मशहूर अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने थामा भाजपा का दामन

0
860

प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में हिमानी शिवपुरी को प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति गैरोला, महामंत्री श्री नरेश बंसल, मीडिया प्रभारी डॉ देवेंद्र भसीन आदि की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता दी गई।

 इस मौके पर हिमानी शिवपुरी ने कहा कि उत्तराखंड की होने के कारण हमेशा उनके मन में इस राज्य के लिए कुछ करने की इच्छा रही है। उन्होंने कहा कि मुम्बई में रहने के बावजूद उनका उत्तराखण्ड से सम्बंध बना रहा और कला के माध्यम से वे उत्तराखंड में भी सक्रिय रहीं।उन्होंने भाजपा में आने का कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा की नीतियों को बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति के माध्यम से सेवा करने के अधिक अवसर मिलते हैं क्योकि राजनीति का आयाम बड़ा है। उनका यह भी कहना था कि उत्तराखंड राज्य बने हुए 16 वर्ष हो गए लेकिन राज्य का जितना विकास होना चाहिए था उतना नहीं हुआ।

 उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी  देगी वे उसे पूरा करेंगी। इस अवसर पर महामंत्री श्री नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों से प्रभावित हो कर आज पूरे देश में लोग भाजपा की ओर आकृष्ट हो रहे हैं।  हिमानी शिवपुरी का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि उनके भाजपा में आने से पार्टी को लाभ होगा। हिमानी ने साल 1984 में अब आयेगा मजा नाम की फिल्म से अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद उन्होने पीछे मुड़ के नही देखा। वो परदेस, दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे, अंजाम जैसी सफल फिल्मों में काम कर चुकी हैं। 

 चुनावी माहौल में नेताओं और कलाकारों का पार्टियों में आना जाना कोई नई बात नही है। हिमानी के आने से लंबे समय से भाजपा में महिला नेत्तृत्व की कमी के पूरा होने की उम्मीद पार्टी कर रही है। इसमें कोई संदेह नही है कि हिमानी ने फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है लेकिन राजनीति के मैदान में हिमानी और भाजपा का ये दाँव कितना सफल होता है इन सवालों के जवाब आने वाले चुनाव में ही मिल सकेंगे।