व्हीलचेयर बास्केटबॉल इंडिया टीम के लिए साक्षी चयनित

0
1030
ऋषिकेश। देवभूमि उत्तराखण्ड की तीर्थ नगरी ऋषिकेश की दिव्यांग बेटी और व्हीलचेयर बास्केटबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी साक्षी चौहान का चयन व्हीलचेयर बास्केटबॉल इंडिया टीम के लिए हुआ है। मुंबई से रविवार देर रात अपने गृहनगर ऋषिकेश लौटी साक्षी चौहान बहुत खुश हैं।
इससे पूर्व गत जून माह में मुंबई में हुई राष्ट्रीय स्पर्धा में दिव्यांग साक्षी चौहान ने स्वर्ण पदक जीत कर नेशनल स्पर्धा की ट्रॉफी जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया था। बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा साक्षी को बचपन में एक सड़क दुर्घटना में अपना पैर गंवाना पड़ा था। लेकिन साक्षी ने हार नहीं मानी। वह लगातार जीवन संघर्ष करते हुए आगे बढ़ रही हैं। बेहतर प्रदर्शन के बाद साक्षी चौहान का चयन महाराष्ट्र टीम में हुआ था जो देश-विदेश में खेल के क्षेत्र में सशक्त टीम मानी जाती है। पुनः साक्षी का व्हीलचेयर बास्केटबॉल इंडिया इंटरनेशनल चैंपियनशिप टीम में चयन होने से देवभूमि उत्तराखंड राज्य का मान बढ़ा है।
बारह सदस्यों की इस टीम में उत्तराखण्ड की साक्षी चौहान सहित पांच खिलाड़ी महाराष्ट्र, उड़ीसा, तमिलनाडु, कर्नाटक, दिल्ली एवं जम्मू कश्मीर सहित कुल बारह खिलाड़ी सम्मिलित हैं। साक्षी का सपना राष्ट्रीय टीम में खेलकर थाईलैंड में होने वाली आगामी अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर बास्केटबॉल प्रतियोगिता जीतकर देश का नाम दुनिया में रोशन करना है। इसके लिए वह खुद को तैयार कर रहीं हैं। प्रतिभावान खिलाड़ी ने मुंबई में प्रवासी गढ़वालियों की संस्था उत्तराखण्ड महासंघ के द्वारा मुंबई में बेसिक व्हीलचेयर उपलब्ध कराने और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है। साथ ही मुंबई रेंज के डीआईजी रविन्द्र रौतेला द्वारा मुंबई हवाई यात्रा के टिकट खर्च वहन करने पर भी धन्यवाद दिया।
साक्षी ने कहा कि राज्य के लोगों का प्रवास के दौरान मदद करना हमारे राज्य की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का एक बड़ा उदाहरण है। साक्षी चौहान के टीम इंडिया में अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन होने पर सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हर्ष जताया है। इसमें गढ़वाल महासभा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजे नेगी, ज्योति विशेष विद्यालय के संरक्षक महन्त हर्ष वर्धन शर्मा, उत्तराखण्ड बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजीव थपलियाल आदि प्रमुख हैं। गढ़वाल महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद जुगलान ने कहा कि महासभा की ओर से प्रतिभावान महिला खिलाड़ी को बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा।