शेर सिंह गड़िया को बीसूका और विनय रोहिला को राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष का दायित्व

0
427
आइएएस
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मंगलवार को कपकोट (जिला बागेश्वर) के पूर्व विधायक शेर सिंह गड़िया को राज्य स्तरीय बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति का उपाध्यक्ष तथा ऊधम सिंह नगर के विनय रोहिला को राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा है। इन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर दर्शन रावत ने दी।
रावत ने बताया कि इसके साथ ही अनिल नौटियाल, पूर्व विधायक कर्णप्रयाग, उपाध्यक्ष, उत्तराखंड औषधीय पादप बोर्ड, संजय सहगल, हरिद्वार को उपाध्यक्ष राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार एवं अनुश्रवण परिषद, राजपाल सिंह रावत देहरादून उपाध्यक्ष प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अनुश्रवण परिषद, गोविन्द पिल्खवाल, अल्मोड़ा को उपाध्यक्ष उत्तराखंड चाय विकास बोर्ड, जगवीर सिंह भण्डारी, उत्तरकाशी को उपाध्यक्ष राज्य बागवानी बोर्ड, तरुण बंसल हल्द्वानी को उपाध्यक्ष राज्यस्तरीय उद्योग मित्र परिषद,  संजय नेगी, टिहरी गढ़वाल को उपाध्यक्ष उत्तराखंड अन्य पिछडा वर्ग आयोग, सुरेन्द्र मोघा, ऋषिकेश को उपाध्यक्ष समाज कल्याण योजना अनुश्रवण समिति का दायित्व सौंपा गया है। इन सभी को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) जयवीर सिंह नेगी को सलाहकार, मुख्यमंत्री, सैन्य एवं सीमांत क्षेत्र सुरक्षा बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी दायित्व धारकों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और कुशलता के साथ निर्वहन करेंगे। उनके अनुभवों का लाभ प्रदेश को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों व जनहित में किए गए कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की भी अपेक्षा की है।