नगर निगम के वार्ड उप चुनाव में बीजेपी को मिली जीत

0
716
ऋषिकेश। नगर निगम के वार्ड नंबर तीन के उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार को जीत मिली है। भाजपा ने यह सीट कांग्रेस से छीनी है।
निवार्चन अधिकारी कैलखुरा ने बताया कि उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार प्रियंका यादव ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के श्यामा को 356 मतों से पराजित कर चुनाव जीता है। उपचुनाव में 1535 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है। कांग्रेस उम्मीदवार श्यामा को 567 मत मिले। आठ लोगों ने नोटा का प्रयोग किया।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम के चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी रीना गुप्ता ने भाजपा उम्मीदवार प्रियंका यादव को  150 मतों से पराजित कर विजय हासिल की थी, लेकिन निर्वाचन आयोग को जाति संबंधी गलत दस्तावेज देने के कारण उन्हें पार्षदी गवानी पड़ी। इसी के चलते यहां उप चुनाव हुआ है।
इस सीट पर नगर निगम के महापौर और कांग्रेस के धुरंधर नेताओं की प्रतिष्ठा जुड़ी थी। यह सीट नगर निगम के मुख्य चुनाव में कांग्रेस की झोली में गई थी, लेकिन हार के चलते कांग्रेस को एक सीट का नुकसान हुआ है। हांलाकि, राजनीतिक दृष्टि से छोटा चुनाव होते हुए भी राज्य में एक बड़ा संदेश दे गया है।