कांग्रेस गृह युद्ध का शिकार, अपने अस्तित्व की लड़ाई को कर रहे नाटक

0
480

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य विधानसभा के अंदर व बाहर कांग्रेस नेताओं के हंगामे व धरने को नाटक करार देते हुए कहा कि कांग्रेस में गृहयुद्ध चल रहा है और अपने अस्तित्व की लड़ाई में कांग्रेस नेता यह सब नाटक कर रहे हैं ।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने आज कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा राज्य विधान सभा के अंदर हंगामा करने और विधान सभा के बाहर धरना प्रदर्शन करने के पीछे मुख्य वजह कांग्रेस के अंदर चल रहा गृहयुद्ध है। इसमें प्रदेश कांग्रेस के नेता जहां एक दूसरे के अस्तित्व को समाप्त करने में मशगूल हैं, वहीं वे अपने अस्तित्व की बचाने की कोशिश में हैं। इस गृहयुद्ध के चलते कांग्रेस नेता राज्य के भाजपा सरकार के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी, हंगामा करने व सदन को बाधित करने जैसे नाटक कर रहे हैं, जबकि वे इस सच्चाई को समझते हैं कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार हर वर्ग के हितों की चिंता करने के साथ प्रदेश को विकास मार्ग पर तेज़ी से आगे ले जा रही है और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ जंग जारी है। डॉ. भसीन ने कहा कि जहां तक किसानों का सवाल है कांग्रेस की किसान हित की पोल खुल चुकी है। जिन राज्यों में कांग्रेस किसानों के कर्ज़ माफी को लेकर सत्ता में आई वहां किसान अपने को ठगा महसूस कर रहा है। इन राज्यों में बहुत कम संख्या में किसानों का क़र्ज़ माफ़ करने की कार्यवाही की जा रही है, वह इतनी कम है कि किसान और परेशान हो गया है। कांग्रेस इस प्रकार का नाटक 10 साल में एक बार करती, जबकि प्रधानमंत्री ने किसानों के लिए छह हज़ार रुपये प्रति एकड़ सम्मान राशि देने की जो योजना शुरू की है, वह हमेशा के लिए है। डॉ. भसीन ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार कांग्रेस सरकार के समय के उन गहरे खड्डों जिनमें प्रदेश को धकेल दिया गया था को भरने का काम करने के साथ विकास के नए मार्ग बनाने का काम कर रही है लेकिन कांग्रेस को यह रास नहीं आ रहा है।