बीजापुर डेरी फार्म पुल पर आवाजाही पर रोक, वैकल्पिक मार्ग खोले गए

0
441

देहरादून,  मसूरी विधायक गणेश जोशी ने बुधवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों संग कैंट क्षेत्र में बीजापुर से डेरी फार्म होते हुए जैंतनवाला जाने वाले मार्ग पर बने पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के तुरन्त बाद प्रशासन के अग्रिम आदेशों तक इस पुल से आवाजाही पर रोक लगा दी।

विधायक जोशी ने कहा कि पुल का निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है और 22 दिनों के भीतर वैली ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही नए पुल का कार्य भी जारी रहेगा। घट्टीखोला पुल पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग खोले गए हैं। बुधवार को विधायक गणेश जोशी, जिला प्रशासन, सैन्य अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों संग मौके पर पहुंचे। विधायक जोशी ने मसंदावाला विलासपुर काड़ली मार्ग को तत्काल बनाये जाने को लेकर भी निर्देश दिया। लोनिवि ने इस मार्ग को अगले तीन दिनों में बनाए जाने की बात कही।

मसूरी विधानसभा क्षेत्र के लगभग दस से अधिक गांव पुल टूटने से परेशानी में हैं और डेरी फार्म पुल के क्षतिग्रस्त होने से और अधिक परेशानी उत्पन्न हो गयी है। इस दौरान डीएफओ देहरादून राजीव धीमान, एसडीएम सदर प्रत्यूश सिंह, मुख्य अभियंता गढ़वाल आरके गोयल, एसई आरके अग्रवाल, ईई जगमोहन सिंह चौहान, कर्नल क्यू सब एरिया एसके मल्हौत्रा, एडम कमाण्डेट वीरेन्द्र सिंह, दीपक पुण्डीर, अनुज रोहिला,गजियावाला ग्राम प्रधान राकेश शर्मा, गणेश शर्मा, हरियावाला ग्राम प्रधान खुर्द नैन सिंह पंवार सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।