किसानों और व्यवसायियों के आत्महत्या के विरोध में उक्रांद ने फूंका सरकार का पुतला

0
643

गोपेश्वर,  उत्तराखंड क्रांति दल चमोली ने गुरुवार को गोपेश्वर के मुख्य चौराहे पर किसानों व व्यवसायियों के आत्महत्या किए जाने के विरोध में उत्तराखंड सरकार का पुतला फूंका। गोपेश्वर में जुलूस निकाला। उक्रांद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौराहे पर सरकार का पुतला फूंकते हुए कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार के जमाने में किसान व व्यवसायी आत्महत्या के लिए मजबूर हो रहे हैं।

राज्य सरकार सभी मोर्चों पर विफल होती नजर आ रही है। राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। जनता बेकारी और बेरोजगारी का दंश झेल रही है और सरकार मौन बैठी है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर आरोप लगाया कि बेकारी और नोटबंदी से व्यवसायियों को आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है। जिसे उक्रांद बर्दाश्त नहीं करेगा और इसके लिए वृहद रणनीति के तहत आंदोलन किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में जिलाध्यक्ष अब्बल सिंह भंडारी, सत्य प्रकाश सेमवाल, चरण सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।