स्विस बैंकों ने दी भारतीय खाताधारकों की जानकारी

0
392
नई दिल्‍ली/बर्न,  स्विस बैंकों ने अपने यहां धन रखने वाले भारतीयों के खातों से संबंधित जानकारियां भारत को सौंप दी हैं। स्विट्जरलैंड ने स्‍वचालित व्‍यवस्‍था के तहत इस महीने कुछ जानकारियां भारत को पहली बार उपलब्ध कराई हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इन जानकारियों में स्‍विस खाताधारकों की पहचान तय करने के लिए पर्याप्त सामग्री उपलब्ध है।
सूत्रों के अनुसार भारत को मिले पहले दौर की सूचनाओं के विश्लेषण की तैयारी चल रही है। इनमें खाताधारकों की पहचान करने के लिए पर्याप्त मात्रा में सामग्री उपलब्ध होने का अनुमान है। बैंकों और नियामकीय संस्थाओं के अधिकारियों ने बताया कि ये सूचनाएं मुख्यत: उन खातों से जुड़ी हैं, जिन्हें खाताधारकों ने कार्रवाई के डर से पहले ही बंद करा दिया है।
इस बारे में बैंक अधिकारियों ने कहा कि स्विट्जरलैंड सरकार के निर्देश पर वहां के बैंकों ने डेटा इकट्ठा कर भारत को सौंपा है। इसमें हर उस बैंक खातों में लेन-देन का पूरा विवरण दिया गया है, जो साल 2018 में एक भी दिन सक्रिय रहे हों।
उन्होंने कहा कि ये डेटा इन खातों में अघोषित संपत्ति रखने वालों के खिलाफ ठोस मुकदमा तैयार करने में सहायक साबित हो सकता है। इसमें जमा, हस्तांतरण, प्रतिभूतियों और अन्य संपत्ति श्रेणियों में निवेश से प्राप्त इनकम की पूरी जानकारी दी गई है।