केदारनाथ आपदा के दस साल: मुख्यमंत्री धामी पहुंचे धाम, बाबा की पूजा-अर्चना की

0
235
केदारनाथ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ आपदा के 10 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को केदार धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाबा के दर्शन कर देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने यहां हो रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ की दिव्यता और भव्यता आकर्षक का केन्द्र है। यहां आगे भी कार्य जार रहेंगे। मुख्यमंत्री ने धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य को साल के अंत तक पूरा करने निर्देश दिये।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने केदारनाथ की त्रासदी में हताहत हुए लोगों की शांति और उनकी मुक्ति के लिए हवन कर प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भगवान ईशानेश्वर के दर्शन कर पूजा अर्चना भी की।

मुख्यमंत्री ने हेलीपैड से लेकर मंदिर परिसर तक सभी निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 10 वर्ष पहले केदारनाथ में आई त्रासदी ने सब कुछ बर्बाद कर दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाबा केदार के अनन्य भक्त हैं, बाबा केदार के सच्चे भक्त हैं। आज बाबा केदार की कृपा और प्रधानमंत्री मोदी की इच्छाशक्ति के कारण ही समस्त केदारपुरी क्षेत्र दिव्य और भव्य रूप ले चुका है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए बाबा केदार से उनके स्वस्थ, दीर्घायु होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण का कार्य कर रहे श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हमारे श्रमिक विभिन्न विषम परिस्थितियों में यह कार्य रहे हैं। सभी श्रमिकों का विशेष ख्याल रखा जाए। उन्हें किसी भी परेशानी का सामना ना करना पड़े।

इस मौके बद्रीनाथ केदारनाथ समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, जिला अध्यक्ष भाजपा महावीर पवार, सचिव विनय शंकर पांडे, पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे सहित अन्य उपस्थित थे।