सरकार आई तो देवस्थानम बोर्ड कानून लिया जाएगा वापस: गोदियाल

0
357
देवस्थानम

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बुधवार को भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर देवस्थानम बोर्ड और मौजूदा भू-कानून वापस लिया जाएगा।

बुधवार शाम शहर के एक निजी होटल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और राज्य प्रभारी देवेन्द्र यादव संयुक्त पत्रकार सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। गणेश गोदियाल ने अध्यक्ष बनने के बाद अपनी पहली पत्रकार वार्ता में अपनी जंबो टीम को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना नियम और जरूरत के राज्य पर एक्ट थोप रही है। सरकार ने ऐसे कानून बनाए हैं, जिनसे संबंधित वर्ग और जनता को लाभ कम नुकसान ज्यादा हुआ। उन्होंने देवस्थानम बोर्ड का हवाला देते हुए कहा कि बोर्ड में पंडा पुरोहित, हक हुकूकधारियों की भावनाओं और राय को दरकिनार कर एक्ट जबरन थोपा गया है। भाजपा सरकार हमारी आस्था के साथ छेड़छाड़ कर रही है। कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई तो देवस्थानम बोर्ड को समाप्त करेगी। राज्य में भू-कानून पर कांग्रेस की सोच स्पष्ट है। सस्ती बिजली पर बेहतर कार्य होगा। कांग्रेस की योजनाओं की अन्य पार्टियां नकल करती हैं।

गोदियाल ने कहा कि सत्ता मद में सरकार राज्य की जनता की भावनाओं और राज्य के विकास को पूरी तरह भूल गई। बदले की भावना से सरकार काम कर रही है। कांग्रेस की योजनाओं को बंद कर जनता की सुविधाएं रोक दी हैं।

अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकारिणी में अगर जरूरत हुई तो नए चेहरों को भी शामिल किया जाएगा। जंबो टीम आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए पूरी ताकत के साथ काम करेगी।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी सजग है। तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी। इसके लिए कांग्रेस एक-एक विषय पर विचार के साथ आगे बढ़ रही है। आज पदाधिकारियों से विचार-विमर्श और चुनाव के लिए आगामी योजना पर चर्चा की गई है। 3 और 4 अगस्त को कोर ग्रुप की बैठक होगी।

पत्रकार वार्ता में सह प्रभारी दीपिका पाण्डेय, राजेश धर्माणी, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष किशोर उपाध्याय समेत पार्टी सहित कई शीर्ष नेता उपस्थित रहे।