बाहर फंसे लोगों को उत्तराखंड लाने की तैयारी, 87 हजार ने कराया पंजीकरण

0
449
उत्तराखंड
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने  राज्य से बाहर फंसे उत्तराखंड के लोगों को वापस राज्य में लाने की तैयारियों की शुक्रवार को समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित राज्यों से समन्वय बनाते हुए सुनियोजित तरीके से सारी व्यवस्था की जाए। इसमें पूरी सावधानी के साथ व्यक्तिगत दूरी, मास्क, सेनेटाइजेशन आदि मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को वापस लाया जाना है, कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत उनकी समुचित स्क्रीनिंग की जाए और केन्द्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही सारी औपचारिकताएं पूरी की जाएं। राज्य में आने पर यदि किसी को होम क्वारंटाइन किया जाता है तो यह भी सुनिश्चित किया जाए कि होम क्वारंटाइन मानकों का सख्ती से पालन हो। इसके लिए आवश्यक होने पर ग्राम प्रधानों को कुछ अधिकार दिये जा सकते हैं।
सचिव एवं नोडल अधिकारी शैलेश बगोली ने बताया कि अभी तक 87 हजार लोगों ने वापस आने के लिए अपना पंजीकरण कराया है। इनमें अधिकांश लोग पर्वतीय जिलों के हैं। बैठक में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, डीजीपी अनिल कुमार रतूड़ी, सचिव अमित नेगी, नितेश झा और राधिका झा भी उपस्थित थे।