कठिन परिश्रम के बिना कोई भी लक्ष्य संभव नहीं: बसंती

0
722

देहरादून। देहरादून स्थित यूथ फाउंडेशन के डेल्टा कैंप में पहुंची पद्मश्री बसंती बिष्ट ने गढ़वाली में अपने अनुभव यूथ फाउंडेशन की युवतियों से साझा किया। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां किसी मुकाबले में बेटों से कम नहीं हैं। साथ ही फ़ाउंडेशन के संस्थापक कर्नल अजय कोठियाल को उन्होंने देश का गौरव बताया।
मंगलवार को बसंती बिष्ट ने कहा कि जो लड़कियां पहले सिर्फ़ घरों तक सीमित थीं, आज वे आर्मी में भर्ती की तैयारी कर रही हैं। लड़कियों के अंदर कुछ अलग करने की इच्छा शक्ति कर्नल कोठियाल ने जगाई है। उन्होनें यह भी कहा कि आज जहां लोग अपने लिए ही जीते है। अपना भला चाहते हैं। वहां अजय जैसे परोपकारी भी हैं। जिनके लिए ‘परोपकार से बड़ा कोई धर्म नहीं’ है।
यूथ फाउंडेशन की महिला कैडेट्स को प्रेरित करते हुए बसंती ने कहा कि परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को पार करने तक के रास्ते को सुगम बनाया जा सकता है। कठिन परिश्रम के बिना कोई भी लक्ष्य संभव नहीं है। उनका भी लक्ष्य था लोक गायिका बनना और देश का गौरव बढ़ाना। इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। जीवन में बहुत सी बाधाएं भी आयीं लेकिन वह अपने लक्ष्य से हटी नहीं बल्कि आगे बढ़ती गई। भर्ती प्रशिक्षण ले रही लड़कियां एकाग्रता से अपने लक्ष्य को हासिल कर सकती हैं। पद्मश्री बसंती बिष्ट से मिलकर यूथ फाउंडेशन के सभी युवा व युवती कैडेट्स उत्साहित दिखे। सभी कैडेट्स का कहना था कि ऐसी प्रतिभावान व्यक्तित्व की महिला से मिलकर उन्हें बहुत ख़ुशी हुई।