दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी की हालत स्थिर

0
475

दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी शनिवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में घायल हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लता मंगेशकर के अलावा हंसल मेहता, नोरा फतेही, रोहित रॉय, नीना गुप्ता, स्वरा भास्कर और सोनाली सहगल जैसे हस्तियों ने शबाना आजमी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। हादसे में कार का ड्राइवर भी घायल हो गया। कार में शबाना के साथ जावेद अख्तर भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें अधिक चोटें नहीं आई हैं। शबाना आजमी की हालत अभी स्थिर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा-‘शबाना आजमी जी के एक दुर्घटना में चोटिल होने की खबर परेशान करनी वाली है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

लता मंगेशकर ने ट्विटर पर लिखा-‘शबाना जी की कार दुर्घटना में चोट लगने की बात सुनकर बहुत बुरा लगा। उनकी शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करती हूं।

डॉक्टरों के अनुसार, शबाना आजमी के सिर में चोट लगी है और रीढ़ की हड्डी मामूली क्षति हुई है। शबाना आजमी को मुंबई के एमजीएम अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। जावेद अख्तर के बेटे फरहान अपनी गर्लफ्रेंड शिबानी दांडेकर और बहन जोया अख्तर के साथ अभिनेत्री शबाना आजमी के अस्पताल में भर्ती होने के कुछ मिनट बाद अस्पताल पहुंचे। तब्बू, टीना अंबानी, अनिल और सुनीता कपूर को अस्पताल में देखा गया।
शबाना आजमी ने शुक्रवार को अपने पति और गीतकार जावेद अख्तर का 75वां जन्मदिन मनाया था। पार्टी में बॉलीवुड जगत के कई सेलेब्स शामिल हुए। प्रख्यात उर्दू कवि कैफी आजमी की बेटी शबान ने 1973 में  एक्टिंग का कोर्स फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ((एफटीआईआई) से की और उनकी पहली रिलीज फिल्म 1974 में श्याम बेनेगल के निर्देशन में बनी ‘अंकुर’ थी। शबाना आजमी को पांच बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, जो एक रिकॉर्ड है। उन्हें पहली बार 1975 में फिल्म ‘अंकुर’, फिर 1983 में ‘अर्थ’, 1984 में ‘खंडहर’, 1985 में ‘पार’ और 1999 में फिल्म ‘गॉडमदर’ के लिए यह अवार्ड मिला। वर्ष 1988 में शबाना आजमी को पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है। शबाना ने साल 1984 में मशहूर लेखक और शायर जावेद अख्तर से शादी की थी। यह शबाना की पहली और जावेद अख्तर की दूसरी शादी थी। जावेद की पहले शादी हनी ईरानी से हुई थी और उनके दो बच्चे जोया अख्तर और फरहान अख्तर हैं।