उत्तराखण्ड कांग्रेस ने 17 नेताओं को किया निष्कासित

0
543

देहरादून, कांग्रेस ने स्थानीय नगर निकाय चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल 17 नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही अन्य लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया है अगर संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना ने बताया कि अनुशासन समिति द्वारा जिला कांग्रेस कमेटियों एवं प्रत्याशियों से मिली शिकायतों के उपरान्त पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने व पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर निष्कासित किया गया है।

सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि, “देहरादून के वार्ड 41 से टिवंकल अरोड़ा एवं रेखा अरोड़ा, जबकि ऋषिकेश के वार्ड 17 से दीप शर्मा, वार्ड 10 से योगेश शर्मा, वार्ड 11 से विकास अग्रवाल वार्ड 01 से पुष्पा मिश्र एवं तारा शाह, वार्ड 4 से अजय शर्मा वार्ड 6 से चेतन चैहान, वार्ड 13 से मीनाक्षी बिरल, वार्ड 26 से ममता रमोला, वार्ड 29 से गुरविन्दर सिंह, वार्ड 24 से निशा भण्डारी, मधु मिश्रा, नवीन नौटियाल, राघवेन्द्र भटनागर तथा नगर पंचायत, लण्ढौरा से शहजाद खान को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है।” 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक अनुषासित संगठन है तथा इसमें यदि अनुषासनहीनता होती है तो उसे कतई सहन नहीं किया जायेगा तथा जो भी पार्टी अनुशासन को तोड़ेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।