उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष मैखुरी की कोरोना से मौत

0
729
अनुसूया प्रसाद मैखुरी
उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. अनुसूया प्रसाद मैखुरी का शनिवार को यहां निधन हो गया। वह कोरोना संक्रमित थे। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
कुछ दिन पूर्व मैखुरी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। उसके बाद उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। कोरोना के कारण उनकी दोनों किडनी फेल हो गई थीं। डॉक्टर मैखुरी लोकप्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे और कांग्रेस में लंबे समय तक उन्होंने राजनीति की। डॉ. अनुसूया प्रसाद मैखुरी के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने गहरा शोक प्रकट किया और इसे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कर्णप्रयाग से दो बार विधायक रहे डॉ. अनुसूया प्रसाद मैखुरी मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के धनी थे। संसदीय कार्य के ज्ञाता रहे स्वर्गीय मैखुरी ने जीवन पर्यंत आध्यात्म से ओतप्रोत होकर सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में अपना प्रतिभाग किया। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही के रूप में उन्होंने जीवन पर्यंत कार्य किया। विधानसभा अध्यक्ष ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि स्वर्गीय मैखुरी ने 2012 से 2017 के बीच में उत्तराखंड विधानसभा में उपाध्यक्ष की भूमिका में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया ।
उधर, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह व अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. अनुसूया प्रसाद मैखुरी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।