उत्तराखंड के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बंशीधर भगत कोरोना पॉजिटिव

0
522
बंशीधर भगत
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तराखंड प्रदेशाध्यक्ष बंशीधर भगत कोरोना संक्रमित हो गए हैं। यह जानकारी उन्होंने खुद ही आज ट्वीटर के माध्यम से दी है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने आज सुबह ट्वीट के माध्यम से यह जानकारी सार्वजनिक करते हुए कहा, “मेरा कल कोरोना वायरस के लिए परीक्षण किया गया, जिसमें मेरी परीक्षण रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।” उन्होंने कहा, “मैं सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं, पिछले सप्ताह में मेरे सम्पर्क में जो भी आए हैं, वे कृपया परीक्षण करवा लें। आप सभी के आशीर्वाद से पुनः आपके बीच जल्द ही लौटूंगा।”
उल्लेखनीय है कि इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के स्टॉफ के दो कार्मिक चार दिन पहले कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे। उसके बाद से मुख्यमंत्री और उनका स्टॉफ सेल्फ क्वारंटाइन में है। मसूरी के विधायक गणेश जोशी भी इन दिनों सेल्फ क्वारंटाइन में हैं।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय दो दिन के लिए बंद
भाजपा प्रदेश मुख्यालय को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। इस आशय की जानकारी पूर्व कार्यालय सचिव एवं मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी ऊर्वा दत्त भट्ट ने दी। कार्यालय के बाहर एकत्र मीडियाकर्मियों को शनिवार को जानकारी देते हुए भट्ट ने कहा कि अध्यक्ष बंशीधर भगत के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद भाजपा के प्रदेश कार्यालय को दो दिनों के लिए सील कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए कार्यालय को बंद दिया गया है।
देहरादून में बलबीर रोड पर भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश कार्यालय है। प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का यहां निरंतर आना-जाना लगा रहता है। देहरादून ही नहीं प्रदेशभर से कार्यकर्ता कार्यालय में प्रतिदिन आते रहते हैं। प्रदेश अध्यक्ष के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर फिलहाल कार्यालय बंद कर दिया गया है। किसी को भी कार्यालय जाने की इजाजत नहीं है।
भगत के सहभोज में 21 अगस्त को शामिल हुए थे दिग्गज
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत और उनके  पुत्र विकास भगत को कोरोना होने की पुष्टि  के बाद 21 अगस्त को उनके सहभोज में शामिल नेताओं की चिंता बढ़ गई है।  भगत ने 21 अगस्त को यमुना कालोनी स्थित सरकारी आवास में गृह प्रवेश पर सहभोज का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कुछ मंत्री और पत्रकार भी मौजूद थे।
इतना ही नहीं राष्ट्रीय महामंत्री संगठन शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, पार्टी के प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मीडिया प्रभारी व कई अन्य नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की। इसके बाद भगत ने 24 अगस्त को मीडियाकर्मियों को सहभोज के लिए आमंत्रित किया। इसी आयोजन के दौरान उन्होंने विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन की पार्टी में वापसी कराई थी। दोनों कार्यक्रमों में शारीरिक दूरी का पालन किया गया था। सभी अतिथि आयोजन में मास्क लगाकर पहुंचे थे।