गडेरा और बासती में 97 परिवार फूड प्वाइजनिंग का शिकार

0
643

नगर पंचायत कपकोट के गडेरा और बासती में आयोजित विवाह समारोह में गुरुवार को भोजन करने के बाद लगभग 97 परिवारों के ग्रामीणों और बच्चों की फूड प्वाइजनिंग से तबीयत बिगड़ गई। जिपं अध्यक्ष के गनर समेत बासती गांव के 6 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बागेश्वर में फूड पाइजनिंग की घटना के बारे में डीएम बागेश्वर से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बीमार लोगों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हेलीकाप्टर द्वारा गम्भीर रूप से बीमार व्यक्तियों को उपचार के लिए हल्द्वानी लाकर भर्ती कराया गया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने कमिश्नर कुमाऊँ को भी जिलाधिकारी बागेश्वर के निरंतर सम्पर्क में रहने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फूड पाइजनिंग से बीमार लोगों को उपचार की हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। डीएम बागेश्वर ने बताया कि बीमार लोगों का बागेश्वर के सरकारी व निजी अस्पतालों में निशुल्क ईलाज किया जा रहा है। गौरतलब है बागेश्वर में एक बारात में खाने से बहुत से लोग फूड पाइजनिंग से बीमार हो गए थे।

वहीं कांग्रेस के किशोर उपाध्यय ने कहा कि, ”सरकार की संवेदनहीनता व लापरवाही की वजह से समय पर प्राथमिक उपचार, हेलिकॉप्टर, एम्बूलेंस आदि न मिलने से बागेश्वर जिले के गड़ेरा व बास्ती गाँवों के विषाक्त भोजन से प्रभावितों की जानें जा रही हैं। दिवंगतों की आत्मा को ईश्वर शान्ति व परिजनों को इस क्षति को सहन करने की शक्ति दें। सभी प्रभावित बीमारों के इलाज की सम्पूर्ण व्यवस्था सरकार का कर्तव्य बनता है। इस घटना में जिनकी जानें गयीं, हर मृतक रू. 25 लाख मुआवज़ा और एक सदस्य आश्रित को योग्यतानुसार पक्की सरकारी नौकरी देने की मैं सरकार से माँग करता हूँ।”