कोरोना के दौरान अफवाहों से बचाने में जुटी महिला पुलिस कर्मी

0
612
पुलिसकर्मी

(पौड़ी) जिले में अफवाहों व साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों पर लगाम कसने के लिए एक महिला पुलिसकर्मी मैदान में डटी हुई है। चाहे कोरोना संक्रमण से संबंधित कोई अफवाह हो या साइबर क्राइम का कोई नया तरीका, इन सब से लोगों को बचाने के लिए महिला पुलिसकर्मी दमयंती हर समय तत्पर रहती हैं। इस महिला पुलिस कर्मी की नजर से न तो कोई अफवाह और न ही साइबर क्राइम कोई नया तरीका बच पाता है। पौड़ी पुलिस की सोशल मीडिया सेल में तैनात इस महिला पुलिस कर्मी की तत्परता का ही परिणाम है कि जहां लोग साइबर ठगी से बच रहे हैं, वहीं अफवाहों से भी दूर हैं।

  • पुलिस मीडिया सेल में कार्यरत महिला आरक्षी दमयंती कर रही हैं लोगों को अफवाहों से अलर्ट
  • फेक न्यूज पर भी रहती है इस महिला आरक्षी की पैनी नजर
  • दो छोटे बच्चों को घर में अकेला छोड़ तैनात रहती हैं ड्यूटी पर
जनपद के लोगों को अफवाहों व साइबर ठगी के नए नए तरीकों से बचाने के लिए जनपद के पुलिस मुख्यालय में सोशल मीडिया सेल का गठन किया गया है। यहां तैनात महिला आरक्षी दमयंती नेगी साइबर ठगों व अफवाहों से लोगों को बचाने के लिए हमेशा सक्रिय रहती है। दमयंती वर्ष 2012 में पुलिस में भर्ती हुई थीं। दमयंती का कहना है वह स्कूल में पढ़ाई के दौरान साइबर ठगी व अफवाहों को लेकर चिंतित रहती थीं। स्कूल के दौरान भी वह लोगों को साइबर ठगी व अफवाहों से बचने के लिए प्रेरित करती थी।
दमयंती कहती हैं कि कई बार सीधे साधे लोग साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं और अपनी जीवन भर की पूंजी गंवा देते हैं। ऐसी घटनाएं सुनकर बड़ा दुख होता है। इसलिए वह पूरा प्रयास करती हैं कि लोगों को साइबर ठगी के प्रति जागरूक किया जाए। जब भी उन्हें साइबर ठगों के किसी नए तरीके के बारे में जानकारी मिलती है तो वह लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए पूरा प्रयास करती है।
लॉक डाउन के दौरान दमयंती कोरोना संक्रमण को लेकर भी अफवाहों पर पूरी नजर रखे हुए हैं। कोई भी अफवाह की जानकारी होने पर वह सोशल मीडिया सेल के माध्यम से लोगों को जागरूक करती है। ड्यूटी के दौरान दमयंती को घर की जिम्मेदारियों से भी दूर रहना पड़ता है। दमयंती अपने दो छोटे बच्चों को घर पर अकेला छोड़ पूरी मुस्तैदी के साथ लोगों को साइबर क्राइम व अफवाह से बचाने मे जुटी हैं। दमयंती के पति भी पुलिस में हैं।