्र बने हुए हैं। प्रदर्शनी में पौटेड प्लान्ट्स, फ्रेश/ड्राई फ्लावर अरेंजमेन्ट, माला, कैक्टस वैरायटी, वोन्साई व फल-सब्जियों के पौधों सहित अन्य कई तरह के उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया है।
पुष्पों की विभिन्न प्रजातियों के अतिरिक्त इस वर्ष के बसन्तोत्सव में प्रमुख आकर्षण रहा आईटीबीपी के जवानों द्वारा ‘जूडो-कराटे’ का उच्चस्तरीय प्रदर्शन रहा। जिसमें यौगिक शक्तियों के माध्यम से आत्मरक्षा के इस जोशीले एवं सशक्त कला-कौशल की तकनीक का हैरतंगेज प्रदर्शन किया गया। देव संस्कृति विश्वविद्यालय शान्तिकुंज की छात्र-छात्राओं द्वारा योगासनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा गोरखा रेजिमेंन्ट के जवानों का खुखरी नृत्य भी सबके आकर्षण का केन्द्र बना।
प्रदर्शनी में उद्यान तथा कृषि से जुड़े व्यवसायों से संबंधित उन्नत किस्म की तकनीक से निर्मित यंत्र, सामग्री, बीज/उपकरण आदि के स्टाॅल लगाए गए हैं। उद्घाटन के अवसर पर लेडी गवर्नर ओमिता पाॅल, केबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, सचिव रविनाथ रमन, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, राज्यपाल के विधि परामर्शी विवेक भारती शर्मा, वित्त नियंत्रक केसी पाण्डे, चीफ पोस्टमास्टर जनरल उदयकृष्ण, निदेशक उद्यान डॉ. वीएस नेगी सहित शासन-प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सोशल मीडिया के जरिये शराब के खतरों से रूबरू कराएगी उत्तराखंड पुलिस

0

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस अब लोगों को शराब के खतरों से आगाह करने का काम करेगी। इसके लिए खास तौर पर विभाग ने वीडियो तैयार किया है। वीडियों को फेसबुक और सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा।

होली के मौके पर शराब पीकर वाहन चलाना आम बात है। यही कारण है कि हर साल होली के मौके पर वाहन दुर्घटनाओं में इजाफा होता है। इसी को देखते हुए अब पुलिस ने लोगों को त्योहारों पर नशे के खिलाफ जागरूक करने का निर्णय लिया है। पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी ने बताया कि होली के उपलक्ष्य में प्राय देखने में आया है लोगों द्वारा शराब का सेवन करने के उपरान्त यातायात के नियमों का उल्लंघन किया जाता है। साथ स्वयं की जान को खतरे में डाला जाता है। कई लोगों को इसके दुष्परिणाम देखने को मिलते है। जिसमें एक्सीडेन्ट में लोगों की जाने जाती है, इसी को ध्यान में रखते हुये यातायात निदेशालय उत्तराखंड ने लोगों को जागरूक करने के लिये एक वीडीयो बनवाया है। वीडियो को स्वीकृति दे दी गई है। बताया कि अब इस वीडियो को देहरादून के समस्त सिनेमा हॉल को रिलिज किया गया जा रहा है। इस वीडीयो को आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये चलाने के दिशा निर्देश भी दे दिए गए है। इसके अलावा इस वीडीयो को यातायात निदेशालय के फेसबुक पेज व उत्तराखंड पुलिस के फेस बुक पेज, देहरादून के फेसबुक पेज पर अपलोड किया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड अन्य जनपदों के सभी फेसबुक पेजों पर वीडियो को अपलोड किया जायेगा। डीजीपी ने आमजन से अपील की कि वे इस वीडीयो को देखें एवं शेयर करें और अपने जीवन को ध्यान में रखते हुये यातायात नियमों को पालन करें ताकि आमजन अपने त्यौहारों को सुखद तरीकें से मना सके। उन्होंने बताया कि यातायात निदेशालय द्वारा लोगों की जागरुकता के लिये भविष्य में भी इसी तरह प्रयास किये जायेगें। आगे भी इसी प्रकार के जनजागरूकता वाले वीडीयो बनायें जायेगें, जिन्हे आप लोगों को समय समय पर शेयर किया जायेगा। 

राहुल गांधी तीन दिवसीय दौरे पर कर्नाटक रवाना

0

नई दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को कर्नाटक दौरे पर रवाना हो गए हैं। अपने तीन दिन दिवसीय दौरे पर राहुल इस बार बेलगाम, विजयपुरा, बागलकोट, हुबली, धारवाड़ जिलों का दौरा करेंगे। ‘कर्नाटक-मुंबई’ क्षेत्र के नाम से मशहूर यह क्षेत्र लिंगायत समुदाय बाहुल्य है।

खास बात यह है कि बीते एक महीने में राहुल का यह दूसरा कर्नाटक दौरा है। राहुल अपने दौरे के पहले दिन बेलगाम के अथानी में एक बजे सार्वजनिक सभा को संबोधित कर जनआशीर्वाद यात्रा प्रारम्भ करेंगे। इसके बाद बीजापुर जिले के टिकोटा में अपराह्न 3.15 बजे ‘स्त्री शक्ति समावेश’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

पार्टी के अनुसार, टिक्कोटा में ही राहुल महिलाओं की रैली को भी संबोधित करेंगे। इसके साथ राहुल अपनी इस यात्रा में जामखंडी, बागलकोट में चिक्कापडासालगी बैराज में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही राहुल वहां के स्थानीय किसानों से भी मुलाकात करेंगे। राहुल की इस यात्रा के लिए खास तौर पर एक बस को तैयार किया गया है। इसी बस से राहुल 26 फरवरी को बीजापुर की यात्रा करेंगे और हुबली में रैली को संबोधित करेंगे।

उल्लेखनीय है कि दक्षिण के अहम राज्य कर्नाटक में विधानसभा चुनाव इसी वर्ष अप्रैल-मई माह में होने की संभावना है। फ़िलहाल कर्नाटक में कांग्रेस सत्ता में है। राहुल गांधी के लिए कर्नाटक में पार्टी की वापसी करवाना बड़ी चुनौती है।