देश में दो सप्ताह बढ़ा लॉकडाउन, अलग अलग जोन में मिलेगी रियायत

0
529
देहरादून
देश भर में लॉकडाउन 2 सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया। शुक्रवार को केंद्र सरकार की तरफ से बयान जारी कर इसकी अवधि बढ़ा दी गई। अब17 मई तक लॉकडाउन-3  चलेगा। इस दौरान रेड जोन में किसी तरह की राहत नहीं दी जाएगी तो ग्रीन और आरेंज जोन में प्रतिबंधित गतिविधियों को छोड़कर चरणबद्ध तरीके से जनता को धीरे-धीरे राहत दी जाएगी। इसी क्रम में आज स्वास्थय मंत्रालय ने शुक्रवार सुबह ही रेड, ओरेंज और ग्रीन जोन से संबंधित जिलों की एक विस्तृत सूची जारी की थी। देश के 130 जिलों को रेड जोन, 284 को ऑरेंज जोन और 319 को ग्रीन जोन घोषित किया है। इन इलाकों में कोविड-19 मामलों की संख्या, मामलों के दोगुना होने की दर, जांच की क्षमता और निगरानी एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर इन्हें श्रेणीबद्ध किया गया है। ‘कंटेनमेंट ऑपरेशन’ के लिए जिलों के इस वर्गीकरण को राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों द्वारा तीन मई से अपनाया जाएगा। तीन मई को लॉकडाउन का दूसरा चरण समाप्त हो रहा है। गृह मंत्रालय ने विस्तृत दिशा-निर्देश में ग्रीन जोन में अधिकांश गतिविधि शुरू करने की इजाजत दी है जबकि रेड जोन और कन्टेन्मेंट जोन में अभी अधिकांश गतिविधियां प्रतिबंधित ही रहेंगी। (अलग से विस्तृत खबर )
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 3 मई को खत्म हो रहे लॉकडाउन को लेकर एक अहम बैठक की। इसमें यह फैसला लिया गया कि फिलहाल लॉकडाउन को दो सप्ताह के लिए और बढ़ा दिया जाए। बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण, रेलमंत्री पीयूष गोयल, चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल विपिन रावत, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन सहित कई वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे। इससे पहले लगभग दर्जन भर मुख्यमंत्रियों ने भी प्रधानमंत्री के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान सुझाव दिया था कि देशहित को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन को कम से कम दो सप्ताह बढ़ाया जाना चाहिए। इसे देखते हुए सरकार ने शुक्रवार को यह आदेश जारी कर दिया।
गृह मंत्रालय ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत 4 मई से आगे दो सप्ताह की लॉकडाउन अवधि को आगे बढ़ाने के लिए आदेश जारी किया। अब 17 मई तक लॉकडाउन प्रभावी रहेगा। इस दौरान सार्वजनिक परिवहन जैसे रेलवे और विमान जैसी सेवाएं स्‍थगित रहेंगी। हालांकि, ग्रीन जोन में गृह मंत्रालय द्वारा दी गई छूट जारी रहेगी। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के अनुसार, देश में रेड जोन के तहत 130 जिले, ऑरेंज जोन के तहत 284 जिले और ग्रीन जोन के तहत 319 जिलों को रखा गया है। हर सप्‍ताह इसका आकलन किया जाएगा और संक्रमित मामलों के अनुसार जोन में बदलाव होगा।