सेना भर्ती में रुद्रप्रयाग के युवाओं ने दिखाया दम

0
590
कोटद्वार, कौड़िया स्थित सेना के विक्टोरिया क्रास गबर सिंह कैंप बलवीर मैदान में सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन की ओर से आयोजित सेना भर्ती के दूसरे दिन रुद्रप्रयाग के युवाओं ने दम दिखाया। इसमें 4292 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।
सेना भर्ती अधिकारी कर्नल विनीत वाजपेयी ने बताया कि भर्ती रैली में रुद्रप्रयाग जनपद के 3614 युवाओं ने प्रतिभाग किया। जिसमें 1600 मीटर दौड़ में 502 युवाओं ने दौड़ में सफलता पाई। कर्नल वाजपेयी ने बताया कि बुधवार को टिहरी की प्रतापनगर और धनोल्टी तहसील के अलावा समूचे जनपद की भर्ती की जायेगी। इसके लिए 4046 युवाओं ने पंजीकरण कराया हुआ है।
उन्होंने कहा कि भर्ती रैली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन से सहयोग मांगा हुआ है। उधर गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों से आये युवाओं में भर्ती रैली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। चिलचिलाती गर्मी में भी उनके हौसले बुलंद हैं। जिन युवाओं की व्यवस्था होटलों और धर्मशालाओं में नहीं हो पाई है वे सड़कों पर ही रात गुजारने को मजबूर है।