प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के छोटे बेटे की सड़क हादसे में मौत

0
401
देहरादून, प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के छोटे बेटे अंकुर पांडेय की मंगलवार देर रात बरेली में सड़क हादसे में मौत हो गई, वह 24 साल के थे। अंकुर पाडेय अपने साथी मुन्ना गिरी के साथ एक शादी समारोह में हिस्सा लेने गोरखपुर(उत्तर प्रदेश) जा रहे थे, हादसे में मुन्ना की भी मौत हुई है, जबकि कार चालक घायल हो गया है।
जानकारी के अनुसार अंकुर पांडेय की कार बरेली के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। इस हादसे में अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में अंकुर के साथी मुन्ना की भी मौत हो गई। फिलहाल अंकुर के शव को उनके निवास गूलरभोज ऊधमसिंह नगर लाया जा रहा है।
बेटे की मौत की सूचना के बाद मंत्री अरविंद पांडेय भी गूलरभोज के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं बुधवार सुबह से ही शोक जताने के लिए लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। बताया गया कि अंकुर पांडेय की अंत्येष्टि गूलरभोज शमशान घाट पर की जाएगी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रातव ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर से कामना करता हूं अंकुर की आत्मा को शांति एवं पांडेय परिवार को इस असहनीय दुख से उबरने की शक्ति प्रदान करें।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डेय के बेटे की सड़क हादसे में हुई मौत पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, पूर्व सीएम हरीश रावत सहित अन्य राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से लोगों ने शोक जताया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अरविन्द पांडेय के पुत्र अंकुर की सड़क हादसे में असमय मृत्यु को दुखद बताते हुए शोक व्यक्त किया। उन्होंने ईश्वर से कामना करते हुए कि अंकुर की आत्मा को शांति एवं पांडेय परिवार को इस असहनीय दुख से उबरने की शक्ति मिले।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने उत्तराखंड के शिक्षामंत्री अरविंद पांडे के कनिष्ठ पुत्र 24 वर्षीय अंकुर पांडेय की बीती रात्रि दो बजे के लगभग बरेली के पास सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शान्ति की कामना के साथ शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि अरविन्द पांडे को भगवान साहस एवं धैर्य प्रदान करें।
वहीं कांग्रेस महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कैबिनेट मंत्री अरविन्द पांडेय के पुत्र शोक को हृदयविदारक बताते हुए कहा कि शोकाकुल परिवारों को ईश्वर सबल प्रदान करे।