गैरसैंण को राजधानी बनाने को लेकर 20 संगठन एकजुट

0
653

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी गैरसैंण बनाये जाने की मांग को लेकर गैरसैंण राजधानी निर्माण अभियान के बैनर तले उत्तराखंड के करीब 20 सामाजिक संगठन एकजुट हो गए हैं। सभी संगठनों का कहना है कि उत्तराखंड की राजधानी गैरसैंण बनाई जाए। छोटे से प्रदेश में दो राजधानी अब किसी भी शर्त पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
गुरुवार को उत्तराखंड प्रेस क्लब में पत्रकारों को संबोधित करते हुए गैरसैंण राजधानी निर्माण संगठन के सदस्य कैलाश जोशी अकेला ने कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाए जाने के लिए 17 फरवरी को राजधानी देहरादून स्थित गांधी पार्क से शहीद पार्क तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके लिए प्रदेश के लगभग 20 संगठनों ने अपना समर्थन दिया है।
संगठन के एक अन्य सदस्य रविन्द्र जुगराल ने कहा कि हजारों करोड़ के कर्ज में डूबा उत्तराखंड दो-दो राजधनी का खर्च उठा पाने में उत्तराखंड सक्षम नहीं है। प्रदेश की जनता एक विधानसभा, एक राजधानी गैरसैंण चाहती है। राजधानी के नाम पर दो-दो लॉलीपॉप से प्रदेश नहीं चल सकता। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नीति, अपनी मंशा साफ करे। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य की प्रचंड बहुमत वाली सरकार प्रचंड इच्छाशक्ति का परिचय दे। उत्तराखंड की राजधानी गैरसैंण बनाई जाए।
अलकनंदा पिंडर घाटी विकास समिति, बद्री केदार विकास समिति, नैनीताल विकास समिति, उत्तराखंड फुटबॉल एकेडमी, उत्तराखंड जनमंच, पर्वतीय विकास मंच, अविरल गढ़वाल सभा आदि लगभग 20 संगठनों ने राजधानी निर्माण अभियान को अपना समर्थन दिया है।