प्रधान पति व उपप्रधान एकांतवास केंद्र में रहकर कर रहे प्रवासियों की सेवा

0
537
प्रवासियों
नई टिहरी, देशभर मे गांव लौट रहे प्रवासियों के साथ कई जगह भेदभाव किये जाने की खबर आ रही है। ऐसे में कई जनप्रतिनिधि मिसाल बनकर भी सामने आये हैं। देवप्रयाग ब्लॉक की चपोली गांव की ग्राम प्रधान आशा पंवार, उनके पति विक्रम सिंह व उप प्रधान अर्जुन सिंह इनमें एक हैं। ग्राम प्रधान की प्रेरणा से उनके पूर्व सैनिक पति व उप प्रधान प्रवासियों की सेवा के लिए खुद को दो माह से उनके साथ ही एकांतवास किये हुए हैं। दोनों अपने परिवारों से दूर एकांतवास केंद्र में ही रह रहे हैं।
  • देवप्रयाग के चपोली गांव के जनप्रतिनिधि बने औरों के लिए मिसाल
  • बीते दो माह से प्रवासियों के साथ एकांतवास सेंटर में रहे विक्रम सिंह व अर्जुन सिंह
ग्राम प्रधान आशा पंवार  प्रवासियों से भेदभाव उचित नहीं मानती। उनके मुताबिक कोरोना की मजबूरी के चलते ही प्रवासी गावो को लौट रहे है। ऐसे में उनको लोगों की सहायता व सद्भाव की जरूरत है। इसको देखते उनके पति पूर्व सैनिक विक्रम सिंह पंवार व उपप्रधान अर्जुन पंवार ने गांव लौट रहे प्रवासियों के लिए हर संभव मदद देने का निर्णय किया। अप्रैल के आखिरी हफ्ते से गांव में आने वाले प्रवासियों की सेवा के लिए दोनों स्कूल व पंचायतघर में एकांतवास हो गए।  2 जून तक एकांतवास हुए 110 प्रवासियों  को उनके घरों तक पहुंचा चुके हैं। प्रशासन की ओर से हर प्रवासी को अपने घरों से ही खाना, बिस्तर आदि की व्यवस्था के निर्देश दिये गए हैं लेकिन विक्रम सिंह व अर्जुन सिंह ने प्रवासियों की मुश्किल को देखते हुए स्वयं उनके भोजन व बिस्तर की व्यवस्था की। साथ ही उन्हें सेनिटाइजर, मास्क, साबुन, गलब्स सहित फस्ट एड बॉक्स आदि भी उपलब्ध कराये हैं।
गांववासियों की चिंता करते हुए वह प्रवासियों के सामान व वाहन को भी सेनेटाइज करते हैं। करीब 40 दिनों से अपने परिजनों से दूर रह रहे दोनों लोगों के अनुसार उनका मकसद बाहरी क्षेत्रों से आ रहे अपने प्रवासी भाइयों की पूरी मदद करना व सभी को कोरोना महामारी से बचाना है। प्रवासी लोगों को कोई कष्ट न हो, इसलिए वह दिन रात उनके साथ ही एकांतवास सेंटर में ही रह रहे हैं। कभी कभी दूर खेतों में अपने बच्चों को खड़े देख उनको सेवा करने का हौसला मिलता रहता है। बिना सरकारी मदद के प्रवासी लोगों की सेवा मे जुटे विक्रम सिह व अर्जुन सिंह क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय बने हैं।