उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड, अल्मोड़ा में पारा शून्य से नीचे

0
502
उत्तराखंड
उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है लेकिन कोहरा और पाला पड़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के अल्मोड़ा और चम्पावत जिलों में पारा शून्य से नीचे लुढ़क गया है। पूरा सूबा कड़ाके की शीतलहर की चपेट में है।
राजधानी देहरादून में बुधवार को चमकदार धूप होने के कारण अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ लेकिन शाम होते-होते शीतलहर चलनी शुरू हो गई। नतीजतन, रात को कोहरा छाने और ठंडी हवा चलने के कारण गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में बीती रात इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। आज की रात पारा और गिरने तथा ठंड और बढ़ने का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में शीतलहर के हालात बन सकते हैं। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ऊधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अल्मोड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री और चम्पावत में शून्य से 2.5 डिग्री नीचे रिकार्ड किया गया। टिहरी का न्यूनतम तापमान 2.6, हरिद्वार 7.9, पिथौरागढ़ 0.5, मुक्तेश्वर 1.8, मसूरी 3.1 और नैनीताल 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले कुछ दिन मौसम इसी तरह सर्द बना रहेगा। तापमान में और गिरावट होने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और पर्वतीय इलाकों में पाला बढ़ने के आसार हैं।