उत्‍तराखंड में बदला मौसम, भारी बर्फबारी के साथ तेज बारिश की चेतावनी

0
560

पहले ही शीतलहर व कड़ाके की ठंड से जूझ रहे उत्तराखंड में मौसम के तेवर और तल्ख हो सकते हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत प्रदेश के अधिकतर जिलों में बारिश और मसूरी सहित पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू होगा और यह क्रम दो दिन तक जारी रह सकता है। इसके लिए चेतावनी भी जारी की गई है।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के साथ ही तेज बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल में ओलावृष्टि के आसार भी बन रहे हैं। विशेषकर तीन हजार मीटर से ऊंचे क्षेत्रों में भारी हिमपात की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए चेतावनी भी जारी कर दी है।

प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर बादल छाए रहे। बर्फीली हवा ने परेशानी में और इजाफा किया है। प्रदेश के नौ शहरों में पारा तीन डिग्री सेल्सियस व इससे कम रहा। अल्मोड़ा में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। यहां पारा शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है।

वहीं जोशीमठ और पिथौरागढ़ में यह शून्य के आसपास बना रहा। मैदानी क्षेत्रों में भी करीब-करीब यही हालात हैं। कोहरे ने समस्याओं में इजाफा किया है। इससे ट्रेन और बसों की रफ्तार मंद पड़ रही है। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.6 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मसूरी में ठिठुरन बरकरार 

मसूरी में मौसम ने एक बार फिर करवट ली और आसमान में घने बादल घिर आए। कड़ाके की ठंड की वजह से सड़कों पर गिरा पाला बर्फ में तब्दील हो गया। जिससे दुपहिया वाहनों के रपटने का खतरा बना रहा। निकटवर्ती यमुना और अगलाड़ घाटियों में भी लोग ठिठुरन से परेशान हैं। काश्तकार आसमान की ओर बारिश और अच्छे हिमपात के लिए टकटकी लगाए हुए हैं। वहीं मसूरी पहुंचे पर्यटक भी हिमपात का इंतजार कर रहे हैं।