कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का निधन, प्रियंका गांधी एवं अन्य नेताओं ने जताया दुख

0
572
कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। आज शाम एक टीवी चैनल पर डिबेट के बाद जब वो घर गए तो वहां उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। बेहोशी की हालत में उन्हें यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजीव त्‍यागी को न्यूज़ चैनलों पर मजबूती से कांग्रेस पार्टी का पक्ष खुलकर रखने के लिए जाना जाता था। उन्हें हाल ही में यूपी कांग्रेस मीडिया डिपार्टमेंट का इंचार्ज बनाया गया था। अचानक राजीव त्यागी के निधन की खबर सुनकर राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है।कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत तमाम नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।
कांग्रेस के सचिव (संचार) डॉ विनीत पूनिया ने ट्वीट कर सबसे पहले राजीव त्यागी के निधन की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव त्यागी जी नहीं रहे। उनके परिवारजनों और प्रशंसकों को मेरी हार्दिक संवेदना।”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने कहा, “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव त्यागी जी की असामयिक मृत्यु मेरे लिए एक व्यक्तिगत दुःख है। हम सबके लिए एक अपूर्णीय क्षति है। राजीव जी विचारधारा समर्पित योद्धा थे। समस्त यूपी कांग्रेस की ओर से परिजनों को हृदय से संवेदना। ईश्वर उनके परिवार को दुख सहने का कष्ट दें।”
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, “नि:शब्द ! एक सबसे प्यारा दोस्त, एक अन्थक साथी, एक छोटा भाई, एक प्रतिबद्ध कांग्रेसी, खो गया, चला गया, बिछड़ गया।तुम्हारा स्नेह और सुगंध सदा महकेंगे। अलविदा मेरे दोस्त, जहाँ रहो, चमकते रहो !”
वहीं, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा, राजीव त्यागी के निधन के बारे में सुनकर बहुत धक्का लगा। वह एक अच्छा दोस्त था। यह एक बड़ा नुकसान है। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।
गौरव गोगोई ने कहा, “मेरे बहुत प्रिय मित्र सहकर्मी राजीव त्यागी के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूँ। मैंने परिवार के सदस्य, एक दोस्त और एक अच्छे आदमी को खो दिया। उनके दूर जाने की अभी उम्र नहीं थी।
भाजपा प्रवक्‍ता संबित पात्रा ने भी राजीव त्यागी के निधन पर शोक प्रकट किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “विश्वास नहीं हो रहा है कंग्रेस के प्रवक्ता मेरे मित्र राजीव त्‍यागी हमारे साथ नहीं है। आज 5 बजे हम दोनो ने साथ में डिबेट भी किया था। जीवन बहुत ही अनिश्चित है …अभी भी शब्द नहीं मिल रहे। हे गोविंद राजीव जी को अपने श्री चरणो में स्थान दें”।