आप के 29 पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल

0
359

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में भाजपा का कुनबा बढ़ने लगा है। मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में राज्य प्रभारी दुष्यंत गौतम की मौजूदगी में 29 आप पदाधिकारी सहित बड़ी की संख्या में कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। यह आप के लिए यह बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है।

मंगलवार को बलवीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजूदगी में आप के 29 पदाधिकारी के साथ ही 70 से ज्यादा लोगों ने आप को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पार्टी में शामिल होने पर सभी का स्वागत किया। शामिल होने वाले में ऋषिकेश, हरिद्वार, रानीपुर, ज्वालापुर से सबसे ज्यादा पदाधिकारी-कार्यकर्ता हैं।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों से प्रेरित होकर लगातार लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी के 70 से ज्यादा लोगों ने पार्टी का दामन थामा है। इन सभी का पार्टी में हार्दिक स्वागत है।

उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि इनके आने से पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी और 2022 में एक बार फिर से मिथक तोड़ कर भाजपा सत्ता में वापसी करेगी।

प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के कामकाज से आमजनों में प्रसन्नता हैं। लगातार दूसरे दलों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। लोगों का मानना है कि भाजपा ही विकास को गति देगी। जिसका लाभ आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में निश्चित मिलेगा।