हमने इस चुनाव में प्रधानमंत्री की लोकप्रियता से चौका मारा : प्रह्लाद जोशी

0
297
प्रह्लाद

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और उत्तराखंड के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हमने इस चुनाव में प्रधानमंत्री की लोकप्रियता से चौका मारा है। दो तिहाई बहुमत से जीत के साथ भाजपा ने इतिहास रचा है।

  • ये पुष्कर सिंह धामी की मेहनत का फल है : प्रह्लाद
  • देवतुल्य जनता को धन्यवाद, जिन्होंने भाजपा पर विश्वास किया : धामी
  • भाजपा ने रचा इतिहास, जीत के रुझानों के साथ जश्न शुरू

इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और वे ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाच गा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता रंगों से एक-दूसरे को रंग रहे हैं।

चुनाव प्रभारी जोशी ने कहा कि यह नया इतिहास बना है । उत्तराखंड निर्माण के बाद अभी तक कोई भी पार्टी दोबारा सत्ता में नहीं आई थी। ये पुष्कर सिंह धामी की मेहनत का फल है। जनता के लिए सभी घोषणाएं पूरा करने के लिए हम पहले से अधिक काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ ही महीने में उत्तराखंड के विकास के लिए मुख्यमंत्री धामी के काम को जनता ने पसंद किया है।

उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा को जीत दिलाने के लिए राज्य की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि देवतुल्य जनता ने भाजपा पर विश्वास किया।

भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि चुनौती को स्वीकार कर मुख्यमंत्री धामी ने कार्य किया। साथ ही कहा कि यह परिणाम लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में संदेश है। महासचिव विजयवर्गीय ने कहा कि यूक्रेन-रूस की लड़ाई के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी ने देश ही नहीं, विश्व की नेतृत्व क्षमता को भी साबित किया है ।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद भाजपा ऐसी पार्टी बन गई है, जो प्रदेश में दूसरी बार सरकार बनाने जा रही है। भाजपा की जीत के रुझानों के साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जोश दिखाई देने लगा था। प्रदेश के तेरह जिलों की 70 विधानसभा सीटों के जैसे-जैसे चुनाव परिणाम आने शुरू हुए, भाजपा के कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ता गया। दोपहर बाद के रुझानों में पार्टी के तेजी से बढ़ते जाने पर उनके जोश में भी जबरदस्त बढ़ोत्तरी होने लगी। वे रंग-अबीर और ढोल नगाड़ों के साथ अपनी खुशी का इजहार करने लगे ।