उत्तराखण्ड राजभवन में 14-15 मार्च को होगा वसंतोत्सव

0
592
देहरादून,  उत्तराखण्ड राजभवन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी वसंतोत्सव 14-15 मार्च, को आयोजित होगी। इस प्रदर्शनी में लगभग दो लाख लोगों की आने की संभावना है। इस मौके पर राज्य की विशिष्ट वनस्पति,पुष्प प्रजाति पर पोस्टल कवर जारी किया जाएगा।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में देहरादून में हर वर्ष आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी वसंतोत्सव की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव में अधिक से अधिक आम लोग शामिल हो इसका पूरा ख्याल रखा जाए। उन्होंने कहा कार्यक्रम प्रातः 9 बजे आयोजित किया जाए जिससे 11 बजे से आम जनता प्रदर्शनी का लाभ उठा सकें। इससे डेढ़ दिन के बजाए दो दिन का समय जनता को मिलेगा।
वसंतोत्सव में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी उत्तराखण्ड की कोई विशिष्ट वनस्पति, पुष्प प्रजाति पर पोस्टल कवर जारी करने का निर्णय लिया गया, वसंतोत्सव में लगभग दो लाख लोगों के आने की उम्मीद है। इसलिए राज्यपाल ने कहा कि आने वालों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाये। वाहनों की पार्किंग साफ-सफाई, पेयजल, फूड स्टाॅल आदि की समुचित व्यवस्था की जाये।
राज्य में पुष्प उत्पादन को मिले प्रोत्साहन 
राज्यपाल ने कहा कि यह प्रदर्शनी पुष्प उत्पादकों के साथ ही खाद्य प्रसंस्करण एवं हस्तशिल्प की दृष्टि से भी लाभदायक होनी चाहिए। वसंतोत्सव के माध्यम से राज्य में पुष्प उत्पादन को प्रोत्साहन मिलना चाहिये। राज्यपाल ने सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध का उल्लेख करते हुए कपड़े के थैलों के स्टाॅल लगाने के निर्देश भी दिए। राज्यपाल ने कहा कि स्टाॅल लगाने वाले सभी विभाग ऐसे उत्पादों, गतिविधियों का प्रदर्शन करें जिनसे लोगों को सीधा लाभ हो। पिछले साल लगभग 30 विभागों के स्टाॅल लगे थे।
स्कूली बच्चों और आपदा प्रबंधन पर हो कार्यक्रम 
राज्यपाल ने इस वर्ष स्कूली बच्चों के लिये आपदा प्रबन्धन और स्वयं को सुरक्षित रखने सम्बन्धी सजीव प्रदर्शन की व्यवस्था करने के साथ ही संस्कृति विभाग को उत्तराखण्ड की लोक कला एवं संस्कृति पर आधारित गुणवत्ता युक्त कार्यक्रम निर्धारित करने को कहा।
पुष्पों के वर्गीकरण को बनाया जाएगा युक्तिसंगत
कट फ्लाॅवर श्रेणी सहित अन्य श्रेणियों में पुष्पों के वर्गीकरण को और अधिक युक्तिसंगत तथा चुनौतीपूर्ण बनाने पर भी विचार विमर्श हुआ। जरबेरा, कारनेशन, ग्लैडियलस, अगापैन्थस, आर्किड, मैरीगोल्ड, लिली, क्रिसेन्थेमस, ट्यूलिप, आदि पुष्प प्रमुखता से प्रदर्शन में रहेंगे। प्रतियोगिता श्रेणी में कट फ्लावर, पाॅटेड प्लाण्ट, लूज फ्लाॅवर, हैंगिंग पाॅट, आन स्पाॅट फोटोग्राफी, फ्रेश पीटल रंगोली, स्कूली बच्चों के लिये चित्रकला प्रतियोगिता आदि प्रमुख है।