उत्तराखंडः मास्क न पहनने पर 3 लाख लोगों पर कार्रवाई, लाॅकडाउन के उल्लंघन में वसूला 15 करोड़ जुर्माना

0
803
उत्तराखंड
file
उत्तराखंड में कोरोना काल में अब तक मास्क न पहनने पर तीन लाख लोगों पर कार्रवाई की गई है और लॉकडाउन के उल्लंघन में करीब 15 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) अशोक कुमार ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि लाॅकडाउन के उल्लंघन में प्रदेश में अभी तक शारीरिक दूरी के उल्लंघन पर 49,852, मास्क न पहनने पर 3,03,448, क्वारंटाइन का उल्लंघन करने पर 942, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने पर 212 व्यक्तियों पर अभियोग पंजीकरण और चालान की कार्रवाई की गई है और कुल 4779 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। साथ ही पुलिस एक्ट के अन्तर्गत 2 करोड़, एमवी एक्ट के अन्तर्गत 9 करोड़, डीएम एक्ट व महामारी विनियमावली के अन्तर्गत 4 करोड़ कुल 15 करोड़ रुपये का संयोजन शुल्क या जुर्माना वसूला गया।
एहतियातन अभी तक 4,646 पुलिसकर्मियों को क्वारन्टाइन किया गया, जिसमें से क्वारन्टाइन अवधि पूर्ण करने के पश्चात 4,041 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर वापस आ चुके हैं। साथ ही 1,121 पुलिसकर्मी कोरोना पाॅजीटिव पाए गए, जिसमें से 765 पुलिसकर्मी स्वस्थ हो गए हैं और 623 पुलिसकर्मी वापस ड्यूटी करने लगे हैं। अभी तक 11,738 पुलिसकर्मियों का कोविड-19 टेस्ट कराया गया है।