देहरादून में हुई झमाझम बारिश, आठ जिलों काे चेतावनी जारी

0
371

देहरादून, उत्तराखंड में बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया है। देहरादून में शुक्रवार तड़के कुछ क्षेत्रों में झमाझम बारिश हाेने से कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। क्लेमेंटटाऊन क्षेत्र में बारिश के कारण कई घरों में पानी घुस गया। आशारोड़ी क्षेत्र में तेज बारिश से लोगों को परेशानी हुई। हालांकि सुबह करीब नौ बजे के बाद मौसम साफ हो गया।

मौसम विभाग विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि, “प्रदेश में अगले पांच दिनों तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। उत्तराखंड के अनेक स्थानों पर हल्की एवं कई स्थानों पर गरज के साथ मध्यम वर्षा हो सकती है। प्रदेश में विशेषकर नैनीताल, पौड़ी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में तेज बारिश के आसार हैं।”
इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है जबकि शनिवार को रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं झमाझम वर्षा होने की संभावना है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। विक्रम ने कहा कि देहरादून, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल जनपदों में भी काफी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने भूस्खलन और आकस्मिक बाढ़ का अंदेशा जताते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश भी जारी किए हैं।
उधर, अल्मोड़ा जिले में गुरुवार शाम को तहसील अल्मोड़ा के अंतर्गत ग्राम चौना पटवारी क्षेत्र दौलाघाट के पास असमानी बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में मुन्नी देवी (45) पत्नी नारायण राम और कुमारी सपना (21) पुत्री हरिराम निवासी ग्राम चौना दौलतघाट अल्मोड़ा की रहने वाली थीं। दोनों खेत में काम कर रही थी। शाम काे गर्जना के साथ आसमानी बिजली गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीण और परिजन दोनों को बेस चिकित्सालय ले गए लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।