उत्तराखंड में बेटियां निरंतर छू रही आसमान:अनुकृति

0
823

देहरादून। बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कर रही हैं। फैशन की बात हो या फिर तकनीकि की। बेटियां निरंतर हर दिशा में अपना ही नहीं बल्कि अपने प्रदेश और देश दोनों का नाम रोशन कर रही हैं। यह बात मिस इंडिया ग्रैंड 2017 अनुकृति गुसाईं ने कही। अनुकृति मिस्टर एंड मिस देहरादून कॉन्टेस्ट में बतौर सेलेब्रिटी जज हिस्सा ले रही हैं। कॉन्टेस्ट का फिनाले आज आयोजित होगा।

फाइव फेसेस की ओर आयोजित हो रहे मिस्टर एंड मिस देहरादून के ग्रैंड फिनाले में बतौर जज शामिल होने आई अनुकृति गुसाईं प्रतियोगिता की पूर्व संध्या में पत्रकारों से मुखातिब हुई। अनुकृति ने कहा कि प्रदेश में बेटियों की स्थिति निरंतर बेहतर हो रही है। समाज की विचारधारा में भी बदलाव आ रहा है। मानसिकता पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश भले ही अपराध की स्थिति में अन्य राज्यों से बेहतर हो। लेकिन लोगों की बेटियों के प्रति मानसिकता अच्छी नहीं है। उन्होंने कहा कि अपनी बेटियों को बेटा कहकर पुकारने की पंरपरा अच्छी नहीं है। इससे बेटियों की क्षमताओं पर ही सवाल खड़े होते हैं। बेटियों को बेटी से पुकारना ही उसकी मजबूत स्थिति का परिचायक है।
अनुकृति ने निसंकोच कहा नारियों की कमजोर स्थिति के लिए सिर्फ पुरूषों को भी दोष देना उचित नहीं है। क्योंकि उन्हें अपने अधिकारों के लिए स्वयं आगे आना होगा। पुरूष, महिलाओं के हकों के लिए नहीं लड़ेंगे। उन्होंने माना कि उत्तराखंड की महिलाएं कम जागरूक हैं।
अनुकृति गुसाईं ने कहा कि वह प्रदेश की नारियों एवं बेटियों को सशक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाएंगी। बताया कि इस पर उनकी मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ वार्ता चल रही है। जल्द ही वह इस कार्यक्रम को सार्वजनिक करेंगी।
फाइव फेसेस की ओर से आयोजित होने वाले लोकप्रिय कांटेस्ट मिस्टर एंड मिस देहरादून का ग्रांड फिनाले रविवार को हरिद्वार रोड स्थित होटल सॉलीटेयर में होगा। फाइव फासेज की निदेशक श्वेता चौधरी ने बताया कि ग्रैंड फिनाले में अनुकृति गुसाईं के साथ राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में अपना नाम शामिल करने वाली 80 वर्षीय प्रकाशो देवी यानि ‘शूटर दादी’ और विश्व पटल पर डबल ट्रैप शूटिंग में सिल्वर मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला सीमा तोमर बतौर जज शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि पूरा कॉन्टेस्ट बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को समर्पित है। इसी को देखते हुए शो में एक खास राउंड अनाथ बालिकाओं के लिए रखा गया है। शो रविवार शाम चार बजे शुरू होगा। चार राउंड की प्रतियोगिता के बाद विजेताओं की घोषणा की जाएगी। प्रैस वार्ता में निदेशक विनायक शर्मा, तुषार रस्तोगी, जैज पुश्कल सोनी, विभोर गुप्ता, तुषार चौधरी आदि मौजूद रहे।