मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, ओलावृष्टि और आंधी के आसार

0
1378

देहरादून, प्रदेश के मौसम में मंगलवार से एक बार फिर से बदलाव आ सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश में ओलावृष्टि, आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इन दिनों सूबे के मैदानी इलाकों में तेज धूप के चलते गर्मी पड़ रही है। राजधानी देहरादून में रविवार का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि मसूरी का अधिकतम 25.1 डिग्री सेल्सियस तक रहा।

मौसम विभाग विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि, “उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग तथा पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं हल्की वर्षा गरज चमक के साथ होने की संभावना है। जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।” उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल यानी मंगलवार शाम से अगले 48 घंटों में प्रदेश में कहीं-कही आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि तूफान की गति 70 से 80 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। फिलहाल राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह से तेज चटक धूप खिली हुई है। देहरादून का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बारिश-ओलावृष्टि हुई तो जंगलों को फायदा, फसलों को होगा नुकसान
प्रदेश में प्रति वर्ष फायर सीजन में बड़े पैमाने पर वन संपदा आग की भेंट चढ़ जाती है। उल्लेखनीय है कि 15 फरवरी से मानसून आने तक फायर सीजन माना जाता है। इस सीजन अबतक जंगलों में आग लगने की कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। कुछ स्थनों पर छोटी-छोटी घटनाएं जरूर हुई, हालांकि इससे नुकसान भी नाममात्र हुआ है। मौसम के मिजाज से उम्मीद जताई जा रही कि इस अप्रैल माह तक जंगलों में नमी बनी रहेगी और जंगल सुरक्षित रहेंगे। इन दिनों खेतों में गेहूं की फसल पक कर तैयार है, बारिश और ओलावृष्टि हुई तो काश्तकारों को नुकसान हो सकता है। इसका असर आम और लीची के बागों पर भी पड़ सकता है।