ब्लास्ट से दो मजदूरों की मौत दो घायल

0
1046

चंपावत- सड़क बनाते समय बड़ी चट्टान तोड़ने के लिए किया गया बारूदी विस्फोट तबाही लेकर आया। विस्फोट होते ही भारी भूस्खलन हो गया। इसमें दो श्रमिक मलबे में जिंदा दफन हो गए। जबकि तीन श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मरने वालों में एक श्रमिक हिमाचल प्रदेश का निवासी था। हादसा ठुलीगाढ़ से जौलजीबी तक सड़क निर्माण कार्यके दौरान हुआ।

कंपनी कर्मचारियों ने अंग्रेजी पहाड़ी के पास बड़ी चट्टान तोड़ने के लिए बारूद लगाकर विस्फोट किए। इसकी बाद इस पहाड़ी पर अचानक भारी भूस्खलन हो गया। इससे मजदूरों में भगदड़ मच गई। इस दौरान निर्माण कार्य में लगे मजदूर  पिथौरागढ़ के एंचोली निवासी भवानी दत्त भट्ट (43) पुत्र हरि दत्त भट्ट व हिमाचल प्रदेश के हारबड़ा पुष्खेड़ा, जिला ऊना निवासी राजेश (32) मलबे में दब गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मलबे में दबे साथियों को निकालने के प्रयास में मोहन सिंह पुत्र धन सिंह निवासी जोगबूड़ा नेपाल, प्रताप सिंह पुत्र पूरन सिंह निवासी तातापानी नेपाल व नरेश सिंह पुत्र जगत सिंह ऊंचौलीगोट टनकपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।