उत्तराखंड की दीक्षा यूपीएससी परीक्षा में 19वीं रैंक की हासिल

    0
    315

    सिविल सेवा परीक्षा 2021 परीक्षा में उत्तराखंड के पिथौरागढ़ निवासी दीक्षा जोशी ने 19वीं रैंक हासिल की है। दीक्षा जोशी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी की पुत्री हैं। दीक्षा की इस सफलता पर घर में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष सहित प्रदेश भर के लोग दीक्षा और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दे रहे हैं।

    यूपीएससी में 19वीं रैंक के साथ शानदार सफलता पाने वाली दीक्षा की इंटर तक की पढ़ाई पिथौरागढ़ के मल्लिकार्जुन स्कूल से हुई है। उच्च शिक्षा उन्होंने देहरादून से ग्रहण की है। वर्तमान में वह एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। दीक्षा ने अपने पहले प्रयास में सफलता हासिल की है।

    दृढ़ संकल्प और कर्मनिष्ठा का प्रतिफल-

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीमांत जनपद पिथौरागढ़ निवासी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी की सुपुत्री डॉ.दीक्षा जोशी को यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2021 में 19वीं रैंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन करने पर ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने आगे लिखा है कि यह आपके अथक परिश्रम, दृढ़ संकल्प और कर्मनिष्ठा का प्रतिफल है। आपने इस लक्ष्य को प्राप्त कर सम्पूर्ण देवभूमि को गौरवान्वित किया है।

    दीक्षा जोशी ने उत्तराखंड का देश में किया नाम ऊंचा-

    विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने सिविल सेवा परीक्षा 2021 में सफल घोषित उम्मीदवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी की सुपुत्री दीक्षा जोशी ने उत्तराखंड का देश में नाम ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि यह गौरवशाली उपलब्धि उत्तराखंड की बेटी के कठोर परिश्रम,अटूट ध्येयनिष्ठा और धैर्य का प्रतिफल है।