आस्था और उल्लास से मनाया गया हरियाली तीज का पर्व

0
1274
ऋषिकेश,  तीर्थ नगरी ऋषिकेश में हरियाली तीज का त्योहार आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। शनिवार को सोलह श्रृंगार कर नवविवाहिताओं ने भगवान शिव और मां गौरी का पूजन कर पति की दीर्घायु की कामना की। इस दौरान घर-घर में पकवान बनाए गए।
हरियाली तीज को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियों का दौर जारी हो गया। सुहागिन महिलाओं ने सोलह श्रृंगार किए। हरे रंग के परिधानों और चूड़ियां पहनकर मिट्टी से गौर बनाईं और फिर पूरे मनोयोग से माता गौरी और देवाधिदेव महादेव का पूजन हल्दी और चावल आदि सामग्री से किया। इस दौरान महिलाओं ने पूड़ी और पुआ का भोग भी मातारानी को लगाया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धानुसार 7, 11 और 21 पूड़ियां मंसी गईं। पर्व पर शाम को घरों में गीत और मल्हारें भी गाई गईं। महिलाओं ने नाचते झूमते हुए मल्हार और सावन के गीत गाए।
श्यामपुर में आयोजित हरियाली तीज में क्षेत्र की महिलाएं जमकर थिरकी। इस अवसर पर महिलाओं व बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेशकर समा बांधा। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रही प्रीति शर्मा के सर पर तीज क्वीन का खिताब सजा।
श्यामपुर खदरी के पूर्व प्रधान सुनीता रावत ने हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया। मुख्य अतिथि टिहरी प्रतापनगर के पूर्व विधायक ने तीज महोत्सव को महिलाओं की मनोकामना पूर्ण करने वाला उत्सव बताया। अतिविशिष्ठ अतिथि ऋषिकेश नगर निगम की महापोर अनिता ममगाई ने महिलाओं को सभी को सफल दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी।
हरिद्वार, में श्री वैश्य बंधु समाज मध्य क्षेत्र की महिला विंग की सदस्यों ने तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया, आयोजित तीज महोत्सव में महिलाओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिलाओं ने सावन के गीतों पर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
कार्यक्रम संयोजिका पिंकी अग्रवाल और हेमलता सिंघल ने कहा कि, “तीज पर्व महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देता है। महिलाएं एकजुट होकर इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ वर्षों से मनाती चली आ रही हैं। महिलाओं ने मेहंदी, गायन, नृत्य एवं क्विज प्रतियोगिता में भाग लिया।”