हरिद्वार में सर्वेक्षण करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमला

0
559
कोरोना
file
भगवानपुर थाना क्षेत्र के मक्खनपुर गांव में परिवार सर्वेक्षण के लिए पहुंची  स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ  ग्रामीणों द्वारा बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है।  ग्रामीणों ने इस दौरान अभिलेख भी  फाड़ डाले। इस मामले में एक महिला कार्यकर्ता चोटिल हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपित फरार हो गये। जानकारी मिलने पर सीएमओ व सीओ मंगलौर गांव में पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग की टीम से मामले की जानकारी जुटाई। मामले को लेकर पुलिस को तहरीर दी गयी है।। पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिलाओं समेत डेढ़ दर्जन से अधिक आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
– महिलाओं समेत डेढ दर्जन से अधिक आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
– सीएमओ व सीओ ने सीएचसी पहुंचकर पीड़ितों से जुटाई जानकारी
भगवानपुर थाना क्षेत्र के मानक मजरा गांव में करोना पॉजिटिव मरीज पाए गए थे। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने इस गांव के आसपास चार  किलोमीटर के दायरे में बारीकी से सर्वेक्षण कराना शुरू किया था। इस सर्वेक्षण में सभी घरों की तमाम जानकारी ली जा रही है। इसे लेकर सोमवार दोपहर डॉ अंजू चौहान के नेतृत्व में  स्वास्थ्य विभाग की एक टीम मक्खनपुर गांव में एक ग्रामीण के घर पहुंची।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार की महिलाओं से जरूरी जानकारियां लेनी शुरू की।  अभी  परिवार के सदस्यों के नाम लिखे ही गए थे कि परिवार की एक महिला घर के अंदर से पेन लेकर आई और अभद्रता करते हुए रजिस्टर में लिखे नाम काट दिए और छीना झपटी शुरू कर दी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के अनुसार आरोपित पक्ष की महिला ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और अभिलेख फाड़ दिए गए। छीना झपटी के दौरान टीम में शामिल आंगनवाड़ी कार्यकत्री  चोटिल हो गयी।   स्वास्थ्य विभाग की टीम का नेतृत्व कर रही डॉ अंजू चौहान ने बताया कि सर्वेक्षण करते समय जानकारी देने में परिवार की महिलाएं विरोध कर रही थीं। जबरन अभिलेख भी फाड़ दिए गए, जिसकी सूचना विभाग के अधिकारियों व पुलिस को दे दी गई है।  घटना की सूचना मिलते ही  सीएमओ  डॉ सरोज नैथानी व सीओ मंगलौर  डीएस रावत  भगवानपुर पहुंचे  और  पीड़ित स्वास्थ्य विभाग कर्मियों से जानकारी जुटाई।
सीएमओ डॉ सरोज नैथानी ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा टीम के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई है। थाना अध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया की तहरीर के आधार पर अब्दुल वहाब ,गुलशेर, ईशा समेत डेढ़ दर्जन से अधिक आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों में कई महिलाएं भी हैं।