राजनीति: तोगड़िया ने मोदी सरकार पर जमकर बोला हमला

0
645

(देहरादून) अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान राम के सहारे सत्ता हासिल करने वाले अब उनके मंदिर निर्माण की ही बात भूल गई। कल तक कश्मीर के हिंदुओं के लिये रोते थे, अब पाकिस्तानी जिहादियों को रमजान में गोली न लगे, इस बात की चिंता करते हैं। पत्थरबाजों के मुकदमे वापस लेते हैं। हिंदु समाज का खोया वैभव वापस पाने के लिए यह सरकार बनवाई थी। न राम मंदिर का निर्माण हुआ और न ही रामराज्य आया। उम्मीद थी कि देश में बेरोजगारी, अशिक्षा, भुखमरी, बलात्कार की घटनाओं को नियंत्रित करने के साथ यह सरकार राम मंदिर का निर्माण कर रामराज्य लाएगी। पर न राम मंदिर का निर्माण हुआ और न ही रामराज्य आया।
सुभाष रोड स्थित वेडिंग प्वाइंट में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्तासीन भाजपा सरकार को भूलने की गंभीर बीमारी लग गई है। वह किसानों को भूल गए हैं, नौजवान, गृहणियों की पीड़ा, कश्मीरी पंडितों का दर्द और सीमा पर तैनात जवानों को भूल गए हैं। यहां तक की खुद के सिद्धांत भी भुला दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव के पहले तक मंदिरों से प्रेम था, लेकिन सत्ता में आने के बाद वह मस्जिदों में सजदा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद वह कभी अयोध्या नहीं गए। भाजपा को करोड़ों हिंदुओं ने वोट किया पर बहुमत मिलते ही वह मुस्लिम महिलाओं की हितैषी बन तीन तलाक पर कानून बना रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ण बहुमत पाने के बाद कोर्ट के आदेश का इंतजार होने लगा। अगर राम मंदिर कोर्ट के आदेश से ही बनना था तो राम मंदिर आंदोलन की क्या जरूरत थी। यदि कोर्ट से ही फैसला होना था तो सुप्रीम कोर्ट से रथयात्रा निकालनी थी, सोमनाथ मंदिर से नहीं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार डबल स्टैंडर्ड अपना रही है। सरकार एससी-एसटी पर कानून ला सकती है पर राम मंदिर पर नहीं। तोगडिय़ा ने कहा कि देश मे 19 करोड़ लोग भूखे सोते हैं, 10 करोड़ युवा बेरोजगार हैं शिक्षा निम्न वर्ग की पहुंच से दूर हो गई है। किसान कर्ज तले दबा है और तीन लाख किसान अब तक आत्महत्या कर चुके हैं। ऐसे में सरकार हम मोर्चे पर विफल रही है। उसे जगाने के लिए 21 अक्टूबर को लखनऊ से अयोध्या कूच किया जाएगा।
कांग्रेस मुक्त या कांग्रेस युक्त
तोगडिय़ा ने भाजपा के भारत को कांग्रेस मुक्त करने की बात पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि देश को कांग्रेस मुक्त करते-करते पार्टी आज कांग्रेस युक्त हो गई है। उत्तराखंड की ही बात करें तो यहां भी पांच मंत्री पूर्व कांग्रेसी हैं। भाजपा आखिर जा किस ओर रही है।