सूबे में बदला मौसम, कई स्थानों पर हुई बारिश

0
552
बर्फबारी

देहरादून। मौसम विभाग की चेतावनी सही साबित हुई। सूबे में गुरुवार सुबह मौसम ने करवट बदलने के साथ ही कई जिलों में हल्की बारिश हुई है। बारिश से तापमान में गिरावट महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी की संभावना है।
गुरुवार सुबह तेज हवा के साथ आसमान में बादलों ने घेरा डाल दिया। बादलों की तेज गरजना के बाद देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी जिलों में हल्की बारिश हुई। हरिद्वार जिले के भगवानपुर और झबरेड़ा क्षेत्र में गन्ने और धान की फसलों को नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी फसल गिर गई है। झबरेड़ा में हल्की ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में बहुत हल्की बारिश और बर्फ पड़ने की संभावना है। 3500 मीटर तथा उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी की संभावना है। राजधानी देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 और 18.5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग विज्ञान केन्द्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया की प्रदेश में कहीं-कहीं विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की संभावना बनी हुई है। शुक्रवार से मौसम सामान्य होने की संभावना है।