परिवर्तन यात्रा को भाजपा ने कमर कसी

0
945

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 12 नवंबर से प्रस्तावित परिवर्तन यात्रा को लेकर प्रदेश भाजपा ने कमर कस ली है। परिवर्तन यात्रा के तहत ही 13 नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन ने सांसदों, विधायकों के साथ ही प्रदेश व जिला स्तर के सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी है। देहरादून में होने वाली इस रैली में केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान व जेपी नड्डा समेत प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू भी शामिल होंगे। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा परिवर्तन यात्रा के जरिए उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन का आह्वान करने जा रही है। 12 नवंबर को यात्रा रथों को विधिवत पूजन के बाद प्रदेश के दोनों मंडलों की ओर रवाना किया जाएगा। परिवर्तन यात्रा राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। साथ ही, हर विधानसभा सीट पर एक बड़ी जनसभा भी आयोजित की जाएगी। केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही पार्टी के कई केंद्रीय नेता भी इन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही, प्रदेश के तीन स्थानों देहरादून, अल्मोड़ा व हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, उमा भारती, थावर चंद गहलौत, बाबुल सुप्रियो, रविशंकर प्रसाद, किरण रिजूजू आदि भी कई स्थानों पर परिवर्तन यात्रा में शिरकत कर बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। बहरहाल, प्रथम चरण में 13 नवंबर को देहरादून में होने वाली अमित शाह की रैली की सफलता के लिए प्रदेश भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है।
सूत्रों के मुताबिक रैली में अमित शाह के मंच पर दो केंद्रीय मंत्रियों व चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, जेपी नड्डा व प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू समेत चार पूर्व मुख्यमंत्रियों भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक व विजय बहुगुणा को भी जगह दी जाएगी। इसके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टमटा, सांसद महारानी राज्यलक्ष्मी शाह व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के साथ ही वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज भी मंच पर रहेंगे।