ऋषिकेश में सड़कों से हटाया गया अतिक्रमण, चली जेसीबी, दुकानदारों में हड़कंप

0
440

ऋषिकेश। शहर के मार्गों पर हुए अतिक्रमण को लेकर नगर निगम उच्च न्यायालय के आदेश के बाद सोमवार को हरकत में आ गया। नगर निगम नगर ने मुखर्जी मार्ग व लाजपत राय रोड पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर जेसीबी चलायी। अतिक्रमण हटाओ अभियान नगर निगम के सहायक आयुक्त के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ।

नगर निगम के सहायक आयुक्त उत्तम सिंह नेगी की अगुवाई में शुरू हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान का दस्ता सबसे पहले मुखर्जी मार्ग, लाजपत राय मार्ग पर दुकानदारों द्वारा  किये गए अतिक्रमण को जबरन हटा दिया गया। इससे दुकानदारों में खलबली मच गई। उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर अतिक्रमण हटाओ अभियान का विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल होने के कारण वह चाह कर भी कुछ नहीं कर पाए। इस अभियान में नायब तहसीलदार करण सिंह कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज नैनवाल भी शामिल रहे।
 उल्लेखनीय है नगर के आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गुप्ता ने ऋषिकेश में अतिक्रमण को लेकर एक जनहित याचिका दायर की थी। इस पर उच्च न्यायालय द्वारा नगर निगम, पीडब्ल्यूडी ,सिंचाई विभाग तथा हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण को तीन सप्ताह के अंदर जवाब दिए जाने को नोटिस दिया था। इसके बाद नगर निगम हरकत में आया। न्यायालय ने नगर निगम के अलावा सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी, हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अथॉरिटी ने नगर में 3000 से अधिक अतिक्रमण होने की बात स्वीकार कर न्यायालय को अवगत कराया था। न्यायालय ने यह अतिक्रमण हटाए जाने के आदेश दिए थे। लेकिन लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते यह अतिक्रमण हटाओ अभियान रोक दिया गया था। नगर निगम के सहायक आयुक्त उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि यह अभियान 8 सितंबर तक लगातार जारी रहेगा।